भारतीय घरों में रोटी थाली का सबसे अहम हिस्सा होता है। कुछ घरों में एक टाइम और कुछ घरों में दोनों टाइम रोटी बनाई और खाई जाती हैं। लेकिन ज्यादातर लोग समय की कमी और आलस के चक्कर में एक वक्त ही आटा गूंथ लेते हैं। गूंथे हुए आटे को फ्रिज में रख देते हैं और फिर इससे रोटियां बनाकर खाते रहते हैं। सुबह का आटा शाम को और रात का आटा सुबह इस्तेमाल करते रहते हैं। आइये जानते हैं गूंथा हुआ आटा कितनी देर में खराब हो जाता है। क्या फ्रिज में रखी बासी आटे की रोटियां खानी चाहिए?
आटा गूंथने के कितनी देर बाद खराब हो जाता है?
हेल्थ एक्सपर्ट की मानें तो आटे में पानी डालने के बाद केमिकल बदलाव होने लगते हैं। आटे को गूंथकर बाहर रखने पर बहुत जल्दी फर्मेंटेशन शुरू हो जाता है। नमी के कारण हवा में मौजूद बैक्टीरिया और फंगस आटे में आने लगते हैं। अब अगर आप ये सोचकर फ्रिज में आटा रख देते हैं कि फ्रिज में ठंडा रहने पर आटा खराब नहीं होगा, तो आपका सोचना गलता है। फ्रिज में घंटों रखे आटे में भी बैक्टीरिया पनप सकते हैं। ठंडी और नमी वाली जगह पर भी आटा खराब होने लगता है।
खराब आटे की पहचान कैसे करें?
खराब आटे की पहचान है अगर आटे में खमीर जैसा उठने लगा है। आटा बाहर रखे हुए ही फर्मेंट हो चुका है, तो ऐसे आटे की रोटी नहीं खानी चाहिए। अगर फ्रिज में रखा आटा काला पड़ गया है। हल्का चिपचिपा सा हो गया है और आटे से गंध आ रही है तो ऐसा आटा खराब हो चुका है। इसकी रोटी भूलकर भी न खाएं।
फ्रिज के आटे से बनी रोटी खाने से क्या होता है?
फ्रिज में रखे बासी आटे की रोटी खाने से कई बार पाचन की समस्या हो सकती है। कुछ लोगों को ऐसी रोटी खाने से पेट फूलने की समस्या, गैस और एसिडिटी होने लगती है। पुराने रखे आटे की रोटी पचाने में भी मुश्किल आती है। ताजा आटे में ज्यादा पोषक तत्व होते हैं जो रखे हुए आटे में धीरे-धीरे कम होने लगते हैं। अगर आटा बहुत ज्यादा पुराना रखा है और खराब हो चुका है तो ऐसे आटे की रोटी खाने से फूड पॉइजनिंग, उल्टी-दस्त भी हो सकते हैं।