कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया कल सीएम पद से इस्तीफा देने वाले हैं। दिल्ली में मंगलवार को कांग्रेस पार्टी के आलाकमान की बैठक हुई। इसके बाद ही ये फैसला लिया गया। मंगलवार रात ही सिद्धारमैया बेंगलुरु के लिए रवाना हो गए। इसके बाद सीएम सिद्धारमैया के घर के अंदर क्या-क्या हुआ? इसकी जानकारी सामने आई है। वफादार मंत्रियों और विधायकों ने सिद्धारमैया को सुझाव दिया।
राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच चुप न रहें
मंत्रियों और विधायकों ने सीएम सिद्धारमैया से आग्रह किया कि वे चल रहे राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच चुप न रहें। कुछ नेताओं ने सुझाव दिया कि विधायकों से हस्ताक्षर इकट्ठा किए जाएं और हाई कमान को एक पत्र भेजा जाए, जिसमें सिद्धारमैया के मुख्यमंत्री पद पर बने रहने के लिए समर्थन व्यक्त किया जाए।
पर्यवेक्षक और हाई कमान के सामने किया जोरदार समर्थन
उन्होंने यह भी प्रस्ताव दिया कि जब पार्टी पर्यवेक्षक और हाई कमान के नेता आएं, तो विधायकों और मंत्रियों को खुलकर अपना समर्थन व्यक्त करना चाहिए और सिद्धरामैया का जोरदार समर्थन करना चाहिए। कथित तौर पर कई नेताओं ने इन घटनाक्रमों पर सवाल उठाए और सिद्धारमैया पर एक स्पष्ट रुख अपनाने का दबाव डाला।
मांगों पर कल बताऊंगा अपनी राय- सिद्धारमैया
इस मामले में CM सिद्धारमैया की प्रतिक्रिया सामने आई है। सिद्धारमैया ने हस्ताक्षर इकट्ठा करने और समर्थन पत्र भेजने के प्रस्ताव पर सहमति नहीं जताई। मंत्रियों और विधायकों के बार-बार अनुरोध और दबाव के बावजूद, वे बैठक के दौरान ज्यादातर चुप ही रहे। कहा जाता है कि उन्होंने वहां मौजूद लोगों से कहा, 'मैं आपकी मांगों पर अपनी राय कल बताऊंगा।।'
कल सुबह 10:30 बजे देंगे इस्तीफा
बता दें कि मुख्यमंत्री सिद्धरमैया गुरुवार को अपने मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ नाश्ते पर एक बैठक की मेजबानी कर सकते हैं। इसके बाद वह सुबह 10:30 बजे सीएम पद से इस्तीफा देंगे। सिद्धरमैया के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के लिए इस पद का रास्ता साफ हो जाएगा।
ये भी पढ़ें: