सर्दी हो या गर्मी या हो बारिश का मौसम, सभी को पराठे का स्वाद खूब पसंद आता है। भारतीय घरों में आलू का पराठा सबसे ज्यादा बनाया और खाया जाता है। बच्चों को भी आलू के पराठे के स्वाद पसंद आता है। आपने आलू को उबालकर तो कई बार पराठा बनाया होगा, लेकिन आज हम आपको आलू को फ्राई करके पराठा बनाने की रेसिपी बता रहे हैं। इसे मिस्सी आलू का पराठा कहते हैं ये नॉर्मल पराठे से कहीं ज्यादा टेस्टी और क्रिस्पी बनता है। एक बार आपने इस तरह से पराठा बनाकर खा लिया तो इस रेसिपी को बार-बार बनाएंगे। फटाफट नोट कर लें मिस्सी आलू का पराठा बनाने की आसान रेसिपी।
मिस्सी आलू का पराठा रेसिपी
-
इसके लिए सबसे पहले एक पैन में 1 चम्मच धनिया के दाने डालें। इसमें 1 चम्मच हरी सौंफ डाल दें। 2 छोटी चम्मच जीरा और थोड़ी काली मिर्च को हल्का रोस्ट कर लें। इसमें 2-3 सूखी लाल मिर्च डालकर एकदम धीमी आंच पर सारी चीजों को हल्का रोस्ट करना है। ध्यान रखें मसालों का रंग नहीं बदलना चाहिए। अब गैस बंद कर दें और 1 बड़ा चम्मच कसूरी मेथी इसमें डाल कर मिक्स कर लें। पैन से मसाले को निकालकर ठंडा कर लें।
-
इसी पैन को गैस पर रखें। अब 2-4 आलू को अच्छी तरह से धो जिससे सारी गंदगी हटा जाए और अब आलू को लंबाई में टुकड़ों में काट लें। हम बिना छीले आलू का इस्तेमाल कर रहे हैं आप चाहें तो छिलका हटा भी सकते हैं। अब पैन में 1 बड़ा चम्मच तेल डालें और इसमें कटे हुए आलू डाल दें। आलू को हमें सॉते करना है। आलू में थोड़ा नमक डाल दें और शुरू में मीडियम फ्लेम पर पकाएं।
-
जब आलू हल्के भुने से होने लगें तो इन्हें गलाने के लिए किसी से ढककर गलने तक के लिए पकाएं। इस बीच आलू को बीच-बीच में चलाते भी रहें। अब गैस बंद कर दे और इस पैन में मैशर की मदद से आलू को अच्छी तरह से मैश कर लें। आलू को थोड़ा ठंडा होने दें। अब डेढ़ कप आटा और 1 कप बेसन को मिला लें। इसमें नमक, हल्दी पाउडर और थोड़ी लाल मिर्च पाउडर मिला दें। इसमें 2 चम्मच तेल डालें और गुनगुना पानी से मीडियम सॉफ्ट आटा लगाकर तैयार कर लें।
-
आटा गूंथने के बाद 1 चम्मच तेल ऊपर से लगाएं और इसे सेट होने के लिए 10-15 मिनट के लिए किसी से ढककर रख दें। जो मसाला भूना था उसे आलू में मिला दें। अगर मसाला ज्यादा लगे तो अपने हिसाब से मिला सकते हैं। अब इसमें नमक, थोड़ी हींग, थोड़ी कलर के लिए हल्दी, 1 बड़ा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 चम्मच आमचूर पाउडर डालें। सारी चीजों को अच्छे से मिक्स कर लें। अब इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, धनिया पत्ती और कटी प्याज डालकर हल्का मिक्स कर लें।
-
अब आटे को सेट करें और लोई तोड़ लें। लोई को हल्का हाथ से या बेलन से बड़ा करके तैयार आलू की स्टफिंग भर दें। अब इससे गोल पराठा बनाकर बेल लें और तवे पर हल्का तेल लगाकर उस पर पराठा डाल दें। इससे पराठा चिपकेगा नहीं और अब पराठे को मीडियम फ्लेम पर अच्छी तरह से बिना घी के ही पहले सेंक लें। अब ऊपर से घी लगाएं और तैयार है एकदम करारा मिस्सी आलू का पराठा। आप इसे चटनी, दही, या सॉस के साथ खाएं।