1. Hindi News
  2. भारत
  3. उत्तर प्रदेश
  4. UP News | बांदा नाव हादसा : लापता 17 लोगों की तलाश जारी, सीएम योगी ने किया मुआवजे का ऐलान

UP News | बांदा नाव हादसा : लापता 17 लोगों की तलाश जारी, सीएम योगी ने किया मुआवजे का ऐलान

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : Aug 12, 2022 12:25 pm IST,  Updated : Aug 12, 2022 12:57 pm IST

UP News : सीएम योगी आदित्यनाथ ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है। उन्होंने पीड़ितों को तत्काल सहायता और राहत प्रदान करने के भी निर्देश दिए हैं।

 Banda boat tragedy- India TV Hindi
Banda boat tragedy Image Source : ANI

Highlights

  • कल यमुना नदी में डूब गई थी नाव
  • सीएम योगी ने हादसे पर दुख जताया, मुआवजे का ऐलान
  • पीड़ितों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा

UP News : बांदा (Banda) में कल शाम यमुना नदी में हुए नाव हादसे के बाद लापता 17 लोगों की को खोजने के लिए तालाशी अभियान जारी है। अब तक तीन शव निकाले जा चुके हैं। NDRF और SDRF की टीमें तलाशी अभियान में जुटी हुई हैं।  वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया है। उन्होंने पीड़ितों को तत्काल सहायता और राहत प्रदान करने के भी निर्देश दिए हैं।

बांदा से फतेहपुर जा रही थी नाव

गुरुवार को हुए हादसे में 4 लोगों की जान चली गई जबकि बाकी लोगों की तलाश की जा रही है। यह नाव बांदा से फतेहपुर जा रही थी। नाव पर क्षमता से ज्यादा करीब 40 लोग सवार थे जिनमें 20 से 25 महिलाएं बताई जा रही हैं। ये महिलाएं रक्षाबंधन पर राखी बांधने के लिए मायके जा रही थीं। यमुना में बैलेंस बिगड़ने से यात्रियों से भरी नाव पलट गई। पुलिस ने बताया कि रक्षाबंधन पर समगरा गांव से महिलाएं और लोग बांदा जिले के मरका थाना क्षेत्र के यमुना घाट पर पहुंचे थे। यमुना घाट से दोपहर को करीब 40 लोगों से भरी नाव फतेहपुर जिले के जरौली घाट जा रही, तभी बीच जलधारा में तेज हवा का झोंका आने से नाव डगमगा कर पलट गई।  करीब आठ लोग तैरकर बाहर आ गए जबकि 17 लोग लापता हैं। गोताखोरों की मदद से लापता लोगों की तलाश की जा रही है। नाव डूबने की खबर मिलते ही आसपास के गांवों के लोगों की भीड़ घाट पर पहुंच गई।

बीच नदी में पहुंची तो हिचकोले खाने लगी नाव

एक चश्मदीद ने बताया, "हम अपने गांव से पत्नी को लेकर ससुराल खागा राखी बंधवाने के लिए जा रहे थे। जब नदी के किनारे पहुंचे तो सिर्फ एक ही नाव थी। दोपहर 3 बजे का समय था नदी पार जाने वालों की भीड़ ज्यादा थी। देखते देखते नाव में करीब 40 लोग सवार हो गए और कुछ मोटर साइकिल भी नाव पर रख दी गईं।" आगे उन्होंने बताया कि नाव जब बीच नदी में पहुंची तो हिचकोले खाने लगी जिसके बाद लोग डर गए और इधर उधर खिसकने लगे।

उन्होंने बताया, ''इसी बीच एक तरफ लोगों की संख्या ज्यादा हो गई और नाव एक दम से पलट गई। कुछ लोग तो तैरने लगे लेकिन महिलाएं और बच्चे डूबने लगे। देखते-देखते बीच धार में लोग बहते चले जा रहे थे। इसी बीच पास में आई एक दो नाव ने कुछ लोगों को खींचना शुरू कर दिया। इसी में मैं भी एक नाव पर चढ़ गया। लेकिन कई महिलाएं और बच्चे बह गए।"

Latest Uttar Pradesh News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Uttar Pradesh से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत