1. Hindi News
  2. जम्मू और कश्मीर
  3. कश्मीर में आतंकी मॉड्यूल पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 10 लोग हिरासत में, डॉ. मुजफ्फर के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस

कश्मीर में आतंकी मॉड्यूल पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 10 लोग हिरासत में, डॉ. मुजफ्फर के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस

 Published : Nov 13, 2025 01:50 pm IST,  Updated : Nov 13, 2025 04:27 pm IST

दिल्ली ब्लास्ट के बाद कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकी मॉड्यूल पर सख्त कार्रवाई शुरू की है। अनंतनाग, पुलवामा और कुलगाम से 10 संदिग्ध हिरासत में लिए गए हैं। बारामूला में 22 OGWs और कई UAPA आरोपियों पर कार्रवाई हुई है।

Kashmir terror module, Baramulla police action, Delhi blast probe- India TV Hindi
कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियों ने आतंकी मॉड्यूल पर सख्त कार्रवाई की है। Image Source : PTI FILE

श्रीनगर/बारामूला: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अंतरराज्यीय 'सफेदपोश' आतंकी मॉड्यूल के सिलसिले में काजीगुंड स्थित डॉ. मुजफ्फर के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने के लिए इंटरपोल से संपर्क किया है। मुजफ्फर, डॉ. अदील का भाई है, जो लाल किला विस्फोट से जुड़े मामले में गिरफ्तार किए गए तीन डॉक्टरों सहित आठ लोगों में शामिल था। गिरफ्तार किए गए आठ लोगों में से सात कश्मीर के हैं।

गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ के दौरान मुजफ्फर का नाम सामने आया। उन्होंने बताया कि वह 2021 में तुर्किये का दौरा करने वाली डॉक्टरों की टीम का हिस्सा था। मुजम्मिल गनई और उमर नबी भी इसमें शामिल थे, जो लाल किले के बाहर विस्फोट करने वाली विस्फोटकों से लदी कार चला रहे थे। पुलिस ने तुरंत मुजफ्फर का पता लगाने की कोशिश की, लेकिन पता चला कि वह अगस्त में भारत छोड़कर दुबई चला गया था। माना जा रहा है कि वह इस समय अफगानिस्तान में है।

वहीं, कश्मीर घाटी में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों ने कार्रवाई तेज कर दी है। अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि दिल्ली के लाल किले के पास हुए विस्फोट के बाद 'सफेदपोश आतंकी' मॉड्यूल के मामले में अनंतनाग, पुलवामा और कुलगाम जिलों से 3 सरकारी कर्मचारियों समेत करीब 10 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। रात भर चली छापेमारी में जांचकर्ताओं ने इन संदिग्धों को पकड़ा। दिल्ली में सोमवार को लाल किले के पास हुए धमाके में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है।

आतंकी तंत्र के खिलाफ अभियान तेज

लाल किले के पास ब्लास्ट की घटना के बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने घाटी में आतंकी तंत्र के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि हिरासत में लिए गए कुछ लोग पिछले एक साल में तुर्किये भी गए थे। विस्फोटकों के बड़े जखीरे की बरामदगी के मामले में डॉक्टरों समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब तक 'सफेदपोश आतंकी' मॉड्यूल के सिलसिले में 200 से ज्यादा लोगों से पूछताछ हो चुकी है। इस मॉड्यूल का पता इस महीने की शुरुआत में गिरफ्तार 2 आतंकवादियों के गुर्गों की दी गई सूचना से चला था।

बारामूला में भी हुआ बड़ा एक्शन

बारामूला जिले की पुलिस ने 12 नवंबर 2025 को पूरे जिले में कई सुनियोजित रोकथाम अभियान चलाए। इसका मकसद आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करना, विध्वंसक और कानून तोड़ने वाले तत्वों को बेअसर करना तथा जनता में शांति और विश्वास का माहौल बनाना था।  इन अभियानों में निम्नलिखित कार्रवाइयां की गईं:

  1. विध्वंसक नेटवर्क से जुड़े 6 लोगों को पुलिस स्टेशन लाया गया और कानून के तहत कार्रवाई की गई।  
  2. OGWs से जुड़ी 22 संपत्तियों की तलाशी ली गई; 20 OGWs पर कार्रवाई हुई और 2 को प्रिवेंटिव डिटेंशन में जेल भेजा गया।  
  3. UAPA (अनलॉफुल एक्टिविटीज प्रिवेंशन एक्ट) के तहत दर्ज 2 लोगों (जो जमानत पर थे) की जांच की गई; 1 को रोकथाम कानून के तहत पकड़ा गया।  
  4. जमानत पर चल रहे 8 UAPA आरोपी चिह्नित किए गए, जिनकी जमानत रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की गई; 2 के मामले अदालत में पेश किए गए।  
  5. अलग-अलग जगहों पर 16 CASOs (कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशंस) चलाए गए।  
  6. जिले के विभिन्न चेकपॉइंट्स पर 292 वाहनों की गहन जांच की गई।  
  7. E&IMCO से जुड़े 5 लोगों और JEI (जमात-ए-इस्लामी) के 2 सहयोगियों की तलाशी ली गई ताकि कानून का पालन सुनिश्चित हो।  
  8. UAPA के 2 भगोड़े आरोपी का पता लगाया गया और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई।

कानपुर में मेडिकल स्टूडेंट हिरासत में

बता दें कि उत्तर प्रदेश के आतंकवाद निरोधी दस्ते ने हाल ही में दिल्ली में हुए विस्फोट की जांच के सिलसिले में कानपुर के हृदय रोग की शिक्षा प्राप्त कर रहे डाक्टर को हिरासत में लिया है। अधिकारियों ने गुरुवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि डॉक्टर की पहचान 32 साल के मोहम्मद आरिफ के रूप में हुई है, जो राजकीय गणेश शंकर विद्यार्थी मेमोरियल (GSVM) मेडिकल कॉलेज में डीएम (कार्डियोलॉजी) प्रथम वर्ष का छात्र है। उन्हें एक अज्ञात स्थान से हिरासत में लिया गया। बाद में, ATS की एक टीम ने नजीराबाद के अशोक नगर स्थित उसके किराए के आवास की तलाशी ली और फोरेंसिक जांच के लिए उसका मोबाइल फोन और लैपटॉप जब्त कर लिया। इसके बाद उसे पूछताछ के लिए दिल्ली ले जाया गया। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। जम्मू और कश्मीर से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।