जम्मू कश्मीर की गुलमर्ग गोंडोला में तकनीकी खराबी के कारण पर्यटक कुछ देर तक गोंडोला के भीतर हवा में लटके रहे। राहत भरी खबर यह है कि सभी पर्यटकों को सुरक्षित बचा लिया गया है। जानकारी के मुताबिक एशिया की सबसे बड़ी केबल कार परियोजना में तकनीक खराबी सामने आने के बाद अधिकारियों ने गोंडोला को रोका और करीब 1 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में सभी पर्यटकों को सुरक्षित नीचे उतारा गया। 300 के करीब पर्यटक गुलमर्ग गोंडोला में फंसे हुए थे।
जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के ऑफिस की तरफ से एक्स पर लिखा गया, "तकनीकी खराबी की वजह से केबल कार सर्विस कुछ समय के लिए रोक दिए जाने के बाद सरकार गुलमर्ग गोंडोला में हालात पर करीब से नजर रख रही है। सभी केबिन सही-सलामत हैं और जमीन पर ट्रेंड टीमों के साथ फंसे हुए टूरिस्ट को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। हालात पूरी तरह से कंट्रोल में हैं और घबराने की कोई बात नहीं है।"
एक घंटे तक लटके रहे 300 पर्यटक
गुलमर्ग गोंडोला के पहले चरण में एक तकनीकी खराबी के कारण सेवा को बीच में ही रोकना पड़ा, जिससे 300 पर्यटकों की जान एक घंटे तक खतरे में रही। सभी पर्यटक सुरक्षित हैं और बचाव अभियान पूरा हो चुका है। अधिकारियों ने तुरंत गोंडोला को रोक दिया, जबकि वह हवा में ही लटका हुआ था। इसके बाद बचाव टीमों की मदद से गोंडोला में सवार लगभग 300 पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाला। ऊपर और नीचे, दोनों मार्गों के लिए गोंडोला सेवाएं फिलहाल कुछ समय के लिए निलंबित कर दी गई हैं। अधिकारियों ने पुष्टि की कि सभी पर्यटक सुरक्षित हैं और सफलतापूर्वक अपने-अपने गंतव्यों तक पहुंच गए हैं।
सीएम बोले- स्थिति नियंत्रण में
सभी पर्यटकों से संयम रखने की अपील करते हुए, अधिकारियों ने कहा कि गोंडोला में आई तकनीकी खराबी को जल्द ही ठीक कर दिया जाएगा और उसके बाद सेवाएं फिर से शुरू कर दी जाएंगी। जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी इस घटना के बारे में जानकारी साझा करते हुए बताया कि स्थिति नियंत्रण में है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। यह बड़े राहत की बात है कि इस घटना के दौरान कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई और सभी पर्यटकों को सफलतापूर्वक बचा लिया गया।
दुनिया की दूसरी सबसे ऊंची केबल कार परियोजना है गुलमर्ग गोंडोला
गुलमर्ग में गोंडोला दुनिया की दूसरी सबसे लंबी और दूसरी सबसे ऊंची केबल कार सेवा है। यह दो चरणों में लोगों को 13,976 फुट की ऊंचाई पर अफरवत चोटी के पास कोंगदूरी पर्वत तक ले जाती है। शानदार दृश्यों और अद्वितीय पर्वतीय अनुभवों के साथ यह केबल कार सेवा सालभर पर्यटकों को आकर्षित करती है।
यह भी पढ़ें-
जम्मू-कश्मीर में जमात-ए-इस्लामी को फिर से सक्रिय करने की कोशिश, NIA ने की कई जगहों पर रेड