1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. एक करोड़ के गहने लूटकर बंगाल भाग गए थे लुटेरे, जमशेदपुर पुलिस ने यूं दबोचा

एक करोड़ के गहने लूटकर बंगाल भाग गए थे लुटेरे, जमशेदपुर पुलिस ने यूं दबोचा

 Published : Jul 03, 2025 12:48 pm IST,  Updated : Jul 03, 2025 12:48 pm IST

जमशेदपुर में ज्वेलर के घर से 1 करोड़ की लूट के मामले में 2 आरोपी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार हुए। उनके पास से सोने की ज्वेलरी, पिस्तौल, चाकू और मोबाइल बरामद हुए हैं। तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

Jamshedpur jewelry robbery, 1 crore loot case, Jharkhand robbery news- India TV Hindi
पुलिस ने इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। Image Source : X.COM/JSR_POLICE

जमशेदपुर: झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में एक ज्वेलर के घर से 1 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत की सोने की ज्वेलरी और कैश लूटने वाले 2 आरोपियों को पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 30 जून को कुछ बदमाशों ने चकुलिया में 70 साल के ज्वैलर अरुण कुमार नंदी के घर में घुसकर सोने की ज्वेलरी और कैश की लूटपाट की थी। इसके बाद वे पश्चिम बंगाल की ओर भाग निकले। इस वारदात के बाद पुलिस ने भारतीय दंड संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

पुलिस को देखकर संदिग्धों ने भागने की कोशिश की

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम बनाई गई। इस टीम की अगुवाई घाटशिला के उप-विभागीय पुलिस अधिकारी ने की और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग की निगरानी में काम शुरू किया। पुलिस ने पश्चिम बंगाल की पुलिस के साथ मिलकर झारग्राम जिले में छापेमारी की। मंगलवार को बदा बनशोल, पोरहाटी के पास जम्बोनी पुलिस स्टेशन क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल पर सवार 3 संदिग्धों को रोकने की कोशिश की गई। पुलिस को देखकर तीनों ने भागने की कोशिश की।

लूट का तीसरा आरोपी मौके से भाग निकला

पुलिस ने बताया कि मोटरसाइकिल छोड़कर अलग-अलग दिशाओं में भागे लेकिन पीछा करके दो आरोपियों को धर दबोचा गया। इनकी पहचान मोहम्मद रफीक और निरंजन गौड़ के रूप में हुई। मोहम्मद रफीक बिहार के औरंगाबाद जिले के रफीगंज का रहने वाला है, लेकिन अभी झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल पुलिस स्टेशन क्षेत्र में रहता है। वहीं, निरंजन गौड़ जमशेदपुर के बागबेड़ा पुलिस स्टेशन क्षेत्र का निवासी है। तीसरा आरोपी मौके से भाग निकला।

पुलिस ने पिस्तौल और कारतूस भी जब्त किए

पुलिस ने इनके कब्जे से 1,340.720 ग्राम लूटी गई ज्वेलरी, एक बैग, वारदात में इस्तेमाल चाकू, एक मोबाइल फोन, एक देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। रफीक के दिए सुराग के आधार पर पिस्तौल और कारतूस भी जब्त किए गए। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बाकी फरार आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।