राजस्थान में बेसन से बनी चीजें खाना लोगों को सबसे ज्यादा पसंद है। यहां आपको बेसन की सब्जी, बेसन की बर्फी, बेसन के लड्डू, बेसन की कचौरी और बेसन के ढोकला की कई वैरायटी मिल जाएंगी। लेकिन क्या आपने राजस्थानी लौकी का ढोकला खाया है। इसे लौकी, बेसन, आटा और सूजी से मिलकर तैयार किया जाता है। नाश्ते में लौकी ढोकला बनाकर खाएंगे तो इससे पेट भी आसानी से भर जाएगा और स्वाद भी भरपूर मिलेगा। तो चलिए फटाफट से नोट कर लीजिए राजस्थानी लौकी ढोकला की रेसिपी।
राजस्थानी लौकी ढोकला रेसिपी
सामग्री- आपको इसके लिए 1 छोटे साइज की लौकी लेनी है। 1 कप गेहू का आटा, आधा कप बेसन, एक चौथाई कप सूजी, 2 हरी मिर्च, 1 इंच अदरक का टुकड़ा, 1 बारीक कटा प्याज, 9-10 काली लहसुन, 2 बड़े चम्मच हरा धनिया, ½ छोटा चम्मच हल्दी, 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 चम्मच धनिया पाउडर, 1 चम्मच, जीरा, 1 चम्मच अजवायन, 1 चम्मच सौंफ, 1 चम्मच साबुत धनिया, स्वादानुसार नमक, 2 चम्मच पापड़ खार, 1 चम्मच बेकिंग सोडा, 1-2 बड़े चम्मच तेल मोयन के लिए चाहिए।
पहला स्टेप- बाउल में कद्दूकस की हुई लौकी, गेहूं का आटा, बेसन और सूजी दाल दें इसमें हरी मिर्च, अदरक, प्याज, लहसुन, हरा धनिया, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर, जीरा, अजवाइन, सौंफ, साबुत धनिया, नमक, पापड़ खार और 1-2 बड़े चम्मच तेल दाल कर अच्छी तरह मिला लें।
दूसरा स्टेप- लौकी अपना पानी छोड़ती है, इसलिए पहले बिना पानी मिलाएं ही इसे मिक्स करें। जरुरत हो तो ही थोड़ा सा पानी डाल कर नरम आटा जैसा तैयार करें। सबसे आखिर में बेकिंग सोडा डालकर हल्का सा मिक्स कर लें। एक प्लेट को ग्रीस करें और पानी गर्म करने के लिए रख दें। आप इसे इडली मेकर में भी बना सकते हैं।
तीसरा स्टेप- अब तैयार आटे से वड़े जैसे तैयार कर लें और उसमें बीच में उंगली से छेद करते जाएं। सारे ढोकले ऐसे ही तैयार कर लें। अब एक प्लेट पर इन्हें रख दें और गर्म पानी पर जाली रखकर या इडली मेकर में रखकर इन्हें स्टीम कर लें। आपको इसे 25-30 मिनिट तक स्टीम करना है।
चौथा स्टेप- स्टीम होने के बाद थोड़ा ठंडा होने दें। फिर टुकड़ों में काट कर ऊपर से थोड़ा सा घी डालकर हरी चटनी या किसी दूसरी पसंदीदा चटनी के साथ सर्व करें। राजस्थानी स्टाइल में इन्हें थोड़ी चीनी के साथ भी खा सकते हैं।
तैयार हैं एकदम नरम और स्वादिष्ट राजस्थानी लौकी के ढोकला, इन्हें गरमा-गरम खाएंगे तो बहुत स्वादिष्ट लगेंगे। बिना तेल के ये रेसिपी झटपट तैयार हो जाती है।