1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. सोनिया गांधी ने राज्यसभा के लिए भरा नामांकन, राहुल और प्रियंका भी रहे मौजूद

सोनिया गांधी ने राज्यसभा के लिए भरा नामांकन, राहुल और प्रियंका भी रहे मौजूद

 Reported By: Vijai Laxmi Edited By: Niraj Kumar
 Published : Feb 14, 2024 09:00 am IST,  Updated : Feb 14, 2024 02:10 pm IST

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी अब राज्यसभा जाने की तैयारी में हैं। उन्होंने राज्यसभा से नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है।

जयपुर में नामांकन...- India TV Hindi
जयपुर में नामांकन दाखिल करते हुए सोनिया गांधी Image Source : INDIA TV

नई दिल्ली: कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी राज्यसभा चुनाव में राजस्थान से पार्टी की उम्मीदवार हैं और आज उन्होंने जयपुर में नामांकन भी भर दिया है। सोनिया के नामांकन के समय उनके साथ राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी मौजूद रहे। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने जयपुर एयरपोर्ट पर सोनिया गांधी की अगवानी की। सोनिया के जयपुर पहुंचने से पहले ही नामांकन फॉर्म भरकर सेट तैयार कर लिए गए थे। नामांकन फॉर्म के साथ 10-10 विधायकों के प्रस्तावक और समर्थक के तौर पर हस्ताक्षर करवाए । कांग्रेस पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की लिस्ट भी जारी कर दी है। नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तिथि 15 फरवरी है। 

1999 से लगातार लोकसभा सदस्य हैं सोनिया गांधी

सोनिया गांधी 1999 से लगातार लोकसभा की सदस्य हैं और मौजूदा वक्त में वह में उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। वह अमेठी से भी लोकसभा सदस्य रह चुकी हैं। यह पहली बार होगा कि वह संसद के उच्च सदन में जाएंगी। वह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बाद राज्यसभा में प्रवेश करने वाली गांधी परिवार की दूसरी सदस्य होंगी। इंदिरा गांधी अगस्त, 1964 से फरवरी 1967 तक उच्च सदन की सदस्य थीं। राज्यसभा जाने की स्थिति में इस बात की प्रबल संभावना है कि सोनिया गांधी आगामी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ें। पार्टी ने राज्यसभा चुनाव के लिए औपचारिक रूप से किसी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। 

प्रियंका गांधी रायबरेली से लड़ सकती हैं लोकसभा चुनाव

सोनिया गांधी ने 2019 में यह ऐलान किया था कि यह उनका आखिरी लोकसभा चुनाव होगा। अटकलें लगाई जा रही हैं कि सोनिया गांधी के इस बार चुनाव नहीं लड़ने की स्थिति में उनकी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा रायबरेली लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ सकती हैं। कांग्रेस कर्नाटक, तेलंगाना, राजस्थान, मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा की सीट जीतने की स्थिति में है। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का राजस्थान से राज्यसभा का कार्यकाल इस साल अप्रैल में समाप्त हो रहा है। केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव का कार्यकाल भी अप्रैल में पूरा हो रहा है। हाल में उच्च सदन से इस्तीफा देने वाले किरोड़ी लाल मीणा का कार्यकाल भी अप्रैल में समाप्त होगा। भाजपा ने पहले ही राज्यसभा चुनाव के लिए राजस्थान से मदन राठौड़ और चुन्नीलाल गरासिया को उम्मीदवार घोषित कर दिया है।

प्रदेश कांग्रेस ने राज्यसभा के लिए सोनिया को नामित करने का किया था आग्रह

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पार्टी नेतृत्व से राज्य से राज्यसभा सीट के लिए सोनिया गांधी को नामित करने का आग्रह किया था। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की शुरुआत आठ फरवरी से हो चुकी है। नामांकन पत्रों की जांच 16 फरवरी को होगी, जबकि उम्मीदवार 20 फरवरी तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। यदि आवश्यक हुआ तो 27 फरवरी को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा और उसी दिन शाम पांच बजे से मतगणना होगी। (इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत