जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने राज्य में 12 और पर्यटन स्थलों को फिर से खोलने का आदेश दिया है। कश्मीर के 7 और जम्मू संभाग के 5 पर्यटन स्थल 29 सितंबर से फिर से खुलेंगे। संयुक्त मुख्यालय की बैठक में गहन सुरक्षा समीक्षा और चर्चा के बाद एलजी मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के 12 पर्यटन स्थलों को फिर से खोलने की घोषणा की, जिन्हें 22 अप्रैल को पहलगाम में पर्यटकों पर हुए जघन्य आतंकवादी हमले के बाद एहतियात के तौर पर अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया था।
Related Stories
सोमवार से फिर खुलेंगे पर्यटन स्थल
जानकारी के मुताबिक, सरकार ने पर्यटन स्थल अरु घाटी, राफ्टिंग पॉइंट यान्नर, अक्कड़ पार्क, बिजबेहरा में पादशाही पार्क, अनंतनाग में दारा शिकोह गार्डन, कमान पोस्ट, बारामूला में इको-पार्क खदनियार, रामबन में दागन टॉप, कठुआ में धागर, रियासी में चिंका, रियासी के सलाल में शिव गुफा और डोडा में पादरी सोमवार, 29 सितंबर से फिर से खुलेंगे।
पर्यटन स्थलों की सुरक्षा पर मंथन
सुरक्षा समीक्षा में उत्तरी सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा, जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात, मुख्य सचिव अटल डुलू, साथ ही अर्धसैनिक बलों और खुफिया एजेंसियों के प्रमुखों सहित प्रमुख अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में पर्यटन स्थलों को फिर से खोलने की मंजूरी जारी करने से पहले क्षेत्र की समग्र सुरक्षा स्थिति का आकलन किया गया। अधिकारियों ने आगंतुकों से इन स्थलों पर जाते समय मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने का आग्रह किया है।
अधिकारियों के अनुसार, इस कदम से स्थानीय पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, जिसे सुरक्षा उपायों के कारण अस्थायी व्यवधानों का सामना करना पड़ा है। अधिकारियों ने कहा कि पुनः खोले गए स्थलों पर सुचारू संचालन और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। बता दें कि 22 अप्रैल को पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी ने हमला कर दिया था। जिसमें कई लोगों की मौत हो गई थी।