घरों में साफ सफाई के लिए जिस क्लीनर का इस्तेमाल होता है ज्यादातर लोग उसे बाजार से खरीदकर लाते हैं। मार्केट में मिलने वाले क्लीनर से दाग-धब्बे तो साफ हो जाते हैं लेकिन घर में और बाथरूम में एक अजीब सी गंध आने लगती है जो कई दिनों तक परेशान करती है। अगर आपको भी ऐसी स्मैल से परेशानी होती है तो घर में एक खुशबूदार बाथरूम क्लीनर बना सकते हैं। इसके लिए आपको ज्यादा मेहनत करने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी, सिर्फ संतरे के छिलकों से इस क्लीनर को तैयार किया जा सकता है। इससे बाथरूम, शीशे, फर्श या स्लैब आप कोई भी कोना साफ कर सकते हैं। आइये जानते हैं घर में क्लीनर बनाने का तरीका।
घर में बाथरूम क्लीनर कैसे बनाएं?
इसके लिए आपको एक कांच का जार लेना है उसमें संतरे के छिलके डाल दें। अब इसमें सफेद सिरका डाल दें। सिरका इतना होना चाहिए जिससे सारे छिलके डूब जाएं। अब जार को बंद कर दें और इसे 2-3 बार अच्छी तरह से हिलाएं। दो हफ्ते के लिए इस जार को किसी गर्म जगह पर रख दें। समय पूरा होने के बाद इस इसे छानकर किसी स्प्रे बोतल में भर लें। आप चाहें तो इसमें 1-2 बूंद कोई लिक्विड सोप भी डाल सकते हैं। सारी चीजों को मिलाकर अच्छी तरह से हिलाएं और तैयार है आपका एकदम खुशबूदार नेचुरल क्लीनर।
बाथरूम और फर्श चमकने लगेगा
आप इस स्प्रे को किसी भी कांच, गैस टॉप, फर्श, बाथरूम की टाइल्स, बाथरूम में टॉयलेट सीट या वॉश बेसिन में स्प्रे कर दें। फर्श पर इसे स्प्रे कर दें। इससे पानी के दाग, खाने-पीने के निशान, तेल के निशान और फर्श पर जमी गंदगी आसानी से साफ हो जाएगी। इससे मक्खी और कॉकरोच भी दूर भाग जाएंगे।
सफाई के बाद नहीं आएगी बदबू
सबसे खास बात ये है कि इस स्प्रे को बिना मेहनत के बिना खर्चा किए आसानी से घर में तैयार किया जा सकता है। इससे बाथरूम में गंदी बदबू नहीं आएगी और घर में किसी तरह की स्मैल परेशान नहीं करेगी।