1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. Recipe: ठंड में जरूर खाएं आटे के लड्डू, टेस्ट में लाजवाब और इम्यूनिटी होगी बूस्ट

Recipe: ठंड में जरूर खाएं आटे के लड्डू, टेस्ट में लाजवाब और इम्यूनिटी होगी बूस्ट

 Written By: India TV Lifestyle Desk
 Published : Dec 09, 2020 10:56 pm IST,  Updated : Dec 09, 2020 11:01 pm IST

ठंड में आटे के लड्डू सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं। जानें आटे के लड्डू किस तरह से बनते हैं और इन्हें बनाने के लिए किन चीजों की जरूरत पड़ती है।

aate ke laddu- India TV Hindi
aate ke laddu Image Source : INSTAGRAM/I_AM_A_FOODIE

ठंड के मौसम में ज्यादातर वही चीजें खानी चाहिए जो आपके शरीर को अंदर से गर्म रखें। इससे आपको ठंड नहीं लग पाएगी और आप वायरल इंफेक्शन से भी बचे रहेंगे। सर्दियों में सबसे ज्यादा लोग मीठी चीजों को खाना पसंद करते हैं। ऐसे में आज हम आपको आटे के लड्डू बनाने की रेसिपी बताते हैं। आटे के लड्डू ठंड के मौसम में आपके शरीर को गर्म रखेंगे। इसके साथ ही ये टेस्ट में इतने बेहतरीन होंगे कि आप इन्हें खाए बिना रह नहीं पाएंगे। जानें आटे के लड्डू किस तरह से बनते हैं और इन्हें बनाने के लिए किन चीजों की जरूरत पड़ती है। 

आटे के लड्डू बनाने के लिए जरूरी चीजें

  • आटा
  • देसी घी
  • पिसी चीनी (चीनी का बूरा)
  • काली मिर्च दरबरी
  • ड्राई फ्रूट्स- काजू, बादाम 

बनाने की विधि- सबसे पहले आपको जितने लड्डू बनाने हो उसी अनुसार आटा लें और उसे छान लें। अब जो भी मेवे आपको डालने हैं वो महीन महीन काट लें। यहां पर हमनें बादाम और काजू लिया है। इसके अलावा काली मिर्च को भी दरबरा कूट लें। अगर आपके पास चीनी का बूरा है तो वो डालें और अगर नहीं है तो आप चीनी को मिक्सी के जार में पीस लें। 

अब कढ़ाई में देसी घी डालें। इस बात का ध्यान रहे कि आटा देसी घी में ही भूना जाएगा तो देसी घी ज्यादा ही डालें। आंच को धीमा ही रखें और देसी घी के गर्म होते ही उसमें आटे को डाल दें। अब आटे को कंछुली से लगातार चलाते रहें ताकि वो नीचे से लगने ना पाए। थोड़ी देर बाद आप देखेंगे कि आटे का रंग बदलने लगेगा। जैसे ही रंग बदलने लगे तो उसमें आपको जितना लड्डू को मीठा रखना हो उसी अनुसार उसमें चीनी का बूरा डालें। इसके बाद कंछुली से चलाएं और उसमें दरबरी कुटी काली मिर्च और महीन कटे हुए मेवे भी डालकर कंछुली से फिर चलाएं। इस आटे को तब तक भूनें जब तक आपको आटे के भुनने की महक ना आने लगे। साथ ही आटे का रंग पूरी तरह से हल्का भूरा ना हो जाए। जैसे ही आटे के भुनने की महक आने लगे और कलर बदल जाए तो गैस को बंद कर दें। 

अब भुने हुए आटे को प्लेट में निकाल लें और उसे हल्का ठंडा होने दें। इस बात का ध्यान रखें कि आपको आटे के हल्का गर्म होने पर ही लड्डू बनाना है। आटे के ठंडा होने पर लड्डुओं का बंधना मुश्किल हो जाएगा। आटे के हल्का ठंडा होते ही थोड़ा सा आटा हथेली पर लें और उसे गोलाकार शेप दें। इसी तरह से सभी लड्डू को बनाएं। अब आपका आटे का लड्डू खाने के लिए तैयार है। खास बात है कि इन लड्डुओं को आप कई दिनों तक एयर टाइट कंटेनर में स्टोर करके भी रख सकते हैं। 

 

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल