जम्मू: माता वैष्णो देवी की यात्रा को भी अस्थाई रूप से स्थगित कर दिया गया है। जम्मू-कश्मीर में लगातार खराब मौसम और भारी बारिश की चेतावनी के बीच प्रशासन ने इस यात्रा को 19 जुलाई से अस्थायी रूप से स्थगित करने का फैसला लिया है। इससे पहले अमरनाथ यात्रा पर भी रोक लगाने का फैसला लिया गया था। प्रशासन ने कहा है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए यह एहतियाती कदम उठाया गया है। मौसम सामान्य होने और यात्रा मार्ग सुरक्षित पाए जाने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी।
श्रद्धालुओं से यात्रा टालने की अपील
प्रशासन ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 19 से 23 जुलाई के बीच जम्मू-कश्मीर में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। इसी के मद्देनज़र श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे अगले आदेश तक यात्रा पर न निकलें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें। अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
वैष्णो देवी यात्रा रोके जाने की पुष्टि करते हुए जम्मू में एक अधिकारी ने कहा, "भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी खराब मौसम की चेतावनी को देखते हुए, तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के लिए एहतियात के तौर पर श्री माता वैष्णो देवी यात्रा कुछ समय के लिए रोक दी जाएगी।"
उन्होंने कहा कि यह फैसला इलाके में खराब मौसम की चेतावनी के बाद लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। श्रद्धालुओं को सलाह दी जाती है कि वे प्रशासन का सहयोग करें और अगले आदेश तक यात्रा पर न जाएं। मौसम विभाग ने 19 से 23 जुलाई के बीच पूरे जम्मू-कश्मीर में मध्यम से लेकर व्यापक बारिश का अनुमान लगाया है। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि तीर्थयात्री वैष्णो देवी यात्रा फिर से शुरू होने के बारे में ताज़ा जानकारी के लिए आधिकारिक सूचना माध्यमों से अपडेट रहें।
अमरनाथ यात्रा भी 19 जुलाई से रोकी गई
इससे पहले कश्मीर प्रशासन ने भी खराब मौसम के कारण 19 जुलाई से अमरनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित करने की घोषणा की थी। यह रोक पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों पर लागू रहेगी। इसके अलावा जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से भी किसी नए जत्थे को रवाना नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने कहा कि मार्गों की सुरक्षा और मौसम की व्यापक समीक्षा के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।
कश्मीर डिविजनल कमिश्नर अंशुल गर्ग ने एक बयान में कहा, "भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) द्वारा जारी खराब मौसम की चेतावनी को देखते हुए, तीर्थयात्रियों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के लिए एहतियात के तौर पर पहलगाम और बालटाल दोनों रास्तों से श्री अमरनाथजी यात्रा 19 जुलाई से कुछ समय के लिए रोक दी जाएगी।"
3.76 लाख से अधिक श्रद्धालु कर चुके हैं दर्शन
अधिकारियों के अनुसार, मौजूदा अमरनाथ यात्रा के दौरान अब तक 3.76 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। प्रशासन ने कहा है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और यात्रा बहाल करने से जुड़ी हर जानकारी आधिकारिक माध्यमों से साझा की जाएगी।
ये भी पढ़ें: