1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. सिद्धू का बयान अपमानजनक, कांग्रेस की दक्षिण भारत विरोधी सोच को प्रदर्शित करता है: भाजपा

सिद्धू का बयान अपमानजनक, कांग्रेस की दक्षिण भारत विरोधी सोच को प्रदर्शित करता है: भाजपा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 15, 2018 04:35 pm IST,  Updated : Oct 15, 2018 04:35 pm IST

नवजोत सिंह सिद्धू द्वारा पाकिस्तान की एक बार फिर से तारीफ करने को लेकर कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए भाजपा ने कहा कि सिद्धू का बयान बेहद असंवेदनशील और अपमानजनक है और इससे कांग्रेस पार्टी की दक्षिण विरोधी सोच प्रदर्शित होती है।

BJP slam Navjot Singh Sidhu for comparing Pakistan with South India- India TV Hindi
BJP slam Navjot Singh Sidhu for comparing Pakistan with South India

नई दिल्ली: पंजाब के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू द्वारा पाकिस्तान की एक बार फिर से तारीफ करने को लेकर कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए भाजपा ने सोमवार को कहा कि सिद्धू का बयान बेहद असंवेदनशील और अपमानजनक है और इससे कांग्रेस पार्टी की दक्षिण विरोधी सोच प्रदर्शित होती है। भाजपा प्रवक्ता जी वी एल नरसिम्ह राव ने कहा कि ब्रेक इंडिया कांग्रेस पार्टी का नया नारा है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सिद्धू को दक्षिण भारत के लोगों को अपमानित करने का कोई अधिकार नहीं है। उन्हें दक्षिण भारत के व्यंजन पसंद हो या नहीं हो, लेकिन उन्हें यह कहने का कोई अधिकार नहीं है कि दक्षिण भारत से अधिक पाकिस्तान पसंद है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि पूरी कांग्रेस पार्टी को पाकिस्तान अद्भुत लगता है उससे हमें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन भारत की जनता का और स्पष्ट रूप से दक्षिण भारत की जनता का अपमान करने का अधिकार आपको नहीं है।

नरसिम्ह राव ने कहा कि इस प्रकार का बयान जातिगत हिंसा के आधार पर देश को बांटने का प्रयास है, साथ ही भारत के एक भाग के बारे में नकारात्मक छवि बनाने का भी प्रयास है। उन्होंने कहा कि सिद्धू का बयान बेहद असंवेदनशील और अपमानजनक है और इससे कांग्रेस पार्टी की दक्षिण विरोधी सोच प्रदर्शित होती है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी के तहत कांग्रेस पार्टी ने तय कर लिया है कि उसका कोई राजनीतिक भविष्य नहीं है और वह दोहरी रणनीति अपना रही है। एक पाकिस्तान के लिये प्रेम का भाव प्रदर्शित करता है और दूसरा भारत ब्रेक इंडिया रणनीति को आगे बढ़ाता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस का यह प्रयास वोट बैंक की राजनीति से प्रेरित है। उल्लेखनीय है कि नवजोत सिंह सिद्धू ने कथित तौर पर कहा था कि दक्षिण भारत जाने से ज्यादा बेहतर है पाकिस्तान जाना। सिद्धू ने 'भाषा और खानपान की समस्याओं' के कारण दक्षिण भारत जाने से बेहतर पाकिस्तान जाने को बताया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत