बारिश के मौसम में बालों से जुड़ी कई तरह की समस्याएं होती है। ऐसे में हेयर प्रॉब्लम्स से छुटकारा पाने के लिए लोग कई तरह के हेयर केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन मुल्तानी मिट्टी का इस्तेमाल कर बालों से जुड़ी समस्याओं से आसानी से छुटकारा पाया जा सकता है। मुल्तानी मिट्टी का इस्तेमाल सदियों से त्वचा और बालों की खूबसूरती बढ़ाने के लिए किया जा रहा है। यह एक नेचुरल क्लींजर है, जो बिना किसी केमिकल के बालों की कई समस्याओं को जड़ से खत्म कर सकती है। आइए जानते हैं कि बालों में मुल्तानी मिट्टी लगाने से क्या होता है और इसका इस्तेमाल करने का सही तरीका क्या है।
बालों में मुल्तानी मिट्टी लगाने के फायदे
स्कैल्प की गहरी सफाई
मुल्तानी मिट्टी स्कैल्प पर जमी धूल-मिट्टी, प्रदूषण और एक्सट्रा ऑयल को गहराई से साफ करती है।
डैंड्रफ से छुटकारा
इसमें मौजूद एंटी-बैक्टीरियल गुण स्कैल्प के इन्फेक्शन और डैंड्रफ को कम करने में बेहद मददगार हैं।
ब्लड सर्कुलेशन में सुधार
इसे स्कैल्प पर लगाने से ब्लड फ्लो बेहतर होता है, जिससे बालों की जड़ों को पोषण मिलता है और बालों का झड़ना कम होता है।
नेचुरल कंडीशनर
मुल्तानी मिट्टी रूखे और बेजान बालों को गहराई से कंडीशन करके उन्हें मुलायम, चमकदार और सिल्की बनाती है। ऐसे में आप इसे हफ्ते में एक से दो बार इस्तेमाल कर सकते हैं।
मुल्तानी मिट्टी इस्तेमाल करने का सही तरीका
चूंकि मुल्तानी मिट्टी की प्रकृति सोखने की होती है, इसलिए इसे कभी भी सीधे बालों में नहीं लगाना चाहिए, वरना बाल रूखे हो सकते हैं। इसे हमेशा अन्य पोषक तत्वों के साथ मिलाकर हेयर पैक के रूप में लगाएं।
1. मुल्तानी मिट्टी और नींबू
ऑयली बालों और डैंड्रफ से छुटकारा दिलाने में मुल्तानी मिट्टी और नींबू का हेयर पैक बेहद कारगर माना जाता है। इसके लिए 3 चम्मच मुल्तानी मिट्टी, 2 चम्मच नींबू का रस और थोड़ा सा गुलाब जल मिलाकर एक हेयर मास्क बनाएं। फिर इसे बालों पर अप्लाई करें। आधे घंटे के बाद इसे धो लें।
2. मुल्तानी मिट्टी और दही
रूखे और बेजान बालों से निजात पाने के लिए मुल्तानी मिट्टी और दही से बने हेयर मास्क का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए आप 3 चम्मच मुल्तानी मिट्टी, 4 चम्मच खट्टा दही और 1 चम्मच शहद लें। दही और शहद को मुल्तानी मिट्टी में मिलाकर पैक तैयार करें। इसे बालों की जड़ों से लेकर सिरों तक लगाएं। 25-30 मिनट बाद बालों को माइल्ड शैम्पू से धो लें। दही बालों को नमी देगा और मुल्तानी मिट्टी उन्हें साफ करेगी।