1. Hindi News
  2. झारखण्ड
  3. झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया हुई शुरू, पहले दिन 3 उम्मीदवारों ने भरा पर्चा

झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया हुई शुरू, पहले दिन 3 उम्मीदवारों ने भरा पर्चा

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Oct 18, 2024 11:37 pm IST,  Updated : Oct 18, 2024 11:37 pm IST

झारखंड में पहले चरण के तहत 43 सीटों पर चुनाव होंगे, जिसके लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई है। पहले दिन तीन प्रत्याशियों ने पर्चा भरा।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

झारखंड में दो चरणों में 13 और 20 नवंबर को चुनाव होंगे और वोटों की गिनती 23 नवंबर को होगी। पहले चरण के तहत 43 सीटों पर चुनाव होंगे, जिसके लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई है। पहले दिन तीन प्रत्याशियों ने पर्चा भरा। नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 25 अक्टूबर तक जारी रहेगी और दोपहर 11:00 बजे से 3:00 बजे तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी नेहा अरोड़ा ने कहा कि तीन प्रत्याशियों ने पहले दिन नामांकन पत्र दाखिल किया।

इन सीटों पर नामांकन पत्र हुआ दाखिल 

उन्होंने कहा, "जमशेदपुर पश्चिम, रांची और कांके निर्वाचन क्षेत्रों के लिए एक-एक प्रत्याशी ने नामांकन पत्र दाखिल किया।" अधिकारियों ने बताया कि नामांकन दाखिल करने के लिए उम्मीदवार समेत केवल पांच लोग ही निर्वाचन अधिकारी के कक्ष में प्रवेश कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सामान्य उम्मीदवारों के लिए जमानत राशि 10,000 रुपये निर्धारित की गई है, जबकि अनुसूचित जाति (एससी)/अनुसूचित जनजाति (एसटी) उम्मीदवारों को जमानत राशि के तौर पर 5,000 रुपये जमा करने होंगे। प्रत्येक उम्मीदवार चुनाव प्रचार पर अधिकतम 40 लाख रुपये खर्च कर सकता है। 

चुनाव में लगभग 2.60 करोड़ मतदाताओं के मतदान करने की उम्मीद है। इनमें पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं की संख्या 11.84 लाख होगी और 1.13 लाख मतदाताओं में दिव्यांग, तृतीय लिंगी और 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं। 2019 के विधानसभा चुनाव में मतदाताओं की संख्या 2.23 करोड़ थी। नामांकन पत्रों की जांच 28 अक्टूबर को होगी और नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर है।

इन सीटों पर 13 नवंबर को होगा मतदान 

सामान्य श्रेणी के तहत जिन निर्वाचन क्षेत्रों में 13 नवंबर को मतदान होना है उनमें कोडरमा, बरकट्ठा, बरही, बरकागांव, हजारीबाग, बहरागोड़ा, जमशेदपुर पूर्व, जमशेदपुर पश्चिम, ईचागढ़, रांची, हटिया, पांकी, डालटनगंज, बिश्रामपुर, हुसैनाबाद, गढ़वा और भवनाथपुर शामिल हैं। अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीट में घाटशिला, पोटका, सरायकेला, चाईबासा, मझगांव, जगनाथपुर, मनोहरपुर, चक्रधरपुर, खरसावां, तमाड़, तोरपा, खूंटी, मांडर, सिसई, गुमला, बिशुनपुर, सिमडेगा, कोलेबीरा, लोहरदगा और मनिका शामिल हैं। इसके अलावा, अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों- सिमरिया, चतरा, जुगसलाई, कांके, लातेहार और छतरपुर में भी उसी दिन मतदान होना है। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें- 

महाराष्ट्र में SP ने 4 सीटों पर उतारे उम्मीदवार, MVA गठबंधन से चल रही थी बातचीत

ED की बड़ी कार्रवाई, मनी लॉन्ड्रिंग केस में IAS अधिकारी और पूर्व विधायक गिरफ्तार

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। झारखण्ड से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।