1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. उत्तराखंड में बीजेपी विधायक ने उगला मुस्लिमों के खिलाफ जहर, पार्टी ने दिया नोटिस

उत्तराखंड में बीजेपी विधायक ने उगला मुस्लिमों के खिलाफ जहर, पार्टी ने दिया नोटिस

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 13, 2019 09:49 am IST,  Updated : Oct 13, 2019 09:49 am IST

उत्तराखंड के एक बीजेपी विधायक को मुस्लिमों के खिलाफ कथित तौर पर जहर उगलने के लिए पार्टी ने नोटिस दिया है।

BJP sends notice to MLA Rajkumar Thukral over objectional remarks against Muslims | Facebook- India TV Hindi
BJP sends notice to MLA Rajkumar Thukral over objectional remarks against Muslims | Facebook

देहरादून: उत्तराखंड के एक बीजेपी विधायक को मुस्लिमों के खिलाफ कथित तौर पर जहर उगलने के लिए पार्टी ने नोटिस दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उत्तराखंड के रुद्रपुर से भारतीय जनता पार्टी के विधायक राजकुमार ठुकराल का शनिवार को एक कथित वीडियो वायरल हो गया था, जिसमें वह मुस्लिमों के खिलाफ जहर उगल रहे हैं। इस वीडियो में विधायक को यह कहते हुए देखा जा रहा है कि उन्हें मुसलमानों के समर्थन की जरूरत नहीं है। इसके बाद पार्टी ने उन्हें नोटिस जारी कर सफाई मांगी है। 

वीडियो में बोलीं कई विवादस्पद बातें

रिपोर्ट्स के मुताबिक, वीडियो में विधायक राजकुमार ठुकराल अपने निर्वाचन क्षेत्र में लोगों को संबोधित करते हुए कहते हैं कि उन्हें मुसलमानों के समर्थन की जरूरत नहीं है। ठुकराल ने कहा कि वह किसी मुसलमान या मस्जिद के आगे अपना सिर नहीं झुकाते हैं। विधायक ने यह भी कहा कि वह रोजा इफ्तार के लिए किसी मुसलमान के घर नहीं जाते हैं। वीडियो में ठुकराल ने मुस्लिमों को ‘देशद्रोही’ बताया। इसके अलावा उन्होंने वीडियो में और भी बातें बोली हैं।

ठुकराल के बयान से बीजेपी ने बनाई दूरी
ठुकराल की टिप्पणी से दूरी बनाते हुए प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष अजय भट्ट ने बयान जारी कर उनके विचारों को निजी बताया और कहा कि इससे पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा, ‘भाजपा का विश्वास ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ पर है।’ भट्ट के निर्देश पर प्रदेश बीजेपी महासचिव अनिल गोयल ने ठुकराल को नोटिस जारी करके उनके आचरण के बारे में सफाई मांगी है। नोटिस में कहा गया है कि अगर ठुकराल एक हफ्ते में स्पष्टीकरण नहीं देते हैं तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत