सुबह की शिफ्ट हो या बच्चों का स्कूल हो, नाश्ता बनाने के लिए समय कम पड़ जाता है। रोज-रोज ब्रेड खाना भी सही नहीं है। ऐसे में आज हम आपको कुछ हेल्दी और टेस्टी नाश्ता बनाने की रेसिपी बता रहे हैं। ये बॉल जैसी शेप वाला नाश्ता बड़ों और बच्चों सभी को पसंद आएगा। जी हां बहुत कम तेल मसाले में बनकर तैयार हो जाएंगे सूजी बेसन के अप्पे। आपको इस नाश्ते को खाने में भी मजा आएगा। सुबह आपके पास समय की कमी है तो रात में ही इसका बैटर बनाकर रख सकते हैं। सब्जियां काटकर रख लें और मिनटों में नाश्ता बनकर तैयार हो जाएगा।
सबसे जल्दी बनने वाले नाश्ता की रेसिपी
पहला स्टेप- नाश्ता बनाने के लिए 1 कप सूजी लें और उसमें आधा कप बेसन मिलाकर दोनों चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लें। अब इसमें आधा कप से थोड़ा ज्यादा गाढ़ा दही मिला दें। दही से साथ सूजी को फूलने के लिए ढक कर रख दें। अब आप सारी सब्जियां जैसे प्याज, शिमला मिर्च, गाजर, हरी मिर्च, हरा धनिया और थोड़ा कद्दूकस किया हुआ आलू तैयार कर लें।
दूसरा स्टेप- अब सब्जियों को बैटर में मिक्स कर लें। इससे बैटर थोड़ा पतला हो जाएगा। अब इसमें थोड़ा नमक, हल्दी पाउडर और घिसा हुआ अदरक डाल दें। सारी चीजों को अच्छी तरह से मिला लें। अब अप्पे पैन को गर्म करें और तैयार किए गए सूजी बेसन वाले मिश्रण में आधा टीस्पून बेकिंग सोडा मिला दें। इससे अप्पे काफी फूले हुए और स्पंजी बनकर तैयार होंगे।
तीसरा स्टेप- अप्पे को ढककर एक तरफ से पहले सेंक लें। अब ब्रश की मदद से ऊपर हल्का ऑयल लगाएं और पलटकर दूसरी ओर से भी अप्पे सेंक लें। दोनों तरफ से जब अप्पे अच्छी तरह से सिंक जाएं तो इन्हें निकाल लें। आप इन्हें ऐसे ही खा सकते हैं या फिर हल्का राई का तड़का भी लगा सकते हैं। एक पैन में 1 चम्मच सरसों का तेल गर्म करें। इसमें राई और जीरा डालें, थोड़ी हींग और करी पत्ता डाल दें। ऊपर से तैयार किए गए अप्पे डाल दें।
चौथा स्टेप- अप्पे को पसंदीदा चटनी या सॉस के साथ खाएं। आप इन्हें नारियल या मूंगफली की चटनी के साथ भी खा सकते हैं। इस रेसिपी से अप्पे काफी हेल्दी और टेस्टी बनते हैं। सबसे खास बात ये है कि इस नाश्ते को आप मिनटों में बनाकर तैयार कर सकते हैं। बच्चों को टिफिन में ये नाश्ता बनाकर दे सकते हैं।