1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. अमित शाह ने NDA से अलग होने पर चंद्रबाबू नायडू को लिखी चिट्ठी, जानें क्या कहा

अमित शाह ने NDA से अलग होने पर चंद्रबाबू नायडू को लिखी चिट्ठी, जानें क्या कहा

 Reported By: Bhasha
 Published : Mar 24, 2018 12:49 pm IST,  Updated : Mar 24, 2018 03:15 pm IST

TDP के NDA से अलग होने के बाद भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को खुला पत्र लिखा है...

Amit Shah | PTI- India TV Hindi
Amit Shah | PTI

नई दिल्ली: तेलूगु देशम पार्टी (TDP) के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से अलग होने के बाद भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू को खुला पत्र लिखा है। बीजेपी अध्यक्ष ने TDP प्रमुख को लिखे इस पत्र में उनके फैसले को राजनीति से प्रेरित और एकतरफा करार दिया। शाह ने कहा कि आंध्र प्रदेश के विकास को लेकर मोदी सरकार की प्रतिबद्धता दृढ़ है और इस पर कोई सवाल नहीं उठा सकता। TDP आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर NDA से अलग हो गई थी।

NDA से अलग होने के नायडू के फैसले को दुर्भायपूर्ण करार देते हुए शाह ने पत्र में कहा कि यह फैसला पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है और इसमें प्रदेश के विकास को दरकिनार किया गया है। शाह ने लिखा कि बीजेपी हमेशा से ही विकास और काम करने की राजनीति में भरोसा रखती है और यही हमारा प्रेरणा स्रोत है। शाह ने लिखा हि कि आंध्र प्रदेश के बंटवारे से लेकर आज तक बीजेपी ने हमेशा आंध्र प्रदेश के लोगों की आवाज को उठाया है और लोगों के हितों के लिए काम किया है। उन्होंने लिखा, ‘हम लगातार तेलगु लोगों और तेलगु राज्य के हित के बारे में सोचते हैं। कांग्रेस ने प्रदेश के बंटवारे में लोगों के हितों का खयाल नहीं रखा जिसकी वजह से लोगों को मुश्किल का सामना करना पड़ता है। कांग्रेस ने बंटवारे के दौरान लोगों की संवेदना का बिल्कुल भी खयाल नहीं रखा।’

चंद्रबाबू नायडू को 2014 के लोकसभा चुनाव की याद दिलाते हुए शाह ने लिखा कि जब राज्यसभा और लोकसभा में आपकी पार्टी के पास पर्याप्त संख्या नहीं थी तब भी बीजेपी ने इस बात को प्राथमिकता से सदन में उठाया और प्रदेश के लोगों को न्याय दिलाने की बात कही थी। गौरतलब है कि आंध्र प्रदेश को अलग राज्य का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर चंद्रबाबू नायडू ने NDA गठबंधन से अलग होने का फैसला किया है। शाह ने अपने पत्र में लिखा कि आंध्र प्रदेश का विकास हमारी सरकार के एजेंडे में सबसे ऊपर है और इसका उदाहरण है कि हम प्रदेश में शैक्षणिक संस्थान, आधारभूत संरचना समेत अनेक विकास कार्यो में विशेष सहयोग दे रहे हैं।

आंध्र प्रदेश के विकास के प्रति बीजेपी के असंवेदनशील होने के नायडू के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए शाह ने कहा कि ये आरोप गलत और आधारहीन हैं। उन्होंने लिखा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आंध्र प्रदेश के विकास के लिए हम दोनों दलों को जनादेश मिला था और वह दलगत राजनीति से प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 4 वर्षो में देश के विभिन्न हिस्सों में हमें जिस तरह से जनता का समर्थन प्राप्त हुआ है वह मोदी सरकार के सकारात्मक एजेंडे पर मुहर है। प्रधानमंत्री सहकारी संघवाद को आगे बढाते हुए टीम इंडिया में विश्वास के साथ काम कर रहे हैं और आंध्र प्रदेश का इसमें विशेष स्थान है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत