1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. आम की गुठली को फेंकने से पहले जान लें ये टेस्टी रेसिपी, चखते ही खुश हो जाएगा दिल

आम की गुठली को फेंकने से पहले जान लें ये टेस्टी रेसिपी, चखते ही खुश हो जाएगा दिल

 Written By: Vanshika Saxena
 Published : May 19, 2025 03:02 pm IST,  Updated : May 19, 2025 03:02 pm IST

क्या आप भी आम की गुठली को फेंक देते हैं? अगर हां, तो आपको आम की गुठली से बनाई जाने वाली इस बेहद आसान और टेस्टी रेसिपी को जरूर ट्राई करके देखना चाहिए।

आम की गुठली की रेसिपी- India TV Hindi
आम की गुठली की रेसिपी Image Source : SOCIAL

आम फलों का राजा कहलाता है। आम का सीजन आते ही लोग आम पर टूट पड़ते हैं। पूरे साल आम का इंतजार करने के बाद जब आम आता है, तब आप में से कई लोग इससे चटनी, आम पन्ना, आम रस, मैंगो शेक, आम की सब्जी बनाकर खाते हैं। लेकिन क्या आपने कभी आम की गुठली से कुछ ट्राई किया है? जिस गुठली को आप बेकार समझकर फेंक देते हैं, उससे भी आप टेस्टी डिश ट्राई कर सकते हैं। आम की गुठली खाना पचाने में मदद करती है। आइए आम की गुठली से बनाते हैं एक ऐसी रेसिपी जिसे खाकर आप उंगलियां चाटते रह जाएंगे।

पहला स्टेप- सबसे पहले ताजे आम की 4-5 गुठलियों को इकट्ठा करें और उन्हें अच्छी तरह से धो लें। इसके बाद गुठलियों की आउटर लेयर को हटा दें और अंदर के मुलायम बीज को निकाल लें। इन गुठलियों को ताजे पानी में 2-3 घंटे के लिए भिगो दें और फिर नरम होने तक उबाल लें। उबालने के बाद बीजों की त्वचा को छील लें और उन्हें छोटे टुकड़ों में अपने हिसाब से काट लें।

दूसरा स्टेप- गैस ऑन करके एक कड़ाही में थोड़ा सा तेल गर्म करें और इसमें जीरा, हींग और हल्दी डालें। जब जीरा चटकने लगे, तब प्याज डालकर इसे सुनहरा होने तक भून लें। अब इसमें टमाटर, अदरक-लहसुन का पेस्ट, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और गरम मसाला डालकर 4 से 5 मिनट तक पकाएं। आखिर में कटी हुई आम की गुठली के टुकड़े डालकर अच्छी तरह से मिलाएं।

तीसरा स्टेप- इस मिक्सचर में थोड़ा सा पानी डालकर ढक दें और फिर हल्की आंच पर 10-12 मिनट तक पकाएं। जब लगभग 10 मिनट के बाद गुठली के टुकड़े पूरी तरह से नरम हो जाएंगे, तब मसाला भी गाढ़ा होने लगेगा। इसके बाद स्वादानुसार नमक डालकर मिक्स कर लीजिए और आपकी आम की गुठली की सब्जी बनकर तैयार है।

इस सब्जी को रोटी या चावल के साथ परोसा जा सकता है। यकीन मानिए ये बेहद स्वादिष्ट लगती है और इसमें प्रोटीन, विटामिन और मिनरल्स की अच्छी मात्रा होती है। आप इसको स्टोर करके भी रख सकते हैं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल