मिठाई बनाना झंझट का काम लगता है। कुछ लोग तो वजन बढ़ने के कारण मीठा नहीं खाते हैं। लेकिन अगर आप खुद मिठाई बनाना जान लेंगे तो इसे हेल्दी तरीके से बनाकर भी खा सकते हैं। हम आपको मिठाई बनाने की सबसे आसान रेसिपी बता रहे हैं। जिसे न तलने की जरूरत होगी न ही उबलाने का झंझट होगा। आप इस मिठाई को सिर्फ मिक्सी में पीसकर तैयार कर सकते हैं। नोट करने वाला पॉइंट ये है कि इस मिठाई को बनाने में आपको 15 मिनट लगेंगे। रसोई में इस्तेमाल होने वाले चकले पर ये मिठाई तैयार हो जाएगी। सबसे खास बात ये है कि ये मिठाई सेहत के लिए बहुत ही फायदेमंद है। इसमें सिर्फ हेल्दी चीजों का इस्तेमाल किया जाएगा। इसलिए बिना देरी के फटाफट रेसिपी नोट कर लें।
मिठाई बनाने की सबसे आसान रेसिपी, सीड्स से तैयार करें मिठाई
पहला स्टेप- इस मिठाई को बनाने के लिए आपको सारे सीड्स लेने हैं। आप अपनी पसंद के हिसाब से सीड्स ले सकते हैं। हम यहां 100 ग्राम कद्दू के बीज, 100 ग्राम सूरजमुखी के बीज, 100 ग्राम अलसी के बीज, 50 ग्राम खरबूजे के बीज, 50 ग्राम तरबूज के बीज, 50 ग्राम सफेद तिल ले रहे हैं।
दूसरा स्टेप- सारे बीजों को एक कड़ाही में डालें और इन्हें सूखा ही भून लें। सीड्स को आपको सिर्फ 5-7 मिनट के लिए भूनना है। अब इन्हें ठंडा होने के लिए छोड़ दें। ठंडा होने पर मिक्सी के जार में डालकर सारे बीजों को दरदरा पीसकर निकाल लें।
तीसरा स्टेप- अब 15 खजूर लें और उनके बीज निकल लें। खजूर को भी मिक्सी में डालकर पीस लें। अब खजूर को सीड्स के पाउडर में मिला दें। अगर लगे कि आसानी से सारी चीजें मिक्स हो गई हैं तो ठीक है। अगर सूखा सा लगे तो इसमें 1-2 चम्मच पिघला हुआ गुड़ डाल दें।
चौथा स्टेप- सारी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर हाथों पर थोड़ा घी लगाते हुए मिश्रण के बड़े और मोटे रोल जैसे तैयार कर लें। अब चकला पर रोल को थोड़ा और चिकना कर लें। रोल को चाहें तो खसखस में लपेट लें और फिर इन्हें चाकू की मदद से गोल-गोल काट लें।
तैयार है एकदम सुपर टेस्टी और हेल्दी मिठाई, इसे आप सुबह नाश्ते में खा सकते हैं। आप जब भूख लगे 1 पीस खा सकते हैं। इसमें सिर्फ हेल्दी चीजें पड़ी हैं जो शरीर को भरपूर फायदा देंगी। जो लोग सीड्स नहीं खा पाते हैं उनके लिए ये परफेक्ट और स्वादिष्ट रेसिपी है।