आजकल खाने-पीने को लेकर इंटरनेट पर लाखों वीडियो मिल जाएंगे, जिसमें हेल्दी फूड, क्या नहीं खाना चाहिए और क्या खाना चाहिए, इसके बारे में आपको भरपूर जानकारी मिल जाएगी। अब लोग सेहत को लेकर काफी जागरुक भी हो गए हैं और अपनी डाइट में भी बदलाव लाते रहते हैं। इसी कड़ी में उनके मन में खान पान से संबंधित कई सवाल उठते रहते हैं जैसे क्या ब्राउन शुगर सफेद चीनी से बेहतर है? आजकल ज्यादातर लोग हेल्दी विकल्प के रूप में ब्राउन शुगर का इस्तेमाल करते हैं लेकिन इस बात को समझना जरूरी है कि क्या सचमुच ब्राउन शुगर हेल्दी है या यह सिर्फ एक मिथक है। आइये जानते हैं।
ब्राउन शुगर और सफेद चीनी में क्या अंतर है?
आशा आयुर्वेदा की डायरेक्टर और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर चंचल शर्मा ने बताया कि सफेद चीनी (White Sugar) यानी रिफाइंड शुगर। जब चीनी को अच्छी तरह से रिफाइंड कर दिया जाता है तब व्हाइट शुगर बनती है। इसमें से गुड़ को निकालकर अलग कर दिया जाता है। लेकिन जब आप ब्राउन शुगर का इस्तेमाल करते हैं तब उसमें कुछ मात्रा में गुड़ बचा होता है इसलिए वह रंग रूप में भूरा होता है और उसका स्वाद भी सफ़ेद चीनी से थोड़ा अलग होता है।
पोषण के हिसाब से ब्राउन शुगर और सफेद चीनी में कितना फर्क?
अक्सर लोगों के मन में यह भ्रम होता है कि ब्राउन शुगर में मोलासिस (Molasses) मौजूद होने के कारण उसमें आयरन, पोटैशियम, कैल्शियम जैसे अन्य मिनरल्स भी पाए जाते होंगे, लेकिन असल में इनकी मात्रा बहुत कम होती है। जब आप ब्राउन शुगर का सेवन करते हैं तो उससे कुछ खास स्वास्थ्य लाभ नहीं होता है। अगर आप डाइट को लेकर बहुत सजग हैं और आपको ऐसा लगता है कि ब्राउन शुगर खाकर आप कैलोरी डेफिसिट डाइट पर हैं तो यह मात्र भ्रम है क्योंकि दोनों में लगभग सामान रूप से कैलोरी मौजूद होता है।
क्या ब्राउन शुगर वजन कम करने में मदद करती है?
लोगों को यह गलतफहमी होती है कि ब्राउन शुगर खाकर वह अपना वजन कम कर लेंगे क्योंकि इसमें कैलोरी कम होती है लेकिन सच यह है कि चीनी किसी भी रूप से आपके स्वास्थ्य के लिए अच्छी नहीं है। इसलिए अगर आप वजन कम करना चाहते हैं तो ब्राउन या सफेद किसी भी चीनी का प्रयोग न करें।
ब्लड शुगर पर असर
अगर ब्लड शुगर की बात करें तो दोनों ही प्रकार की चीनी आपके ब्लड शुगर के स्तर को बढ़ाता है। इसलिए जिन लोगों को डायबिटीज की शिकायत होती है उन्हें दोनों प्रकार की चीनी इस्तेमाल करने से मना किया जाता है। यह आपके स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक है।
चीनी का सही विकल्प क्या है?
चीनी का प्रयोग आपके स्वास्थ्य के लिहाज से किसी भी रूप में अच्छा नहीं है इसलिए अगर आप एक बेहतर विकल्प चुनना चाहते हैं तो अपने आहार में चीनी की मात्रा को कम करें या जितना हो सके प्राकृतिक स्रोतों का प्रयोग करें जैसे खजूर या ऐसे फल जिसमें प्राकृतिक शुगर मौजूद होती है।
|
आटा गूंथने के कितनी देर बाद खराब हो जाता है, फ्रिज में रखने पर कितने दिन में आटा बेकार होने लगता है? |