1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. आम और बेसन से बनाएं स्वादिष्ट बर्फी, एक बार जरूर बनाएं ये बेहतरीन मिठाई, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

आम और बेसन से बनाएं स्वादिष्ट बर्फी, एक बार जरूर बनाएं ये बेहतरीन मिठाई, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Jun 17, 2026 08:22 am IST,  Updated : Jun 25, 2026 01:22 pm IST

Mango Besan Barfi Recipe: आम का सीजन है तो एक बार आम और बेसन से बर्फी बनाकर जरूर खाएं। आम की बर्फी इतनी स्वादिष्ट बनती है कि आप इस रेसिपी के दीवाने हो जाएंगे। बिना मावा के ये बर्फी बनकर तैयार हो जाती है। एक बार जरूर ट्राई करें आम बेसन की बर्फी की ये रेसिपी।

आम और बेसन की बर्फी रेसिपी- India TV Hindi
आम और बेसन की बर्फी रेसिपी Image Source : INDIA TV

आज के दीवाने न जाने कितनी तरह से आम खाते हैं। कभी मैंगो शेक, कभी स्मूदी और कभी आम की बर्फी बनाकर स्वाद लेते हैं। आम का स्वाद ही ऐसा है कि किसी भी चीज में मिला दो तो उसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है। आज हम आपको आम और बेसन से बर्फी बनाना बता रहे हैं। बिना मावा के सिर्फ घी, आम और बेसन से ये बर्फी इतनी स्वादिष्ट बनती है कि उंगलियां चाटते रह जाएंगे। एक बार आम और बेसन की बर्फी बनाकर खाएंगे तो बार-बार इसे ट्राई करेंगे। फटाफट नोट कर लें आम बेसन की बर्फी की रेसिपी।

आम बेसन की बर्फी रेसिपी

पहला स्टेप- आम बेसन की बर्फी बनाने के लिए एक भारी तली की कड़ाही लें और उसे गैस पर गर्म होने के लिए रख दें। कड़ाही में 1 कप देसी घी डालें आप इसमें से थोड़ा घी बाद में डालने के लिए बचा लें। अब घी में 1 कप मोटा बेसन और 1 कप पतला बेसन डालें। बेसन को लगातार चलाते हुए धीमी आंच पर भूनना है। धीरे-धीरे बेसन घी छोड़ने लगेगा और इसे चलाना आसान हो जाएगा।

दूसरा स्टेप- अगर मोटा बेसन नहीं मिल रहा है तो आप इसमें आधा कप सूजी मिला सकते हैं। करीब 10 मिनट बाद बेसन से घी निकलने लगेगा और अब आप इसमें बचा हुआ घी डाल दें और चलाते हुए भून लें। घी डालते ही बेसन पतला हो जाएगा। अब बेसन को भूनते रहें और जब घी के बबल जैसे बेसन पर आने लगें तो इसमें पानी के छींटे मार दें। एक बार फिर बेसन को मिक्स करते हुए पकाएं, जब बबल बड़े बनने लगें तो समझ लें बेसन भुन चुका है।

तीसरा स्टेप- गैस बंद कर दें और बेसन को कड़ाही में 1-2 बार चलाते रहें, जिससे नीचे से बेसन जले नहीं। अब आपको 2 हाफूस आम जिन्हें अल्फांसो कहते हैं वो अच्छे पके हुए लेने हैं। आम को धोकर छील लें और उसका गूदा निकाल लें। आम को मिक्सर जार में डालकर उसकी प्यूरी बना लें। 

चौथा स्टेप- चाशनी बनाने के लिए 1 कप से थोड़ा कम चाशनी लें और इसमें चीनी के बराबर पानी लें। चीनी घुल जाए तो इसमें आम की प्यूरी बनाकर मिक्स कर दें। अब आम की प्यूरी डालने के बाद चाशनी तो लगातार चलाते रहें जिससे इसमें गांठ न पड़ें। अब आपको आम को हल्का गाढ़ा होने तक चाशनी को पकाना है। आम पक चुका है या नहीं इसे चेक करने के लिए कलछी या स्पेचुला की मदद से बीच से पल्प को हटाएं तो कड़ाही दिखे। इससे पता चलता है कि आम पक चुका है।

पांचवां स्टेप- अब बेसन अगर बहुत ठंडा हो गया है तो उसे हल्का गुनगुना कर लें और इसमें आम की चाशनी डालकर मिक्स करें। अब इसे मिलाते रहें और धीरे-धीरे पूरा बैटर कड़ाही छोड़ने लगेगा। अब ये जमने के लिए पूरी तरह से तैयार है। एक प्लेट को हल्का घी लगाकर ग्रीस कर लें। इसमें तैयार मिश्रण को डालें और ऊपर से चांदी का वर्क, थोड़ा कटे काजू बादाम डालें और बर्फी को सेट होने के लिए 1-2 घंटे के लिए रख दें। अब इसे काटकर खाएं। यकीन मानिए इतना गजब का स्वाद मिलेगा कि उंगलियां चाटते रह जाएंगे। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल