दाल बाफला का नाम तो आपने जरूर सुना होगा। ये मध्यप्रदेश की बहुत ही फेमस डिश है। नाश्ता, लंच और डिनर में कभी भी दाल बाफला बनाकर खा सकते हैं। दाल बाफला आटे और दाल से तैयार किया जाता है। उज्जैन, इंदौर और एमपी के ज्यादातर शहरों में आपको दाल बाफला खाने को मिल जाएंगे। खास बात ये है कि इसे उबालकर तैयार किया जाता है। सिर्फ दाल में तड़का लगाने के लिए ही आपको घी या तेल का इस्तेमाल करना होता है। तो फटाफट नोट कर लीजिए दाल बाफला की रेसिपी।
दाल बाफला रेसिपी और सामग्री
पहला स्टेप- करीब 1 कप आटा, 1/4 कप मक्के आटा (ऑप्शन), 1 छोटी चम्मच जीरा, 1/4 चम्मच अजवाइन, 1 चम्मच नमक, थोड़ा घी, पानी और 1/2 चम्मच हल्दी पाउडर।
दूसरा स्टेप- सबसे पहले बाफला के लिए सारी चीजों को मिक्स कर लें। आटा, मकई का आटा, जीरा, अजवाइन और नमक मिला लें। इसमें घी डालें और आटे को मिक्स कर लें। पानी डालते हुए डो तैयार कर लें। अब तैयार डो से छोटी-छोटी बॉल्स जैसी बना लें।
तीसरा स्टेप- एक पैन में पानी डालकर गर्म करें और पानी में थोड़ा नमक और हल्दी मिला दें। पानी में उबाल आने पर तैयार की गई आटे की बॉल्स को डाल दें और उबलने दें। जब सारी बॉल्स पानी के ऊपर तैरने लगें तो पानी तो छानकर निकाल दें। बाफला का ड्राई होने दें और फिर इन्हें बाटी की तरह अवन में 200 डिग्री सेल्सियस 15-20 मिनट के लिए बेक करें लें।
चौथा स्टेप- अब दाल बनाने के लिए आधा कप अरहर दाल को पानी में पहले ही भिगो दें। भीगी हुई दाल को प्रेशर कुकर डाले, इसमें हल्दी, नमक और पानी डालें। दाल को पकने तक सीटी लगाएं।
पांचवां स्टेप- दाल तड़का तैयार करने के लिए किसी पैन में घी डालें, उसमें हींग और राई डालकर भून लें। अब लाल मिर्च पाउडर, आधा चम्मच चीनी डालकर तड़का बना लें। तड़का को दाल में डाल दें। अब एक प्लेट में बाफला रखें ऊपर से गर्मागरम दाल डालें और सर्व करें।