Parliament Monsoon Session 2023 Live: संसद के मॉनसून सत्र में लगातार तीसरे दिन सोमवार को मणिपुर हिंसा मुद्दे पर गतिरोध बरकरार रहा था। माना जा रहा है कि चौथे दिन भी संसद में इस मसले पर हंगामा जारी रहेगा। सोमवार को राज्यसभा में ‘अशोभनीय आचरण’ के लिए AAP सदस्य संजय सिंह को वर्तमान सत्र के शेष हिस्से के लिए निलंबित कर दिया गया था।
मॉनसून सत्र के चौथे दिन से जुड़े हर बड़े अपडेट के लिए हमारे साथ बने रहें:
मणिपुर मुद्दे पर चर्चा की मांग को लेकर विपक्षी सांसदों की नारेबाजी के बीच लोकसभा की कार्यवाही शाम 5 बजे तक के लिए स्थगित हुई।
आज मणिपुर जल रहा है, वहां दुष्कर्म हो रहे हैं। मणिपुर की बात हम कर रहे हैं और यहां प्रधानमंत्री ईस्ट इंडिया की बात कर रहे हैं: राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे
विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के कुछ घटक दल लोकसभा में सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दे सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि ‘इंडिया’ के घटक दलों के नेताओं की मंगलवार सुबह हुई बैठक में अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिए जाने के संदर्भ में चर्चा की गई। सूत्रों ने बताया कि मणिपुर के मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर संसद के भीतर बयान देने का दबाव बनाने के कई विकल्पों पर विचार करने के बाद यह फैसला किया गया कि अविश्वास प्रस्ताव ही सबसे कारगर रास्ता होगा जिसके जरिये सरकार को इस मुद्दे पर चर्चा के लिए विवश किया जा सकेगा। विपक्ष से जुड़े सूत्रों का यह भी कहना है कि राज्यसभा के भीतर भी मणिपुर के विषय को लेकर सरकार को घेरने का सिलसिला जारी रहेगा। (भाषा)
लोकसभा की कार्यवाही हंगामे के कारण जहां 2 बजे तक स्थगित हुई थी, वहीं राज्यसभा की कार्यवाही को भी 12 बजे तक स्थगित करना पड़ा।
लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के सदस्यों ने जमकर हंगामा किया जिसके बाद सदन की कार्यवाही को 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
संसद के मॉनसून सत्र के दौरान लोकसभा और राज्य सभा में चौथे दिन की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा शुरू हो गया है।
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष और लोकसभा सांसद सोनिया गांधी संसद पहुंचीं।
सदन के पटल पर रणनीति पर चर्चा करने के लिए संसद में राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष कक्ष में समान विचारधारा वाले विपक्षी दलों के नेताओं की बैठक हुई।
बीजेपी संसदीय दल की बैठक जारी है और इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद हैं। संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री के हालिया सफल विदेशी दौरों और सरकार के कामकाज पर चर्चा हो रही है। (रिपोर्ट: देवेंद्र पराशर)
विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (I.N.D.I.A.) के घटक दलों के नेता मणिपुर के विषय पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बयान की मांग और आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह के निलंबन के खिलाफ सोमवार को संसद परिसर में धरने पर बैठ गए। नेताओं का यह धरना सारी रात जारी रहा।
बीजेपी के खिलाफ जो भी सांसद आवाज़ उठा रहे हैं उन्हें निलंबित कर दिया जा रहा है। विपक्षी दलों की एक ही मांग है कि हम मणिपुर मुद्दे पर चर्चा चाहते हैं। दुख की बात है कि इस मुद्दे की चर्चा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो रही है लेकिन भारत में नहीं हो रही। मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह को हटाया जाना चाहिए और राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाया जाना चाहिए। आम आदमी पार्टी पूरे देश में मणिपुर का मुद्दा उठाने जा रही है: AAP सांसद राघव चड्ढा
संसद भवन में बीजेपी संसदीय दल की बैठक जारी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीजेपी की संसदीय दल की बैठक के लिए संसद पहुंचे। संसद भवन में भाजपा संसदीय दल की बैठक चल रही है।
संपादक की पसंद