1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. ट्रंप ने PM मोदी की तारीफ में पढ़े कसीदे, खुद को बताया उनका बड़ा फैन; जानें और क्या-क्या कहा

ट्रंप ने PM मोदी की तारीफ में पढ़े कसीदे, खुद को बताया उनका बड़ा फैन; जानें और क्या-क्या कहा

 Edited By: Vinay Trivedi
 Published : May 24, 2026 10:02 pm IST,  Updated : May 24, 2026 10:37 pm IST

Donald Trump ने एक बार फिर PM Modi की खुलकर तारीफ की है। उन्होंने खुद को प्रधानमंत्री मोदी का 'बहुत बड़ा फैन' बताया है। डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान को भारत-अमेरिका के रिश्तों में बढ़ती गर्मजोशी के रूप में देखा जा रहा है।

trump praises modi- India TV Hindi
डोनाल्ड ट्रंप ने PM मोदी की खुलकर तारीफ की। Image Source : AP (फाइल फोटो)

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो अभी भारत में हैं। दिल्ली में US इंडिपेंडेंस डे सेलिब्रेशन के दौरान भारत में US के राजदूत Sergio Gor ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को फोन किया। इस दौरान हुई बातचीत में ट्रंप ने फोन पर बहुत बड़ी बात कही। डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि PM मोदी मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं। मैं नरेंद्र मोदी का बड़ा प्रशंसक हूं। भारत मुझ पर 100% भरोसा कर सकता है।

ट्रंप ने खुद को बताया PM मोदी का बहुत बड़ा प्रशंसक

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'भारत मुझ पर 100 फीसदी विश्वास कर सकता है। अगर उन्हें कभी सहायता की जरूरत हो, तो वे जानते हैं कि किसको बुलाना है। हम अच्छा कर रहे हैं। हम रिकॉर्ड बना रहे हैं। हमारी इकोनॉमी रिकॉर्ड लेवल पर है, शेयर बाजार रिकॉर्ड लेवल पर है और भारत जो भी चाहता है, उसे पा सकता है। मैं प्रधानमंत्री मोदी का बहुत बड़ा फैन हूं। मार्को सबसे महान हैं। वे अमेरिका के इतिहास में सबसे महान विदेश मंत्री के तौर पर जाने जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी को मेरा हैलो कहिएगा और उन्हें बता दीजिएगा कि मैं उनका बहुत बड़ा प्रशंसक हूं।'

ट्रंप मुझसे सबसे पहले PM मोदी का हाल पूछते हैं- Sergio Gor

वहीं, भारत में अमेरिका के राजदूत Sergio Gor बोले कि जब भी राष्ट्रपति ट्रंप और मैं बात करते हैं, तो राष्ट्रपति का पहला प्रश्न यही होता है कि मेरे दोस्त, प्रधानमंत्री मोदी कैसे हैं? और यह बात बताना बहुत जरूरी है क्योंकि यह रिश्ता नया नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि अमेरिका फर्स्ट का अर्थ अमेरिका अकेला नहीं है। और हर हफ्ते, हम ऐसे मौकों को तलाशते हैं जो हमारे दोनों देशों के लिए लाभकारी हों। मुझे खासतौर से गर्व है कि इस वसंत में हमारे दूतावास ने रिकॉर्ड डेलीगेशन भेजा, और आने वाले हफ्तों और महीनों में भी यह सिलसिला चलता रहेगा, क्योंकि हम भारत में अपना काम जारी रखने वाले हैं।

मार्को रूबियो ने भारत को बताया अहम साझेदार

साथ ही, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा, 'हमें अपने देश और उसके इतिहास पर बहुत गर्व है। हमें इस बात का भी गर्व है कि हमने अपने इतिहास में जो कुछ भी पाया, उसका बड़ा हिस्सा दुनिया भर के अन्य देशों के साथ पार्टनरशिप में बना है, जिनके साथ हम बहुत कुछ शेयर करते हैं। 21वीं सदी में आने वाली चुनौतियों और मौकों को देखते हुए, भारत उन साझेदारों में से एक है जिसके साथ मैं काफी उत्साहित हूं। यह उन देशों में से एक है जिनके साथ हम एक बहुत ही अहम स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप साझा करते हैं, और हम कई मूल्यों और साझा हितों को शेयर करते हैं।'

रूबियो ने कही भारत के साथ मिलकर काम करने की बात

मार्को रूबियो ने आगे कहा कि मेरी इस यात्रा का एक भाग इस बात पर जोर देना भी है कि यह संबंध कितना अहम है, कितना रोमांचक है, और हमारे पास साथ मिलकर काम करने के कितने मौके हैं। अगर मैं मॉडर्न इकोनॉमी के सभी प्रमुख मौकों के बारे में सोचूं, तो भारत और अमेरिका मिलकर इन मुद्दों पर एक साथ काम करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं ताकि अमेरिका के लोगों, भारत के लोगों और वास्तव में, मिलकर काम करने वाले अन्य देशों के लोगों के लिए भी बेहतर जिंदगी हासिल की जा सके।

ये भी पढ़ें- ट्रंप ने दी बड़ी खुशखबरी- ईरान के साथ समझौता लगभग तय, खुलेगा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत