बाल झड़ने की समस्या से आजकल हर कोई परेशान है। ऐसे में इससे बचाव करने के लिए लोग अक्सर हेयर ऑयल, महंगे शैम्पू और बायोटिन सप्लीमेंट्स का सहारा लेते हैं। लेकिन क्या ये सभी चीजें वाकई हेयर फॉल कंट्रोल करने में फायदेमंद हैं? डर्मफॉलिक्स हेयर ट्रांसप्लांट & स्किन क्लिनिक की फाउंडर और एमबीबीएस, एमडी, डर्मेटोलॉजिस्ट एवं एस्थेटिक फिजिशियन डॉ. आंचल पंथ, कहती हैं कि, बालों को लेकर कई ऐसी धारणाएं हैं जिन पर लोग आंख बंद कर यकीन करते हैं। हेयर शैम्पू, सप्लीमेंट्स या हेयर ऑयल को लेकर भी लोगों में कुछ इस तरह के ही मिथ है जिसे तोडना ज़रूर है। आइए जानते हैं हेयर फॉल से जुड़े ये मिथक और उनकी सच्चाई।
क्या इन चीजों के इस्तेमाल से रुकता है बालों का झड़ना?
-
मिथक 1: हेयर ऑयल लगाने से बाल झड़ना कम होता है: हेयर ऑयल बालों को पोषण देता है। उन्हें मजबूत बनाता है लेकिन यह हेयर फॉल की समस्या को कंट्रोल नहीं करता है। हालांकि, हेयर ऑयल बालों पर एक परत बनाता है और रूखेपन और फ्रिजिनेस को कम करता है। यह डैमेज बालों के टूटने को कम करने में भी मदद कर सकता है। अगर आपको डैंड्रफ है, तो आपको स्कैल्प पर तेल लगाने से बचना चाहिए। हेयर ऑयल का इस्तेमाल बाल धोने से 2 घंटे पहले किया जा सकता है। रात भर तेल लगाकर रखने का कोई फ़ायदा नहीं है।
-
मिथक 2 : शैम्पू से बाल झड़ना कम होता है: शैम्पू बालों को झड़ने से नहीं बचाता है, इसका मुख्य काम स्कैल्प को साफ़ करना है। शैम्पू में सर्फेक्टेंट पाए जाते हैं मुख्य रूप से सफाई एजेंट होते हैं और स्कैल्प से सीबम, गंदगी और पसीने को हटाने का काम करते हैं। रूखे बालों के लिए, आप एवोकाडो, नारियल या आर्गन ऑयल जैसे मॉइस्चराइजिंग इंग्रीडिएंट्स वाला शैम्पू चुन सकते हैं। बाल पतले होने पर कैफीन वाला शैम्पू इस्तेमाल करना फ़ायदेमंद हो सकता है। लेकिन ध्यान रखें इससे हेयर फॉल कंट्रोल नहीं हो सकता
-
मिथक 3: बायोटिन सप्लीमेंट्स बाल झड़ना रोकते हैं: सिर्फ बायोटिन की कमी से बाल नहीं झड़ता है, बाल झड़ने की सबसे आम वजहें आयरन, विटामिन D, विटामिन B, जिंक, सेलेनियम आदि की कमी हैं। इन माइक्रोन्यूट्रिएंट्स के सप्लीमेंट्स लेना ज़्यादा फ़ायदेमंद होगा। सप्लीमेंट्स लेने से पहले डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेना सबसे अच्छा है ताकि आपको पता चल सके कि किस चीज़ की ज़रूरत है। सप्लीमेंट्स कम से कम 3 महीने तक लेने चाहिए।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।