अंबानी परिवार का कोई भी फंक्शन हो, सभी की नजर नीता अंबानी के स्टाइल पर टिकी होती है। हाल ही में नीता अंबानी ने अपने जन्मदिन पर बेहद खूबसूरत और सादगी भरी आइवरी शेड की साड़ी पहनी। साड़ी में बारीक डिटेल्स के डिजाइन बने हैं जो उन्हें एकदम एलिगेंट लुक दे रहे हैं। उनकी साड़ी में बने गुलाबी कमल के फूल खबसूरती में चार-चांद लगा रहे हैं। साड़ी के साथ उन्होंने मैचिंग प्रिंटिड ब्लाउज पहना है। साथ में पर्ल ज्वेलरी और बालों में गजरा उन्हें सादगी की मूरत बना रहा है।
जन्मदिन पर आइवरी साड़ी में दिखीं नीता अंबानी
नीता अंबानी ने इस बार थोड़ा अलग हल्के आइवरी-टोन वाले कपड़े से बनी साड़ी चुनी है, जिस पर गुलाबी और हरे रंग के कमल के फूलों वाला डिजाइन बना हुआ है। ड्रेप पर कमल के बड़े-बड़े फूल बने हैं, जिससे साड़ी में एकदम गार्डन जैसा इफ़ेक्ट आ रहा है। साड़ी के किनारों पर एक पतला पैटर्न वाला बॉर्डर दिया गया है, जिससे साड़ी को काफी लाइट लुक मिल रहा है।
मैचिंग ब्लाउज के साथ किया टीमअप
उन्होंने साड़ी के साथ मैचिंग ब्लाउज कैरी किया है जिसमें हल्के फूल बने हुए हैं। मीडियम लेंथ वाली स्लीव्स और क्लासिक नेकलाइन के साथ उनके ब्लाउज पर आइवरी बेस और गुलाबी रंग के डार्क ज्योमेट्रिक पैटर्न जैसे फूल बने हैं। यह कंट्रास्ट साड़ी पर बने बड़े फूलों के डिज़ाइन के साथ खास तौर पर अच्छा लग रहा है, जो सॉफ्टनेस और स्ट्रक्चर को बैलेंस कर रहा है। ब्लाउज में डीप वी नेक दिया है जिसे डोरी से बांधा गया है। ब्लाउज में बारीक टाई-अप डिटेलिंग और बीच में एक छोटा सा डेकोरेटिव एलिमेंट के साथ फिनिश किया गया है। फ्री पल्लू के साथ नीता अंबानी जिस अंदाज में साड़ी को कैरी करती हैं ऐसा लगता है कि वो उनके शरीर का ही एक हिस्सा है। साड़ी उनके चारों ओर एकदम नैचुरली गिरती है। साड़ी में वो पूरी तरह से रिलैक्स्ड और एलिगेंट लगती हैं।
रूबी और पर्ल ज्वेलरी में दिखा एलिगेंट लुक
साड़ी के साथ नीता अंबानी की ज्वेलरी पर भी सभी की निगाहें टिकी होती हैं। आइवरी साड़ी के साथ उन्होंने मैरून पत्थर वाले पारंपरिक सोने और जेमस्टोन वाले ईयररिंग पहने हैं। गले में मैचिंग पर्ल और पिंक रूबी से जड़ी माला पहनी है। दोनों हाथों में गोल्डन और पिंक चूड़ियां पहनी हैं। बालों को जूड़ा बनाया है जिसमें गजरा उनकी खूबसूरती को बढ़ा रहा है। गजरे में सफेद चमेली के फूल लगे हैं और माथे पर लाल बिंदी लगी है।
नीता अंबानी का मेकअप नेचुरल टोन में किया गया है जिसमें सॉफ्ट लाइनर से आंखों को डिफाइन किया गया है। हल्का ब्लश और म्यूटेड रोज लिप्स शेड दिया गया है, जो साड़ी के फ्लोरल टोन को कॉम्प्लिमेंट कर रहे हैं। नीता अंबानी का पूरा लुक गार्डन-इंस्पायर्ड लग रहा है।