1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. माता वैष्णो देवी मार्ग पर बड़ा हादसा, अर्धकुंवारी में लैंडस्लाइड में 8 लोगों की मौत, कई यात्री घायल, यात्रा रोकी गई

माता वैष्णो देवी मार्ग पर बड़ा हादसा, अर्धकुंवारी में लैंडस्लाइड में 8 लोगों की मौत, कई यात्री घायल, यात्रा रोकी गई

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : Aug 26, 2025 04:08 pm IST,  Updated : Aug 26, 2025 11:51 pm IST

जम्मू-कश्मीर के कटरा में माता वैष्णो देवी मार्ग पर हादसे की खबर है। यहां अर्धकुंवारी में एक भोजनालय के पास लैंडस्लाइड हुआ है जिसमें कई लोगों के मारे जाने की खबर सामने आई है।

VAISHNO DEVI LANDSLIDE- India TV Hindi
वैष्णो देवी मार्ग पर लैंडस्लाइड। Image Source : PTI/REPORTER

जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर स्थित अर्धकुंवारी में लैंडस्लाइड की घटना हुई है। एक अधिकारी ने बताया है कि ये क्षेत्र भूस्खलन से प्रभावित है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर जानकारी दी है कि ये लैंडस्लाइड इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास हुआ है और कई लोगों के घायल होने की संभावना है। जानकारी के मुताबिक, इस हादसे के बाद वैष्णो देवी यात्रा को रोक दिया गया है। सामने आई जानकारी के मुताबिक, वैष्णो देवी मंदिर के रास्ते में भूस्खलन में 8 लोगों की मौत हो गई और करीब दर्जन भर लोग घायल हैं। 

कहां हुआ हादसा?

श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने अपने ट्वीट में बताया- "अर्धकुंवारी स्थित इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास भूस्खलन की घटना हुई है, कुछ लोगों के घायल होने की आशंका है। आवश्यक जनशक्ति और मशीनरी के साथ बचाव कार्य जारी है। जय माता दी।"

कई यात्रियों को गंभीर चोटें

अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, माता वैष्णो देवी मार्ग पर अर्धकुंवारी में भोजनालय के पास जब लैंडस्लाइड हुआ उस दौरान घटनास्थल पर कई यात्री थे। पहले कई यात्रियों को गंभीर चोटें आने की बात सामने आई थी। हालांकि, आधिकारिक जानकारी सामने आई है कि वैष्णो देवी मंदिर के रास्ते में भूस्खलन में 8 लोगों की मौत हो गई और बड़ी संख्या में लोग घायल हैं।

अमित शाह ने दुख जताया

जम्मू-कश्मीर के वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भारी बारिश के कारण भूस्खलन से हुआ हादसा अत्यंत दुःखद है। इस सम्बन्ध में जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री  उमर अब्दुल्ला जी और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा जी से बात की। घायलों की मदद के लिए स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है और NDRF की टीम भी वहां पहुंच रही है।

जेपी नड्डा ने जताया दुख

जम्मू-कश्मीर के वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से कई लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत दुःखद है। स्थानीय प्रशासन, NDRF दल एवं भाजपा कार्यकर्ता राहत व बचाव कार्य में तन्मयता से लगे है। दु:ख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं हैं। मैं ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।

डोडा में फटा बादल

भारी बारिश के कारण जम्मू के विभिन्न हिस्सों में स्थिति काफी गंभीर है। जम्मू संभाग में लगभग सभी नदियां और नाले खतरे के निशान से ऊपर या उसके करीब बह रहे हैं, जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। डोडा में बादल फटने के बाद, कई जगहों पर पहाड़ खिसक गए हैं। 3 से 4 लोगों की मौत की खबर भी सामने आई है। सीएम उमर अब्दुल्ला ने प्रशासन को हाई अलर्ट बनाए रखने का निर्देश दिया है।

जम्मू में अत्यधिक वर्षा के कारण यात्री सुरक्षा के दृष्टिगत 10 से अधिक यात्री सेवाएं निरस्त की गयी हैं। महाप्रबंधक उत्तर रेलवे तथा मंडल रेल प्रबंधक जम्मू अपनी तकनीकी टीम के साथ पठानकोट में उपस्थित हैं और स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं। (इनपुट: राही कपूर)

ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर के डोडा में फटा बादल, कई जगहों पर खिसके पहाड़, 3 से 4 लोगों की मौत की खबर-VIDEO

पहाड़ से द्रास नदी में गिरी गाड़ी, किरेन रिजिजू ने काफिला रोककर फंसे लोगों की बचाई जान; देखें VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।