गर्मियों आम के अलावा एक और मीठा और रसीला फल आता है लीची, जो बड़े और बच्चों सभी को खूब पसंद आता है। लीची खाने में बहुत टेस्टी लगती हैं। लीची से अलग-अलग तरह की डिश जैसे लीची शेक, लीची जूस, लीची आइसक्रीम और लीची मॉकटेल ड्रिंक्स भी बनाए जाते हैं। सिर्फ स्वाद ही नहीं लीची शरीर के लिए भी फायदेमंद फल है। लीची में विटामिन सी की मात्रा काफी ज्यादा होती है। इतना ही नहीं गर्मी में शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए लीची अच्छी हैं क्योंकि इसमें 81 प्रतिशत पानी पाया जाता है। मई के आखिर में और जून के शुरुआत में लीची मिलने लगती है। भारत में लीची की अच्छी पैदावार होती है। लेकिन क्या जानते हैं भारत में सबसे ज्यादा लीची कहां पैदा होती है। लीची कैपिटल ऑफ द वर्ल्ड किस जगह को कहा जाता है।
कहां होती है लीची की सबसे ज्यादा पैदावार
ज्यादातर लोग यही जानते हैं कि लीची ठंडी जगहों पर यानि पहाड़ों पर पैदा होती है। लेकिन ऐसा नहीं है लीची गर्म जगह पर उगाई जाती है। सबसे ज्यादा लीची की पैदावार बिहार के मुजफ्फरपुर में होती है। यहां उगने वाली लीची सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि विदेशों में भी सप्लाई होती है। भारत में सबसे ज्यादा लीची का उत्पादन करने वाला केंद्र बिहार के मुजफ्फरपुर को माना जाता है। यहां का मौसम लीची की पैदावार के लिए बेस्ट माना जाता है।
लीची कैपिटल ऑफ द वर्ल्ड
बिहार के मुजफ्फरपुर को लीची की पैदावार के लिए जाना जाता है। मुजफ्फरपुर को लीची कैपिटल ऑफ द वर्ल्ड के नाम से जाना जाता है। यहां लीची की ज्यादा पैदावार के साथ अच्छी गुणवत्ता वाली लीची पैदा होती है। मुजफ्फरपुर की लीची की मिठास कहीं ज्यादा होती है। इसका जूसी टेक्सचर और खुशबू दूर-दूर तक अपनी पहचान बिखेर चुकी है। यहां हजारों एकड़ में लीची की पैदावार होती है। गर्म और नम जलवायु के कारण ये जगह लीची की पैदावार के लिए अच्छी मानी जाती है। मुजफ्फरपुर की लीची को जीआई टैग भी मिल चुका है।
दुनिया में सबसे ज्यादा लीची कहां उगाई जाती है?
वर्ल्ड में सबसे ज्यादा लीची की पैदावार कहां होती है, तो इसका जवाब है चीन, जहां लीची की पैदावार पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा होती है। दूसरे नंबर पर भारत का नाम आता है। जहां बिहार में सबसे ज्यादा लीची पैदा होती है।
लीची में पोषक तत्व
लीची स्वादिष्ट और सेहतमंद फल है। यूएसडीए की मानें तो अगर आप 100 ग्राम लीची खाते हैं तो इससे शरीर को 71.5 मिलीग्राम विटामिन सी मिलता है। लीची में विटामिन बी कॉम्प्लेक्स के विटामिन भी पाए जाते हैं। साथ ही कैल्शियम, पोटेशियम, मैग्नीशियम और फास्फोरस जैसे मिनरल होते हैं। लीची में नेचुरल शुगर और फाइबर भरपूर होता है।