चतरा: झारखंड के चतरा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि यह घटना एक महीने पुरानी है, जिसका अब खुलासा किया गया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि जिले में एक व्यक्ति ने अपने साथियों के साथ मिलकर कथित तौर पर अपनी मां के प्रेमी की हत्या की थी। हत्या के बाद उन्होंने शव को जंगल में दफना दिया था। फिलहाल शव को भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि यह घटना लावालॉन्ग पुलिस थाना क्षेत्र के तुंगुन गांव में हुई थी। पुलिस ने शव को मंधानिया के घने जंगल से बरामद किया।
साथियों के साथ मिलकर की हत्या
एसडीपीओ (सिमारिया) नागरागोजे शुभम भाऊसाहेब ने बताया, “मुख्य आरोपी राकेश मुंडा ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर गुड्डू मुंडा को मंधानिया घाटी के पास चलती बस से जबरदस्ती खींच लिया। उन्होंने उसके साथ मारपीट की, उसे जंगल में ले गए और उसकी हत्या कर दी। सबूत मिटाने के लिए शव को 30 मार्च को वहीं दफना दिया गया।” उन्होंने आगे कहा, “यह हत्या कथित तौर पर पीड़ित और मुख्य आरोपी राकेश की मां के बीच प्रेम संबंध को लेकर हुए विवाद के कारण हुई।”
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित के पिता द्वारा लिखित शिकायत दर्ज कराने के बाद 15 मई को मामला दर्ज किया गया। उन्होंने कहा, “पुलिस ने तकनीकी निगरानी का इस्तेमाल करते हुए एक आरोपी महेश गंजू का पता लगाया और उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उससे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने शव बरामद किया।” पुलिस ने बताया कि चतरा जिले के अलग-अलग गांवों के निवासी तीन आरोपियों महेश, नितेश कुमार और कमलेश कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी राकेश को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी जारी है।
यह भी पढ़ें-