1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. Budget 2026: अब गुटखेबाजों से अपना खजाना भरेगी सरकार, 'सेस' लगाकर 14 हजार करोड़ रुपये के राजस्व की उम्मीद

Budget 2026: अब गुटखेबाजों से अपना खजाना भरेगी सरकार, 'सेस' लगाकर 14 हजार करोड़ रुपये के राजस्व की उम्मीद

 Written By: Shaswat Gupta
 Published : Feb 01, 2026 10:36 pm IST,  Updated : Feb 01, 2026 10:36 pm IST

Budget Highlights in Hindi : बजट दस्तावेजों के अनुसार, सरकार को चालू वित्त वर्ष के शेष दो महीनों (फरवरी और मार्च) में स्वास्थ्य और राष्ट्रीय सुरक्षा उपकर से 2,330 करोड़ रुपये और 2026-27 में 14,000 करोड़ रुपये जुटाने की उम्मीद है।

Budget 2026, Budget Highlights in Hindi, Cigarette Price in Delhi, Cigarette New Price, Cigarette Pr- India TV Hindi
गुटखे की दुकान। Image Source : PTI

Budget Highlights in Hindi : आज वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आम बजट पेश किया। बजट में पान-मसाले पर सेस लगाने का ऐलान किया गया है। जहां एक ओर सिगरेट के दाम में 22 से 25 रुपये तक की बढ़ोतरी हो गई है तो वहीं, पान-मसाले पर भी सेस वसूलने की तैयारी की गई है। सरकार को वित्त वर्ष 2026-27 में पान मसाला विनिर्माण पर लगाए गए स्वास्थ्य और राष्ट्रीय सुरक्षा सेस (उपकर) से 14,000 करोड़ रुपये की आय प्राप्त होने की उम्मीद है। पान मसाले पर एक फरवरी से स्वास्थ्य और राष्ट्रीय सुरक्षा उपकर लगाया गया है, जो 40 प्रतिशत जीएसटी के ऊपर अतिरिक्त है। 

14 हजार करोड़ रुपये की आय की उम्मीद 

इस उपकर की गणना पान मसाला बनाने वाली इकाइयों की उत्पादन क्षमता के आधार पर की जाएगी। 40 प्रतिशत जीएसटी को जोड़ने के बाद पान मसाले पर कुल कर भार 88 प्रतिशत ही रहेगा। बजट दस्तावेजों के अनुसार, सरकार को चालू वित्त वर्ष के शेष दो महीनों (फरवरी और मार्च) में स्वास्थ्य और राष्ट्रीय सुरक्षा उपकर से 2,330 करोड़ रुपये और 2026-27 में 14,000 करोड़ रुपये जुटाने की उम्मीद है। 

सिगरेट के बढ़े दाम

अतिरिक्त उत्पाद शुल्क लागू होने के बाद रविवार से सिगरेट के दाम में प्रति 10 सिगरेट के पैकट पर न्यूनतम 22 से 25 रुपये तक की बढ़ोतरी हो गई है। वितरकों के अनुसार, 76 मिमी लंबाई वाली प्रीमियम सिगरेट अब ब्रांड के हिसाब से 10 सिगरेट के पैकट पर 50 से 55 रुपये तक महंगी हो गई हैं। हालांकि, कंपनियों ने अभी नई अधिकतम खुदरा कीमत (एमआरपी) घोषित नहीं की है, लेकिन वितरक पुराने स्टॉक की बिलिंग खुदरा विक्रेताओं को 40 प्रतिशत जीएसटी के साथ कर रहे हैं। रविवार को थोक बाजार बंद रहने के कारण व्यापारियों को उम्मीद है कि सोमवार से नई कीमतों वाला नया माल बाजार में आएगा। 

किन सिगरेटों के बढ़े दाम 

लोकप्रिय मध्यम श्रेणी की सिगरेट 'विल्स नेवी कट', जिसकी कीमत पहले 95 रुपये प्रति पैकेट थी, अब करीब 120 रुपये प्रति पैकेट हो सकती है। इसी तरह, 84 मिलीमीटर लंबाई वाली सिगरेट जैसे 'गोल्ड फ्लेक लाइट्स', 'विल्स क्लासिक' और 'विल्स क्लासिक माइल्ड्स', जिनकी कीमत पहले 170 रुपये प्रति पैकेट थी, अब 220 से 225 रुपये प्रति पैकेट तक हो सकती है। वहीं, पतली सिगरेट 'क्लासिक कनेक्ट', जो 20 सिगरेट के पैकेट में 300 रुपये की मिलती थी, अब लगभग 350 रुपये की हो सकती है। व्यापारियों का कहना है कि महीने के अंत तक कंपनियां नई कीमतों वाले पैकेट बाजार में भेज देंगी।   

ये भी पढ़ें -
Budget 2026: सिगरेट पीने वालों के अरमान आंसूओं में बह गए! बजट पर बने मजेदार Memes देख हंसते-हंसते लोटपोट हो जाएंगे

नेल कटर में छोटा सा छेद क्यों बना होता है, रोज इस्तेमाल करने वाले भी नहीं जानते; क्या आपको पता है 
 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत