1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. UP: 2 सगी बहनें हल्दी लगने पर भी दुल्हन न बन सकीं

UP: 2 सगी बहनें हल्दी लगने पर भी दुल्हन न बन सकीं

 Reported By: IANS
 Published : May 13, 2018 09:12 am IST,  Updated : May 13, 2018 09:12 am IST

दो सगी बहनों का दो सगे भाइयों से विवाह तय हुआ, घर में शादी की तैयारियां जोरों से चल रही थीं। दुल्हनों पर हल्दी भी चढ़ गई, लेकिन...

representational image- India TV Hindi
representational image

हाथरस (उप्र): दो सगी बहनों का दो सगे भाइयों से विवाह तय हुआ, घर में शादी की तैयारियां जोरों से चल रही थीं। दुल्हनों पर हल्दी भी चढ़ गई, लेकिन मन मुताबिक दहेज नहीं मिलने से खफा लड़का पक्ष ने दोनों लड़कों की कहीं और शादी कर दी। दहेज-लोभियों की करतूत पर लड़की पक्ष में खलबली मच गई और दोनों दुल्हनें भी भारी मायूस हो गई हैं। दोनों दुल्हनों की कल बारात आनी थी। लड़की पक्ष ने थाना पुलिस को तहरीर दी है।

तहरीर में कहा गया है कि थाना क्षेत्र के गांव भीलम निवासी सत्यवीर सिंह ने अपनी दो पुत्रियों की शादी जनपद अलीगढ़ के थाना इगलास क्षेत्र के गांव मौनिया निवासी ओमवीर सिंह पुत्र खजान सिंह के पुत्रों शीलेंद्र व सुनील के साथ तय किया था। गत 7 मई को गांव मौनिया में लड़की पक्ष ने धूमधाम से सगाई समारोह किया और एक लाख 70 हजार रुपये बुलेट मोटरसाइकिल के लिए व 2 लाख रुपये नगद, सोने की 2 जंजीर, 2 अंगूठी व करीब 2 लाख रुपये कीमत का फर्नीचर व अन्य सामान भी किया।

तहरीर में कहा गया है कि 11 मई को गांव भीलम में बारात आई थी और लड़की पक्ष के घर में जहां शादी की तैयारियां जोरों से चल रही थीं, वहीं दुल्हनों पर हल्दी की रस्म आदि भी हुई। तहरीर में पीड़ित पिता ने कहा है कि उन्हें गांव मौनिया के कुछ लोगों ने सूचना दी कि लड़का पक्ष ने अपने लड़कों की कहीं और से शादियां कर ली हैं जिसे सुन वह व उनके परिजन आदि तत्काल वहां गये और लड़का पक्ष से वार्ता की।

तहरीर में कहा गया है कि लड़का पक्ष ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर जहां दूसरी जगह से शादी कर ली वहीं उनके द्वारा दिए गए दहेज को लौटाने से मना कर दिया तथा उसे नामजदों ने फर्जी तरीके से शादी का झांसा देकर दहेज का सारा सामान हड़प लिया। तहरीर में करीब आधा दर्जन लोगों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

थाना प्रभारी नरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत