वजन कंट्रोल करना सिर्फ दिखने भर तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे आपके स्वास्थ्य पर भी गहरा असर पड़ता है। कई बार हम अपने वजन को लेकर तब तक सतर्क नहीं होते जब तक कि हमारे सामने कोई स्वास्थ्य संबंधी चेतावनी न आ जाए। ज्यादातर लोग वजन घटाने के लिए तब जागते हैं जब मोटापा कंट्रोल से बाहर होने लगता है। जब मोटापे से संबंधित कई लक्षणों महसूस होने लगते हैं तो लोग अपनी जीवनशैली में बदलाव लाने का फैसला करते हैं।
गुंजनशाउट्स पॉडकास्ट पर बात करते हुए, आदित्य ने बताया कि कैसे उन्होंने हेल्दी और बैलेंस डाइट लेकर नियमित रूप से एक्सरसाइज करके और अपनी दिनचर्या में छोटे, टिकाऊ बदलाव करके अपना वजन 98 किलो से घटाकर 78 किलो कर लिया।
मोटापे ने दी चेतावनी
आदित्य ने बताया कि वो पढ़ाई के लिए 2020 में मेलबर्न चली गईं। जिसके एक महीने बाद ही कोविड-19 लॉकडाउन की घोषणा हो गई और घर से ही उन्हें अपनी कॉलेज की पढ़ाई करनी पड़ी। अचानक से इनएक्टिव लाइफस्टाइल की वजह से धीरे-धीरे उनका वजन काफी बढ़ गया। हालांकि उन्होंने जिम जाना शुरू किया और वजन कम करने के लिए कई तरीके आजमाए, लेकिन उन्होंने कहा कि वह आंतरिक रूप से संघर्ष कर रही थीं और अपने खान-पान पर कंट्रोल रखना उनके लिए मुश्किल हो रहा था।
खराब हो रही सेहत से मिला सबक
उन्होंने बताया कि 2024 के अंत और 2025 की शुरुआत में, मुझे सांस लेने में तकलीफ होने लगी। मेरे पैरों में सूजन आने लगी और सभी रक्त रिपोर्ट सामान्य थीं। मुझे मोटापे के सभी लक्षण महसूस होते थे, जिनमें पीठ दर्द, घुटनों में दर्द या बिना किसी कारण के शरीर में दर्द होता रहता था। परिवार के बार-बार कहने पर सचेत हुईं और फिर गुंजन तनेजा के फिटनेस और न्यूट्रिशन ग्रुप को ज्वॉइन किया।
डाइट से कैसे घटाया 20 किलो वजन
पॉडकास्ट के दौरान, आदित्य ने खुलासा किया कि डाइट प्लान तैयार करने से पहले उन्होंने अपनी न्यूट्रिशनिस्ट को बता दिया था कि उन्हें भारतीय खाना बहुत पसंद है और वजन कम करने की कोशिश करते समय वह स्वाद से समझौता नहीं करना चाहती थीं। इसी तरह उनका डाइट प्लान तैयार किया गया।
- सुबह- चिया सीड्स का पानी, अदरक-नींबू का पानी, सौंफ और अजवाइन का पानी, साथ ही मुट्ठी भर मेवे।
- नाश्ता- एवोकैडो टोस्ट, पोहा, एयर-फ्राइड ब्रेड पकौड़ा या पीनट बटर टोस्ट।
- नाश्ते के बाद- मौसमी फल।
- दोपहर का खाना- राजमा या कढ़ी चावल, साथ में 100 ग्राम सलाद और 100 ग्राम दही।
- शाम का नाश्ता- भुने हुए मेवे, भुने हुए मखाने, भेल या खाखरा के साथ ग्रीन टी या कॉफी।
- रात का खाना- दाल चावल, रागी या बाजरे की रोटी, सब्जियां, बीन्स या पुलाव।
अपने खान-पान के साथ-साथ हाइड्रेशन पर भी पूरा ध्यान दिया। आदित्य ने बताया कि वह पर्याप्त पानी पीती थी, जिससे मांसपेशियों में होने वाली ऐंठन कम हो गई, जो वजन बढ़ने के बाद अक्सर होने लगी थी।
स्वस्थ खान-पान और नियमित शारीरिक गतिविधि को जारी रखने से उन्हें अपनी ऊर्जा और ओवरऑल हेल्थ में लगातार सुधार महसूस हुआ। मोटापे से जुड़ी उनकी समस्याएं धीरे-धीरे कम होने लगीं। समय के साथ उन्होंने अपनी दिनचर्या में जिम और कार्डियो व्यायाम को शामिल किया और इससे 20 किलो वजन कम कर लिया।