1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कर्नाटक उपचुनाव में जेडीएस-कांग्रेस ने मारी बाजी, 5 में से 4 सीटें जीती; बीजेपी के हाथ से फिसला बेल्लारी

कर्नाटक उपचुनाव में जेडीएस-कांग्रेस ने मारी बाजी, 5 में से 4 सीटें जीती; बीजेपी के हाथ से फिसला बेल्लारी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 06, 2018 01:45 pm IST,  Updated : Nov 06, 2018 02:41 pm IST

यहां बीजेपी के रेड्डी बंधुओं का गढ़ माने जाने वाले बेल्लारी लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने बड़ी जीत दर्ज की है। यहां की जनता ने 14 साल बाद कांग्रेस का हाथ थामा है।

कर्नाटक उपचुनाव में जेडीएस-कांग्रेस ने मारी बाजी, 5 में से 4 सीटें जीती; बीजेपी के हाथ से फिसला बेल्- India TV Hindi
कर्नाटक उपचुनाव में जेडीएस-कांग्रेस ने मारी बाजी, 5 में से 4 सीटें जीती; बीजेपी के हाथ से फिसला बेल्लारी

नई दिल्ली: कर्नाटक में सत्तारूढ़ गठबंधन जनता दल-सेक्युलर (जेडीएस) और कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका दिया है। यहां तीन लोकसभा और दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में बेल्लारी और जामखंडी में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है, वहीं मांड्या लोकसभा और रामनगर में जेडीएस ने जीत दर्ज की है। वहीं शिमोगा सीट बीजेपी के नाम रही। इन चुनावों को सत्तारूढ़ कांग्रेस-जद(एस) गठबंधन की लोकप्रियता की परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा था। अनुमान के मुताबिक, उपचुनावों में 67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था।

Related Stories

ये उपचुनाव 2019 में होने वाले लोकसभा चुनावों से पहले मुख्य विपक्षी पार्टी बीजेपी के लिए बड़ा झटका हैं जो बेल्लारी लोकसभा सीट हार चुकी है। बेल्लारी सीट को विवादित खनन माफिया-रेड्डी बंधुओं का मजबूत गढ़ माना जाता है। बेल्लारी लोकसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी वी एस उगरप्पा 2,43,161 मतों के अंतर से विजयी हुए। उन्होंने बीजेपी की जे शांता को हराया जो रेड्डी बंधुओं के मुख्य सहयोगी तथा इसी सीट से पूर्व सांसद बी श्रीरामुलु की बहन हैं।

रामनगर विधानससभा सीट पर मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी की पत्नी अनिता कुमारस्वामी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीजेपी के एल चंद्रशेखर पर 1,09,137 मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल की। चंद्रशेखर ने चुनाव से अपना नाम वापस ले लिया था लेकिन आधिकारिक तौर पर वह पार्टी के उम्मीदवार बने रहे। चंद्रशेखर चुनाव से पहले बीजेपी में शामिल हो गए थे लेकिन कुछ ही हफ्ते बाद वापस कांग्रेस का दामन थामकर उन्होंने भगवा पार्टी को बड़ा झटका दिया था।

उत्तरी कर्नाटक में पड़ने वाली, जामखंडी विधानसभा सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार आनंद न्यामगौड़ा ने 39,480 मतों के अंतर से बीजेपी के श्रीकांत कुलकर्णी को हराया। सड़क हादसे में पिता और विधायक सिद्धू न्यामगौड़ा की मौत के बाद उन्हें सहानुभूति का लाभ मिला। वहीं मांड्या लोकसभा सीट पर जद(एस) के शिवरामे गौड़ा बीजेपी के नए चेहरे एवं पूर्व अधिकारी डॉक्टर सिद्धरमैया को 5 लाख 53 हजार 374 मतों से हराया। पुराने मैसुरु क्षेत्र के वोक्कालिगा पट्टी में पड़ने वाला मांड्या जद(एस) का परंपरागत गढ़ माना जाता है।

फाइनल रिजल्ट

-शिमोगा: बीवाय राघवेंद्र (बीजेपी)- 52 हजार 148 वोटों से जीते
-जामखंडी: आनंद न्यामागौड़ा (कांग्रेस)- 39 हजार 480 वोट
-मांड्या: शिवराम गौड़ा (जेडीएस)- 5 लाख 53 हजार 374 वोट
-रामनगर: अनिता कुमारस्वामी (जेडीएस)-  1 लाख 9 हजार 137 वोट
-बेल्लारी: वीएस उरगप्पा (कांग्रेस)- 2 लाख 43 हजार 161 वोट

शिमोगा लोकसभा सीट विपक्ष के नेता बी एस येदियुरप्पा का घर माना जाता है। उनके बेटे बी वाई राघवेंद्र ने जद(एस) के मधु बंगरप्पा को 52 हजार 148 मतों हरा दिया है। मधु पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत एस बंगरप्पा के बेटे हैं।

ये नतीजे कर्नाटक की राजनीति के लिहाज से बेहद अहम माने जा रहे हैं। खासकर उपचुनाव के नतीजों के बाद 2019 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस-जेडीएस मजबूत मनोबल के साथ मैदान में उतरेगी, वहीं बीजेपी को एक बार फिर से अपने कार्यकर्ताओं में जोश भरना होगा। बता दें कि पांच में से चार सीटें इस्तीफे की वजह से और एक सीट विधायक के निधन की वजह से खाली हुई थी। शिवमोगा सीट बीएस येदियुरप्पा, बेल्लारी सीट श्रीमुलु और मांड्या सीट सीएस पुट्टाराजू के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। वहीं रामनगर सीट से सीएम कुमारस्वामी के इस्तीफे और जामखंडी सीट कांग्रेस विधायक सिद्धू न्यामगौड़ा के निधन के बाद खाली हुई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत