1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फैशन और सौंदर्य
  4. क्या मेकअप आंखों को नुकसान पहुंचा सकता है? एक्सपर्ट से जानें आई मेकअप हाइजीन के ज़रूरी टिप्स

क्या मेकअप आंखों को नुकसान पहुंचा सकता है? एक्सपर्ट से जानें आई मेकअप हाइजीन के ज़रूरी टिप्स

 Written By: Poonam Yadav @R154Poonam
 Published : Sep 14, 2025 07:17 pm IST,  Updated : Sep 14, 2025 07:17 pm IST

आई मेकअप से चेहरा तो सुंदर लगता है लेकिन इस वजह से सबसे बड़ा खतरा आंखों को होता है। चलिए, एक्सपर्ट से जानते हैं क्या

आई मेकअप हाइजीन टिप्स- India TV Hindi
आई मेकअप हाइजीन टिप्स Image Source : FREEPIK

महिलाओं को सुंदर दिखाने में आई मेकअप बेहद अहम रोल अदा करता है। मस्कारा, काजल, आईलाइनर और आईशैडो का इस्तेमाल आँखों को खूबसूरत बनाने के लिए किया जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं यह आदत आपकी आँखों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। महाराष्ट्र स्थित पुणे में वेन्सर हॉस्पिटल में आई एक्सपर्ट डॉ. शारून शितोले कहते हैं कि आई मेकअप से आंखों से जुड़ी कई समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में चलिए जानते हैं आई मेकअप से जुड़े नुकसान से बचने के लिए क्या करना चाहिए?

कब होती हैं आंखों से जुड़ी समस्याएं:

  • पुराना मेकअप का इस्तेमाल: पुराना या एक्सपायर मेकअप प्रोडक्ट्स बैक्टीरिया का घर बन जाते हैं। जब इन्हें आँखों के पास लगाया जाता है तो यह संक्रमण का कारण बन सकते हैं। इसके लक्षणों में आँखों का लाल होना, जलन, खुजली और पानी आना शामिल हैं। कई बार मवाद या सूजन भी हो सकती है।

  • मेकअप प्रोडक्ट्स शेयर करना: दूसरा खतरा मेकअप प्रोडक्ट्स को शेयर करने से होता है। अक्सर लोग मस्कारा या काजल दूसरों के साथ इस्तेमाल कर लेते हैं, लेकिन यह आदत बहुत खतरनाक है। ऐसा करने से बैक्टीरिया एक व्यक्ति से दूसरे तक फैल जाते हैं और आँखों में इंफेक्शन का जोखिम बढ़ जाता है।

  • लंबे समय तक आई मेकअप रखना: मस्कारा और आईलाइनर का लंबे समय तक इस्तेमाल करने से पलक की जड़ों में रुकावट आ सकती है। इससे बाल झड़ने लगते हैं और सूजन (स्टाई) जैसी समस्या हो सकती है। इसी तरह, वॉटरलाइन (आँखों की भीतरी लाइन) पर मेकअप लगाने से आंसू ग्रंथियों के छिद्र बंद हो सकते हैं, जिससे आँखों में सूखापन और जलन बढ़ सकती है।

ज़रूरी हाइजीन टिप्स:

  • अच्छे क्वालिटी के प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करें: आई मेकअप से जुड़े नुकसान से बचने के लिए कुछ ज़रूरी हाइजीन टिप्स अपनाना बहुत फायदेमंद है। सबसे पहले, हमेशा ब्रांडेड और अच्छे क्वालिटी के प्रोडक्ट्स ही इस्तेमाल करें और उनकी एक्सपायरी डेट ज़रूर जांचें। मेकअप लगाने से पहले और बाद में हाथ अच्छी तरह धोएँ। रात को सोने से पहले मेकअप ज़रूर उतारें, क्योंकि रातभर मेकअप रहने से आँखें सांस नहीं ले पातीं और संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।

  • मेकअप ब्रश करें साफ: मेकअप ब्रश और अप्लिकेटर को नियमित रूप से साफ करना भी बेहद ज़रूरी है। इन्हें गंदा छोड़ने से बैक्टीरिया बढ़ते हैं और यह सीधा आँखों तक पहुँच सकते हैं। इसके अलावा, मेकअप प्रोडक्ट्स को किसी के साथ साझा न करें और उन्हें हमेशा ठंडी, सूखी जगह पर रखें।

मेकअप सही तरीके से किया जाए तो सुरक्षित है, लेकिन हाइजीन का ध्यान न रखने पर यह गंभीर समस्याएँ पैदा कर सकता है। इसलिए आँखों को स्वस्थ और सुंदर बनाए रखने के लिए मेकअप प्रोडक्ट्स की गुणवत्ता, समय पर सफाई और सही आदतों का पालन करना बेहद ज़रूरी है।

Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Fashion and beauty tips से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल