1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. भाजपा संशोधित नागरिकता कानून के बारे में जागरूकता अभियान चलायेगी

भाजपा संशोधित नागरिकता कानून के बारे में जागरूकता अभियान चलायेगी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 13, 2019 12:20 pm IST,  Updated : Dec 13, 2019 12:20 pm IST

नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर विपक्ष के हमलों के बीच भाजपा ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी कानून की विशेषताओं और इससे होने वाले फायदों के बारे में लोगों को जानकारी देने के लिये जागरूकता अभियान चलायेगी। 

भाजपा संशोधित नागरिकता कानून के बारे में जागरूकता अभियान चलायेगी- India TV Hindi
भाजपा संशोधित नागरिकता कानून के बारे में जागरूकता अभियान चलायेगी

नयी दिल्ली: नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर विपक्ष के हमलों के बीच भाजपा ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी कानून की विशेषताओं और इससे होने वाले फायदों के बारे में लोगों को जानकारी देने के लिये जागरूकता अभियान चलायेगी। पार्टी ने कहा कि इस कानून के बारे में लोगों के बीच फैलाये जाने वाले किसी तरह के दुष्प्रचार को भी वह दूर करेगी। 

पश्चिम बंगाल के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने बताया कि पार्टी इस विषय पर देशव्यापी अभियान की शुरूआत करेगी और उन राज्यों में सघन कार्यक्रम चलायेगी जहां इस कानून के लाभार्थियों की काफी अधिक संख्या है। 

घोष ने बताया कि पार्टी इस बारे में व्यापक सम्पर्क कार्यक्रम शुरू करेगी और इस कानून के बारे में लोगों के बीच पुस्तिका बांटेगी। भाजपा नेता ने दावा किया कि इस संशोधित कानून के तहत करीब दो करोड़ लोगों को फायदा होगा। 

गौरतलब है कि संसद ने बुधवार को नागरिकता संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी जिसमें अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान से धार्मिक प्रताड़ना के कारण भारत आए हिन्दू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और ईसाई समुदायों के लोगों को भारतीय नागरिकता प्रदान करने का प्रावधान है। गुरूवार रात को राष्ट्रपति ने इसे मंजूरी प्रदान कर दी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत