ज्यादातर घरों में रोज क्या नाश्ता बनाएं इसे लेकर लोग परेशान रहते हैं। नाश्ते में ऐसी चीजें लोगों को पसंद होती हैं जिसमें स्वाद हो, बनाना आसान हो और हेल्दी भी हो। अगर आप भी ऐसे ही नाश्ते की रेसिपी खोज रहे हैं तो मूंगदाल से ये टेस्टी नाश्ता बना सकते हैं। इसके लिए न तो मूंगदाल को भिगोने की जरूरत होगी और न ही इसे फ्राई करके बनाया जाएगा। आप आसानी से इस नाश्ते को तैयार कर सकते हैं। फटाफट नोट कर लें मूंगदाल के टेस्टी नाश्ता की रेसिपी।
मूंगदाल का टेस्टी नाश्ता रेसिपी
पहला स्टेप- हरी मूंगदाल करीब चाय वाले कप से 1 कप ले लें। अब दाल को साफ पानी से अच्छी तरह धो लें और दाल को छन्नी में डालकर रख दें, जिससे पानी निकल जाए। अब मिक्सी के छोटे जार में डालकर दाल को पीस लें। दाल को हल्का दरदरा पीसना है। दाल को किसी बाउल में डालें और इसमें 1 बड़ा कप अच्छा गर्म यानि उबाल आने के बाद वाला पानी डालकर भिगो दें। दाल के ऊपर 1 इंच तक पानी होना चाहिए। दाल को 10 मिनट ढककर रख दें, जिससे पानी को सोख ले और दाल फूल जाए।
दूसरा स्टेप- दाल को चेक करेंगे तो देखेंगे दाल फूल गई है। इसे मिक्स करें और स्वादानुसार नमक डाल दें। इसमें थोड़ी पिसी काली मिर्च, 2-3 हरी मिर्च बारीक कटी, 8 करी पत्ता बारीक कटे हुए डालकर मिलाएं। अब इसमें आधा कप सूजी डाल दें। आप चाहें तो स्वादानुसार सब्जियां भी डाल सकते हैं, लेकिन सब्जियों का पानी पहले निकाल लें। इसके अलावा 1 बड़ा चम्मच गाढ़ा दही डाल दें। दूध पर रखने वाली प्लेट या कोई भी जालीदार प्लेट ले लें। उसे तेल लगाकर ग्रीस कर लें। आप इसे स्टीमर में भी पका सकते हैं। हम कड़ाही में बना रहे हैं तो कड़ाही में 1 गिलास पानी डालकर अच्छी तरह से गर्म करें।
तीसरा स्टेप- तैयार बैटर में बारीक कटा हरा धनिया डालें। इसे मिक्स करें और फिर इसमें एक चौथाई चम्मच बेकिंग सोडा डालें। इससे नाश्ता बहुत मुलायम बनता है। इसे आप वड़ा जैसी गोल शेप में तैयार करें और बीच से एक छेद कर दें। पूरा नाश्ता ऐसे ही बनाकर रख लें। इसे स्टीमर या किसी जालीदार प्लेट पर रखकर कड़ाही में रख दें। इसे 10-12 मिनट के लिए ढककर स्टीम करें। जब ऊपर की पतल भाप में सिंक जाए या हल्की सख्त हो जाए तो समझ लें कि ये नाश्ता बनकर तैयार हो चुका है। इसे ठंडा होने पर निकाल लें।
चौथा स्टेप- अब एक कड़ाही में 1बड़ चम्मच तेल डालें। इसमें राई, लंबी कटी हरी मिर्च, थोड़ा नारियल का बुरादा, 2 चम्मच तिल डाल दें। 1 चम्मच चिली फ्लेक्स और 1 चम्मच पावभाजी मसाला या मैगी मसाला भी डाल दें। कलर के लिए 1 चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डाल दें। अब इसमें आधा कप पानी डाल दें और जिससे सारा मसाला नाश्ते पर अच्छी तरह से चिपक जाए। इसमें थोड़ा नमक डाल दें और तैयार किए मूंगदाल के नाश्ते को इसमें डालकर मिला दें। थोड़ी देर इसे हल्का फ्राई जैसा कर लें और फिर इसमें बारीक कटा हरा धनिया, नींबू का डाल दें।
स्वाद से भरपूर हेल्दी, टेस्टी और चटपटा नाश्ता बनकर तैयार है। आप इसे ऐसे ही बिना फ्राई किए भी खा सकते हैं। इस नाश्ते का स्वाद आपको खूब पसंद आएगा। इसे चटनी के साथ इंजॉय कर सकते हैं।