1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड के बोकारो में रेल हादसा: मालगाड़ी के चार वैगन पटरी से उतरे, रेल प्रशासन में हड़कंप

झारखंड के बोकारो में रेल हादसा: मालगाड़ी के चार वैगन पटरी से उतरे, रेल प्रशासन में हड़कंप

 Published : Apr 15, 2026 06:07 pm IST,  Updated : Apr 15, 2026 06:16 pm IST

झारखंड के बोकारो में रेल हादसे की खबर सामने आ रही है। यहां मालगाड़ी MTPS के चार वैगन पटरी से नीचे उतर गए हैं। राहत की बात ये है कि इस हादसे में किसी की भी जान नहीं गई है।

Rail accident in Bokaro- India TV Hindi
बोकारो में रेल हादसा। Image Source : REPORTER

झारखंड के बोकारो जिले में बुधवार को रेल हादसा देखने को मिला। बोकारो के गोमिया के डुमरी बिहार रेलवे स्टेशन के समीप आज बुधवार को एक मालगाड़ी MTPS के चार वैगन पटरी से उतर गए। इस घटना के बाद रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया, हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और एक बड़ा रेल हादसा टल गया है। यह हादसा डुमरी बिहार  स्टेशन के पास बने यार्ड लाइन नंबर 7 में उस समय हुआ जब मालगाड़ी अपनी गति में थी। 

कैसे हुआ हादसा?

बताया जा रहा है कि कोयला लोड मालगाड़ी लोडिंग पॉइंट से कोयला लेकर मेजिया थर्मल पॉवर स्टेशन (MTPS), पश्चिम बंगाल जा रही थी। गाड़ी डुमरी बिहार रेलवे स्टेशन से 7:26 मिनट में खुली ही थी कि 7 बजकर 29 मिनट पर अचानक मालगाड़ी के चार वैगन बेपटरी हो गए। जिससे बोगी नंबर 7 और 8 पोल संख्या DMBR/1117 व लाइन नंबर 7 बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। घटना के वक्त पोल DMBR/1117 भी अपने स्थान से उखड़कर वैगन के ऊपर चला गया।

कई ट्रेनों को बीच में ही रोकना पड़ा

मौके पर पहुंचे डुमरी बिहार रेलवे स्टेशन प्रबंधक पीपी टोप्पो व ट्रफिक इंस्पेक्टर (TI) अवधेश कुमार राम क्षति का आंकलन और रेलवे लाइन को दुरुस्त करने में जुटे हैं। बताया गया है कि रेल मंडल के वरीय अधिकारियों को घटना से सूचित किया गया है। घटना के बाद इस रूट पर रेल परिचालन आंशिक रूप से प्रभावित हुआ है। कई ट्रेनों को बीच में ही रोकना पड़ा या उनके मार्ग में परिवर्तन की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, सूचना मिलते ही धनबाद रेल मंडल के वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीमें घटना स्थल पहुंचकर कार्रवाई में जुटी है। 

अधिकारियों ने की त्वरित कार्रवाई

रेल सेवा को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए  अधिकारी युद्ध स्तर पर ट्रैक को खाली कराने और वैगनों को वापस पटरी पर लाने के काम में जुटे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रेल यातायात को सामान्य करने में कुछ घंटों का समय लग सकता है। रेलवे द्वारा हादसे के कारणों की जांच के लिए एक टीम का गठन किया जा रहा है ताकि यह पता लगाया जा सके कि तकनीकी खराबी या ट्रैक में किसी खामी की वजह से यह हादसा हुआ। (रिपोर्ट: मृत्युंजय)

ये भी पढे़ें- धनबाद में रेल हादसा: पूर्वा एक्सप्रेस से गिर गए पति-पत्नी, रेलवे ने यात्रियों से की अपील

मां को 5 हजार रुपये देकर घर से निकला था अविनाश, डोबो पुल पर लापता, स्कूटी-मोबाइल देख रो पड़े परिजन

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।