1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. फीचर
  4. कुकर में बनाना चाहते हैं एक गिलास चावल, तो जान लें कितना कप पानी डालें

कुकर में बनाना चाहते हैं एक गिलास चावल, तो जान लें कितना कप पानी डालें

 Written By: Ritu Raj
 Published : May 22, 2026 09:56 am IST,  Updated : May 22, 2026 09:56 am IST

परफेक्ट चावल बनाना किसी कला से कम नहीं है। खासकर जब बात कुकर में चावल बनाने की हो। कई लोग अंदाज से ही पानी डालते हैं जिससे चावल या तो गीले हो जाते हैं या नीचे से जल जाते हैं। यहां हम आपको बताने जा रहे हैं एक गिलास चावल बनाने के लिए कितने गिलास पानी डालें।

कुकर में एक गिलास चावल कैसे बनाएं- India TV Hindi
कुकर में एक गिलास चावल कैसे बनाएं Image Source : MAGNIFIC

चावल के बिना भारतीय भोजन अधूरा माना जाता है। ज्यादातर लोग लंच में दाल-चावल या फिर राजमा चावल, कढ़ी चावल खाना पसंद करते हैं। समय की बचत के लिए लोग चावल बनाने के लिए कुकर का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन कुकर में खिले-खिले और परफेक्ट चावल बनाना एक कला है। अक्सर लोग अंदाजे से पानी डाल देते हैं, जिससे चावल या तो गीले हो जाते हैं या फिर नीचे से जल जाते हैं। अगर आप एक गिलास चावल बना रहे हैं, तो पानी का सही माप जानना बेहद जरूरी है। यहां हम आपको बताने जा रहे हैं अगर आप एक गिलास चावल बना रहे हैं तो कितना गिलास पानी डालें। 

पानी का सही अनुपात

अगर आप एक गिलास चावल बना रहे हैं, तो पानी का अनुपात चावल की वैराइटी पर निर्भर करता है। अगर आप नए चावल बना रहे हैं तो एक कप चावल के लिए 2 कप पानी लें। वहीं बासमती या पुराने चावल के लिए 1.5 से 1.75 कप पानी।

परफेक्ट कुकर राइस बनाने की विधि
सिर्फ पानी का सही माप ही नहीं, बल्कि बनाने का तरीका भी चावल को शानदार बनाता है। ऐसे में यहां जान लें परफेक्ट चावल कैसे बनाएं। 

चावल को अच्छी तरह धोएं: सबसे पहले एक गिलास चावल को साफ पानी से 2-3 बार धो लें ताकि उसका एक्सट्रा स्टार्च निकल जाए। इससे चावल आपस में चिपकते नहीं हैं।

भिगोना: अगर आप बासमती चावल बना रहे हैं, तो उन्हें धोने के बाद 15-20 मिनट के लिए भिगो कर रख दें। अगर समय नहीं है, तो सीधे भी बना सकते हैं।

कुकर में सेट करें: धुले हुए चावल को कुकर में डालें। अब ऊपर बताए अनुसार लगभग 1.5 से 2 गिलास पानी डालें।

थोड़ा सा घी या तेल: चावल को नॉन-स्टिकी और खुशबूदार बनाने के लिए इसमें आधा छोटा चम्मच घी या तेल और दो बूंद नींबू का रस मिला दें।

सीटी का हिसाब: कुकर का ढक्कन बंद करें और तेज आंच पर 1 से 2 सीटी लगाएं। पुराने चावल में 2 सीटी और नए या भीगे हुए चावल में 1 सीटी लगाएं।

कुकर का प्रेशर न निकालें
सीटी आने के बाद गैस बंद कर दें, लेकिन कुकर का प्रेशर खुद से न निकालें। तुरंत ढक्कन खोलने की गलती न करें। कुकर के अंदर बची हुई भाप चावल को पूरी तरह से पकाने और उन्हें खिला-खिला बनाने में मदद करती है। 10-12 मिनट बाद जब प्रेशर खत्म हो जाए, तब ढक्कन खोलें और कांटे की मदद से चावल को हल्के हाथों से ऊपर-नीचे करें।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Features से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल