1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. जेवर पहुंचे CM योगी, इंटरनेशनल एयरपोर्ट की शिलान्यास की तैयारियों का लिया जायजा

जेवर पहुंचे CM योगी, इंटरनेशनल एयरपोर्ट की शिलान्यास की तैयारियों का लिया जायजा

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 23, 2021 05:24 pm IST,  Updated : Nov 23, 2021 05:24 pm IST

यूपी सरकार ने सोमवार को एक बयान में कहा कि 25 नवंबर को निर्धारित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शिलान्यास के साथ, राज्य अब 5 इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने की राह पर है।

Jewar Airport, Jewar Airport Yogi, Jewar Airport Modi, Jewar Airport Narendra Modi- India TV Hindi
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले में पहुंचे। Image Source : PTI FILE

Highlights

  • सीएम योगी ने जेवर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट की शिलान्यास की चल रही तैयारियों का जायजा लिया।
  • राज्य में 2012 तक केवल 2 इंटरनेशनल एयरपोर्ट थे, जब लखनऊ के बाद वाराणसी को यह गौरव प्राप्त हुआ था।
  • जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण पूरा होने के बाद यह देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट होगा।

नोएडा: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले में पहुंचे। उन्होंने नोएडा के पास जेवर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट की शिलान्यास की चल रही तैयारियों का जायजा लिया। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 नवंबर को जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट की आधारशिला रखेंगे। बता दें कि यह एयरपोर्ट राज्य में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार का एक प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर प्रॉजेक्ट है। सरकार ने सोमवार को दावा किया था कि जेवर में राज्य का पांचवा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनने जा रहा है।

जेवर में होगा यूपी का पांचवां इंटरनेशनल एयरपोर्ट

यूपी सरकार ने सोमवार को एक बयान में कहा कि 25 नवंबर को निर्धारित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शिलान्यास के साथ, राज्य अब 5 इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने की राह पर है। राज्य में 2012 तक केवल 2 इंटरनेशनल एयरपोर्ट थे, जब लखनऊ के बाद वाराणसी को यह गौरव प्राप्त हुआ था। 20 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटन के बाद कुशीनगर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू हुआ जबकि अयोध्या में इंटरनेशनल एयरपोर्ट का काम प्रगति पर है जहां हवाई सेवाएं अगले साल की शुरुआत में शुरू होने की उम्मीद है। पांचवा इंटरनेशनल एयरपोर्ट राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में नोएडा के पास जेवर में बनना है।

यूपी में इस समय 8 एयरपोर्ट हैं ऑपरेशनल
बयान के मुताबिक, वर्तमान में उत्तर प्रदेश में 8 ऑपरेशनल एयरपोर्ट हैं, जबकि 13 एयरपोर्ट और 7 हवाई पट्टियां विकसित की जा रही हैं। प्रदेश में वाणिज्यिक उड़ानों को संभालने वाले एयरपोर्ट लखनऊ, वाराणसी, कुशीनगर, गोरखपुर, आगरा, कानपुर, प्रयागराज और हिंडन (गाजियाबाद) हैं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का निर्माण पूरा होने के बाद यह देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट होगा। इस एयरपोर्ट के पहले चरण में सालाना 1.2 करोड़ यात्रियों की सेवा करने की क्षमता होगी और इसे 36 महीनों में पूरा किया जाना है।

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत