1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. सूखी मूंगफली से घर में निकालें 100% शुद्ध तेल, बिना मशीन के 1 किलो मूंगफली में निकल जाएगा 400 ग्राम तेल

सूखी मूंगफली से घर में निकालें 100% शुद्ध तेल, बिना मशीन के 1 किलो मूंगफली में निकल जाएगा 400 ग्राम तेल

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Aug 01, 2026 06:30 am IST,  Updated : Aug 01, 2026 08:20 am IST

अगर आप बाजार से तेल खरीदकर खाते हैं और शुद्धता को लेकर संदेह में रहते हैं तो हम आपको घर में मूंगफली का तेल निकालने का आसान तरीका बता रहे हैं। बिना मशीन के 1 किलो मूंगफली में काफी तेल निकाल सकते हैं।

घर में मूंगफली का तेल कैसे निकालें- India TV Hindi
घर में मूंगफली का तेल कैसे निकालें Image Source : INDIA TV

मूंगफली का तेल फ्राई करने के लिए सबसे अच्छा माना जाता है। इसमें भी अगर आप कोल्ड प्रेस ऑयल का इस्तेमाल करते हैं तो इससे अच्छा कुछ नहीं है। बाजार में कोल्ड प्रेस मूंगफली का तेल आपको मिल जाएगा, लेकिन आप इसे आसानी से घर में भी तैयार कर सकते हैं। बिना मशीन के घर में मूंगफली का तेल बनाना काफी आसान है। आप सिर्फ मिक्सी में तेल को बना सकते हैं। करीब 1 किलो मूंगफली से आप 400 ग्राम तेल निकाल सकते हैं। आइये जानते हैं घर में मूंगफली का तेल निकालने का आसान तरीका।

घर में मूंगफली का तेल कैसे बनाएं 

पहला स्टेप- मूंगफली का तेल बनाने के लिए हम 1 किलो छिली हुई मूंगफली के दानों का इस्तेमाल कर रहे हैं।  मूंगफली को बिना तेल के कड़ाही में डालकर भून लें। मूंगफली को धीमी आंच पर छिलका चटकने तक भून लें। गैस बंद कर दें और मसलकर छिलका हटा दें। मूंगफली को किसी कपड़े में बांधकर अच्छी तरह मसलते हुए रगड़ने से भी छिलका निकल जाता है। अब मूंगफली के छिलका को झाड़ लें। थोड़ा बहुत छिलका रह जाए तो कोई दिक्कत नहीं हैं।

दूसरा स्टेप- अब गैस पर एक बर्तन में 2 बड़े कप पानी डालकर गर्म होने दें। तब तक मूंगफली को मिक्सी के जार में डालकर पीस लें। मूंगफली को बीच-बीच में मिक्सी बंद चालू करते हुए पीसना है। पहले पाउडर जैसा पीसें और फिर हाई स्पीड में इसे हल्का गीला जैसा होने तक पीसें। हाई स्पीड में मूंगफली का तेल निकलने लगेगा। आपको सारी मूंगफली ऐसे ही पीसकर तैयार करनी है।

तीसरा स्टेप- पिसी हुई मूंगफली में अब उबले हुए पानी में से 2-2 चम्मच करते हुए पानी डालना है। ध्यान रखें आपको एक साथ पूरा पानी नहीं डालना है। अब हाथ से इसे आटे की तरह मसलते जाएं और पानी डालते जाएं। जब मूंगफली का बुरादा आटे जैसा हो जाए तो इसे अच्छी तरह से मसलें। मूंगफली पानी सोखेगी और तेल को रिलीज करेगी। इसे तब तक गूंथना है जब तक कि तेल अच्छी तरह न निकलने लगे।

चौथा स्टेप- जब काफी तेल निकल जाए तो इसे छन्नी की मदद से अच्छी तरह से छान लें। आप मूंगफली के मिश्रण को किसी पतले कपड़े में बांधकर या फिर हाथ से दबाते हुए अच्छी तरह से निचोड़ लें। अब बचे हुए बुरादे में फिर से थोड़ा पानी डालें और तेल निकालते जाएं। 1 किलो मूंगफली में करीब 300-400 ग्राम तेल निकल जाएगा। घर का एकदम शुद्ध और मिठास वाला मूंगफली का तेल तैयार है।

जब सारा तेल निकल जाए तो मूंगफली के बुरादे से आप पसंदीदा लड्डू बनाकर खा लें। लड्डू में गुड़ या शक्कर कुछ भी मिला लें। आप इसमें थोड़े भुने हुए तिल मिला दें और मूंगफली के लड्डू बना लें। तैयार हैं सुपर हेल्दी और टेस्टी मूंगफली के लड्डू, इससे आप बर्फी भी बना सकते हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल