Wednesday, February 25, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. LIVE: पीएम मोदी का पटना में रोड शो, एयरपोर्ट से बीजेपी दफ्तर के बीच उमड़ा जनसैलाब

LIVE: पीएम मोदी का पटना में रोड शो, एयरपोर्ट से बीजेपी दफ्तर के बीच उमड़ा जनसैलाब

Edited By: Vineet Kumar Singh @VickyOnX Updated : May 30, 2025 07:11 am IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने 2 दिन के दौरे में कई विकास परियोजनाएं शुरू करेंगे। उन्होंने बिहारवासियों के लिए इस दिन को खास बताया है।

पीएम मोदी का रोड शो- India TV Hindi
Image Source : ANI पीएम मोदी का रोड शो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार से अगले 2 दिन तक 4 राज्यों के दौरे पर रहने वाले थे लेकिन सिक्किम का दौरा खराब मौसम की वजह से रद्द हो गया। इसके बाद प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल का दौरा पूरा कर बिहार की राजधानी पटना पहुंचे जहां उन्होंने रोड शो किया। रोड शो के दौरान बड़ी संख्या में लोग उमड़े। रोड शो से पहले पीएम मोदी ने पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन किया। इस यात्रा की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का दिन बिहार के लोगों के लिए बेहद खास रहने वाला है। PM मोदी के इस धुआंधार दौरे से जुड़े हर बड़े अपडेट के लिए हमारे साथ बने रहें:

Latest India News

Narendra Modi Live

Auto Refresh
Refresh
  • 11:00 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के सरकारी आवास पहुंचे पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के सरकारी आवास पहुंचे। बेटे को विवाह पूर्व दी बधाई। 2 जून को है विजय सिन्हा के बेटे की शादी। कुछ दिन पहले दिल्ली में विजय सिन्हा ने प्रधानमंत्री से मिलकर उन्हें शादी का निमंत्रण दिया था।

  • 7:16 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    पीएम मोदी की बीजेपी दफ्तर में मीटिंग

    रोड शो खत्म करने के बाद पटना बीजेपी दफ्तर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  बैठक कर रहे हैं। इस बैठक में भाजपा के सांसद, विधायक और पदाधिकारी मौजूद हैं।

     

  • 5:19 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    पीएम मोदी का पटना में रोड शो जारी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पटना में रोड शो शुरू हो चुका है। पटना एयरपोर्ट से बीजेपी दफ्तर तक उनका रोड शो जारी है। पीएम मोदी लोगों का अभिवादन कर रहे हैं। सड़क के दोनों ओर लोगों की काफी भीड़ है।

  • 5:14 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    पीएम मोदी ने पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन किया

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन किया। इस मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद थे। थोड़ी देर में पीएम मोदी रोड शो करेंगे।

  • 4:45 PM (IST) Posted by Niraj Kumar

    पीएम मोदी पटना पहुंचे

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना पहुंच चुके हैं। वे पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन करने के साथ ही एक रोड शो भी करनेवाले हैं।

  • 2:50 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    'ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ'

    पीएम मोदी ने कहा, 'बंगाल की इस धरती से ये 140 करोड़ भारतीयों का ऐलान है कि 'ऑपरेशन सिंदूर' अभी खत्म नहीं हुआ है।'

  • 2:49 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    'पाकिस्तान समझ ले, तीन बार घर में घुसकर मारा है तुम्हें'

    पीएम मोदी ने कहा, '1947 में बंटवारे के बाद से ही उसने भारत पर आतंकी हमला किया। कुछ सालों के बाद उसने यहां पड़ोस में आज के बांग्लादेश में जो आतंक फैलाया, पाकिस्तान की सेना ने जिस प्रकार बांग्लादेश में रेप और मर्डर किए वो कोई भूल नहीं सकता। पहलगाम हमले के बाद अब भारत ने दुनिया को बता दिया है कि अगर अब भारत पर आतंकी हमला हुआ, तो दुश्मन को उसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी। पाकिस्तान समझ ले, तीन बार घर में घुसकर मारा है तुम्हें।'

  • 2:42 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    'जब सीधा युद्ध लड़ा जाता है, तब पाकिस्तान की हार तय होती है'

    पीएम मोदी ने कहा, 'आतंक और नरसंहार पाकिस्तानी सेना की सबसे बड़ी एक्सपर्टाइज है। जब सीधा युद्ध लड़ा जाता है, तब उसकी हार तय होती है, उसकी पराजय निश्चित होती है। यही कारण है कि पाकिस्तान की सेना आतंकियों का सहारा लेती है।'

  • 2:41 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    'पाकिस्तान के पास कुछ भी पॉजिटिव नहीं है'

    पीएम मोदी ने कहा, 'हमने आतंक के उन ठिकानों को तबाह किया जिसकी पाकिस्तान ने कल्पना तक नहीं की थी। आतंक को पालने वाले पाकिस्तान के पास दुनिया को देने के लिए कुछ भी पॉजिटिव नहीं है। जब से वो अस्तित्व में आए हैं, तब से ही उसने सिर्फ आतंक को पाला है।'

  • 2:40 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    'आपके गुस्से को मैं भलीभांति समझता था'

    पीएम मोदी ने कहा, '22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकियों ने जो बर्बरता की, उसके बाद पश्चिम बंगाल में भी बहुत गुस्सा था। आपके भीतर जो आक्रोश था, आपका जो गुस्सा था, उसको मैं भलीभांति समझता था। आतंकवादियों ने हमारी बहनों का सिंदूर मिटाने का दुस्साहस किया। हमारी सेना ने उनको सिंदूर की शक्ति का अहसास करा दिया।'

  • 2:39 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    पीएम मोदी ने टीएमसी पर साधा निशाना

    पीएम मोदी ने कहा, 'आज देशभर में 70 वर्ष से ऊपर के बुजुर्गों को 5 लाख रुपए तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। मैं तो चाहता हूं कि पश्चिम बंगाल में भी 70 वर्ष से ऊपर के सभी बुजुर्गों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिले। लेकिन TMC सरकार ये नहीं करने दे रही है।'

  • 2:38 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    'हजारों टीचर्स का फ्यूचर बर्बाद कर दिया'

    पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार में पीएम मोदी ने कहा, 'TMC सरकार ने अपने शासनकाल में हजारों टीचर्स का फ्यूचर बर्बाद कर दिया है। TMC के घोटालेबाजों ने सैकड़ों गरीब परिवार के बेटे-बेटियों को अंधकार में धकेल दिया है।'

  • 2:18 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    'भाजपा सरकार ने हजारों-करोड़ का निवेश किया है'

    अलीपुरद्वार में पीएम मोदी ने कहा, 'केंद्र की भाजपा सरकार इसी संकल्प के साथ काम कर रही है। भाजपा पूर्वोदय की नीति पर चल रही है। बीते दशक में यहां के विकास के लिए भाजपा सरकार ने हजारों-करोड़ का निवेश किया है। आज पश्चिम बंगाल एक साथ कई संकटों से घिरा हुआ है। एक संकट समाज में फैली हिंसा और अराजकता का है। दूसरा संकट माताओं बहनों को असुरक्षा का है, उनके साथ हो रहे जघन्य अपराधों का है। तीसरा संकट नौजवानों में फैल रही घोर निराशा का है, बेतहाशा बेरोजगारी का है। चौथा संकट घनघोर 'करप्शन' का है, यहां के सिस्टम पर लगातार कम होते जन-विश्वास का है। पांचवां संकट गरीबों का हक छिनने वाली सत्ताधारी पार्टी की स्वार्थी राजनीति का है।'

  • 2:15 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    'बंगाल को अपनी पुरानी भूमिका में आना होगा'

    पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार में पीएम मोदी ने कहा, 'बंगाल को फिर उसी भूमिका में आना होगा, जो कभी यहां की पहचान थी। इसके लिए जरूरी है कि पश्चिम बंगाल फिर से नॉलेज का, ज्ञान-विज्ञान का केंद्र बनें। बंगाल 'मेक इन इंडिया' का एक बहुत बड़ा सेंटर बने। बंगाल अपनी विरासत पर गर्व करते हुए, उसे संरक्षित करते हुए तेज गति से आगे बढ़े।'

  • 2:14 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    'भारत नए सामर्थ्य के साथ समृद्धि की नई गाथा लिख रहा'

    पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, '21वीं सदी में भारत नए सामर्थ्य के साथ समृद्धि की नई गाथा लिख रहा है। आज देश का हर नागरिक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए दिनरात जुटा है। विकसित भारत बनाने के लिए पश्चिम बंगाल का भी विकसित होना बहुत जरूरी है। इसलिए पश्चिम बंगाल को भी नई ऊर्जा के साथ जुटना है। '

  • 2:03 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    'बंगाल का विकास भारत के भविष्य की नींव'

    प्रधानमंत्री ने कहा, 'बंगाल का विकास भारत के भविष्य की नींव है। आज का दिन उसी नींव में एक और मजबूत ईंट जोड़ने का दिन है। कुछ देर पहले हमने इस मंच से अलीपुरद्वार और कूचबिहार में City Gas Distribution Project का शुभारंभ किया है। इस प्रोजेक्ट से 2.5 लाख से अधिक घरों तक साफ, सुरक्षित और सस्ती गैस पाइपलाइन से पहुंचायी जाएगी। इससे न सिर्फ रसोई के लिए न सिर्फ सिलेंडर खरीदने की चिंता खत्म होगी, बल्कि परिवारों को सुरक्षित गैस सप्लाई भी मिल पाएगी।

  • 1:31 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    'बंगाल की भागीदारी अपेक्षित भी है और अनिवार्य भी'

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'आज जब भारत 'विकसित राष्ट्र' की ओर बढ़ रहा है, तो बंगाल की भागीदारी अपेक्षित भी है और अनिवार्य भी है। इसी इरादे के साथ केंद्र सरकार यहां लगातार इंफ्रास्ट्रक्चर, इनोवेशन और इन्वेस्टमेंट को नई गति दे रही है।'

  • 1:30 PM (IST) Posted by Vineet Kumar

    'ये भूमि सिर्फ सीमाओं से नहीं संस्कृतियों से जुड़ी है'

    अलीपुरद्वार में प्रधानमंत्री मोदी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा, 'अलीपुरद्वार की ये भूमि सिर्फ सीमाओं से नहीं संस्कृतियों से जुड़ी है। एक ओर भूटान की सीमा है, दूसरी ओर आसाम का अभिनंदन है। एक ओर जलपाईगुड़ी का सौंदर्य है, दूसरी ओर कूचबिहार का गौरव है। आज इसी समृद्ध भू-भाग पर मुझे आप सबके दर्शन करने का सौभाग्य मिला है।'

  • 11:11 AM (IST) Posted by Vineet Kumar

    'उन्होंने हम भारतीयों को बांटने की भी साजिश रची'

    पीएम मोदी ने सिक्किम के लोगों को संबोधित करते हुए कहा, 'लेकिन आज पूरी दुनिया देख रही है कि भारत आज पहले से कहीं ज्यादा एकजुट है। हमने एकजुट होकर आतंकियों और उनके सरपरस्तों को साफ संदेश दिया। हमने आतंकियों को 'ऑपरेशन सिंदूर' से करारा जवाब दिया। सिक्किम के आप सभी लोग पर्यटन की ताकत को भलीभांति जानते हैं, समझते हैं। टूरिज्म सिर्फ मनोरंजन नहीं है, ये डायवर्सिटी का सेलिब्रेशन भी है। लेकिन आतंकियों में जो कुछ पहलगाम में किया। वो सिर्फ भारतीयों पर हमला नहीं था। वो मानवता की आत्मा पर हमला था, भाईचारे की भावना पर हमला था। आतंकियों ने हमारे अनेक परिवारों की खुशियों को छीन लिया। उन्होंने हम भारतीयों को बांटने की भी साजिश रची।'

  • 11:09 AM (IST) Posted by Vineet Kumar

    पीएम मोदी ने पाकिस्तान पर साधा निशाना

    पीएम मोदी ने सिक्किम के लोगों को संबोधित करते हुए कहा, 'आतंकी अड्डे तबाह होने से बौखलाकर पाकिस्तान ने हमारे नागरिकों और सैनिकों पर हमले की कोशिश की। लेकिन उसमें भी पाकिस्तान की पोल ही खुल गई। और हमने उनके कई एयरबेस तबाह करके दिखा दिया कि भारत कब क्या कर सकता है। कितनी तेजी से कर सकता है, कितना सटीक कर सकता है।'

  • 11:08 AM (IST) Posted by Vineet Kumar

    'सिक्किम की धरोहर पर पूरी दुनिया को गर्व'

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'यहां प्रकृति भी है, अध्यात्म भी है, झीलें हैं, झरने हैं और शांति की छाया में बसे बौद्ध मठ भी हैं। कंचनजंगा नेशनल पार्क, यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट भी है। सिक्किम की धरोहर पर सिर्फ भारत ही नहीं, पूरी दुनिया को गर्व है। आज जब यहां नया स्काइवॉक बन रहा है, स्वर्ण जयंती प्रोजेक्ट का लोकार्पण हो रहा है, अटल जी की प्रतिमा का अनावरण किया जा रहा है। ये सभी प्रोजेक्ट सिक्किम की नई उड़ान के प्रतीक हैं।'

  • 10:57 AM (IST) Posted by Vineet Kumar

    'आपने अपनी आंखों से ये परिवर्तन होते देखा है'

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'सिक्किम समेत पूरा नॉर्थ ईस्ट, नए भारत की विकास गाथा का एक चमकता अध्याय बन रहा है। जहां कभी दिल्ली से दूरियां विकास की राह में दीवार थी, अब वहीं से विकास के नए दरवाजे खुल रहे हैं। इसका सबसे बड़ा कारण है यहां की कनेक्टिविटी में आ रहा बदलाव। आप सभी ने तो अपनी आंखों से ये परिवर्तन होते देखा है।'

  • 10:56 AM (IST) Posted by Vineet Kumar

    हम 'Act Fast' की सोच के साथ काम कर रहे: पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'आज के इस कार्यक्रम में भी सिक्किम की फ्यूचर जर्नी की झलक मिलती है। आज यहां सिक्किम के विकास से जुड़े अनेक प्रॉजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। मैं आप सभी को इसके लिए बहुत बहुत बधाई देता हूं।'

  • 10:55 AM (IST) Posted by Vineet Kumar

    हम 'Act Fast' की सोच के साथ काम कर रहे: पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, '2014 में सरकार में आने के बाद मैंने कहा था सबका साथ-सबका विकास। भारत को विकसित बनाने के लिए देश का संतुलित विकास बहुत जरुरी है। इसी भावना के तहत, बीते दशक में हमारी सरकार, नॉर्थ ईस्ट को विकास के केंद्र में लाई है। हम 'Act East' के संकल्प पर 'Act Fast' की सोच के साथ काम कर रहे हैं।'

  • 10:43 AM (IST) Posted by Vineet Kumar

    सिक्किम आज देश का गर्व है: पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, '50 वर्षों में सिक्किम प्रकृति के साथ प्रगति का मॉडल बना। बायोडायवर्सिटी का बहुत बड़ा बागीचा बना। शत-प्रतिशत ऑर्गेनिक स्टेट बना। कल्चर और हेरिटेज की समृद्धि का प्रतीक बनकर सामने आया।'

  • 10:42 AM (IST) Posted by Vineet Kumar

    सिक्किम आज देश का गर्व है: पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, '50 वर्ष पहले सिक्किम ने अपने लिए एक लोकतांत्रिक भविष्य तय किया था। सिक्किम के लोगों का जनमन ज्योग्राफी के साथ ही भारत की आत्मा से जुड़ने का भी था। एक भरोसा था जब सबकी आवाज सुनी जाएगी, सबके हक सुरक्षित होंगे, तो विकास के एक जैसे मौके मिलेंगे। आज मैं कह सकता हूं कि सिक्किम के एक-एक परिवार का भरोसा लगातार मजबूत हुआ है। देश ने इसके परिणाम सिक्किम की प्रगति के रूप में देखे हैं। सिक्किम आज देश का गर्व है।'

  • 10:41 AM (IST) Posted by Vineet Kumar

    'आप सभी को सिक्किम राज्य के 50 वर्ष होने की बहुत-बहुत बधाई'

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'आज का ये दिन बीते 50 वर्षों की अचीवमेंट्स को सेलिब्रेट करने का है। आपने इतना बढ़िया कार्यक्रम आयोजित किया है। खुद मुख्यमंत्री जी इस आयोजन को यादगार बनाने के लिए काफी ऊर्जा के साथ लगे रहे। मैं आप सभी को सिक्किम राज्य के 50 वर्ष होने की बहुत-बहुत बधाई देता हूं।'

  • 10:40 AM (IST) Posted by Vineet Kumar

    'मौसम ने मुझे आपके दरवाजे तक तो पहुंचा दिया, लेकिन...'

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिक्किम की जनता को संबोधित करते हुए कहा, 'आज का ये दिन विशेष है। ये अवसर सिक्किम की लोकतांत्रिक यात्रा की गोल्डन जुबिली का है। मैं स्वयं आप सबके बीच रहकर इस उत्सव का, इस उमंग का, 50 वर्ष की सफल यात्रा का साक्षी बनना चाहता था। मैं सुबह दिल्ली से बागडोगरा तो पहुंच गया, मौसम ने मुझे आपके दरवाजे तक तो पहुंचा दिया, लेकिन आगे जाने से रोक दिया। इस वजह से मुझे आपके प्रत्यक्ष दर्शन का अवसर नहीं मिला है।'

  • 10:14 AM (IST) Posted by Vineet Kumar

    वर्चुअली कार्यक्रम में शामिल हुए पीएम मोदी

    पीएम मोदी को सिक्किम की स्थापना के 50 साल पूरा होने पर कार्यक्रम में शामिल होना था। इस दौरान पीएम मोदी सिक्किम को कई सौगात देने वाले थे, लेकिन खराब मौसम के कारण वह सिक्किम नहीं जा पाए। प्रधानमंत्री बागडोगरा से ही लोगों को संबोधित करेंगे और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम से जुड़ गए हैं। गंगटोक में जिस जगह मोदी का कार्यक्रम होना था, वहां सुबह से ही लोग जमा हैं और 'मोदी-मोदी' के नारे लग रहे हैं।

  • 9:59 AM (IST) Posted by Vineet Kumar

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सिक्किम दौरा रद्द

    खराब मौसम के कारण प्रधानमंत्री मोदी सिक्किम के राज्यत्व की 50वीं वर्षगांठ समारोह के लिए गंगटोक की यात्रा करने में असमर्थ होंगे। इसके बजाय वे सुबह 10 बजे बागडोगरा से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सिक्किम के लोगों को संबोधित करेंगे।

  • 9:43 AM (IST) Posted by Vineet Kumar

    पटना में होगा पीएम मोदी का मेगा रोड शो

    पीएम मोदी शाम को पटना पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए वहां शानदार तैयारी की गई है। पीएम मोदी आज बिहार को नए एयरपोर्ट टर्मिनल और बिहटा एयरपोर्ट के शिलान्यास की सौगात तो देंगे ही, साथ ही पटना में आज वह मेगा रोड शो भी करेंगे।

  • 9:42 AM (IST) Posted by Vineet Kumar

    दोपहर 2:15 बजे अलीपुरदुआर पहुंचेंगे पीएम मोदी

    सिक्किम में कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर 2:15 बजे पश्चिम बंगाल के अलीपुरदुआर पहुंचेंगे। यहां वे कई विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें सबसे अहम है सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) प्रोजेक्ट, जिसका प्रधानमंत्री आज शिलान्यास करेंगे। यह परियोजना अलीपुरदुआर और कूचबिहार जिलों को कवर करेगी। लगभग 1,010 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद करीब 2.5 लाख घरों तक पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) की आपूर्ति संभव हो सकेगी। साथ ही 19 सीएनजी (CNG) स्टेशन भी स्थापित किए जाएंगे, जिससे वाहनों को स्वच्छ ईंधन मिल सकेगा।

  • 9:40 AM (IST) Posted by Vineet Kumar

    गंगटोक में लगे 'मोदी-मोदी' के नारे

    पीएम मोदी के आगमन को लेकर सिक्किम, खासकर राजधानी गंगटोक में उत्साह का माहौल है। शहर की सड़कों पर जगह-जगह प्रधानमंत्री के पोस्टर लगे हुए हैं और आयोजन स्थल को भी सजाया गया है। स्थानीय लोग उत्साहित हैं और कई स्थानों पर ‘मोदी-मोदी’ के नारे सुनाई दे रहे हैं।

  • 9:39 AM (IST) Posted by Vineet Kumar

    सुबह 11 बजे सिक्किम में है विशेष कार्यक्रम

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने चार राज्यों के दौरे की शुरुआत आज सिक्किम से करेंगे। सुबह 11 बजे उनका वहां एक विशेष कार्यक्रम निर्धारित है। आज सिक्किम राज्य के भारतीय संघ में विलय के 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं, और इसी ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी का दौरा हो रहा है।

  • 9:38 AM (IST) Posted by Vineet Kumar

    कई विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

    अपनी दो दिन की यात्रा के दौरान पीएम मोदी कई विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। पीएम मोदी ने बिहार की यात्रा को लेकर कहा है कि आज का दिन बिहार के लोगों के लिए बेहद खास रहने वाला है। दरअसल, पटना एयरपोर्ट पर पीएम आज नए यात्री टर्मिनल की सौगात तो देंगे ही, साथ ही चुनावी साल में कई दूसरे प्रोजेक्ट्स भी बिहार को गिफ्ट करेंगे।

  • 9:37 AM (IST) Posted by Vineet Kumar

    4 राज्यों के दौरे पर पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से 4 राज्यों के दौरे पर रहेंगे। वह आज सबसे पहले सिक्किम जाएंगे और उसके बाद पश्चिम बंगाल के अलीपुरदुआर जाएंगे। शाम को प्रधानमंत्री पटना पहुंचेंगे और शुक्रवार को पीएम मोदी कानपुर के दौरे पर रहेंगे।

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement