सब्जियों में लौकी बड़ी फायदेमंद होती है। लौकी पानी से भरपूर और शरीर को ठंडा रखने वाली सब्जी है। लेकिन ज्यादातर लोग लौकी की बीमारों की सब्जी मानकर खाने में मुंह बनाते हैं। लेकिन ऐसा नहीं है अगर लौकी को अच्छी तरह से बनाया जाए तो इसका स्वाद दूसरी सब्जियों को भी फेल कर सकता है। जिन लोगों को लौकी खाना पसंद नहीं है वो एक बार लौकी दही तड़का बनाकर खाएं, उंगलियां चाटते रह जाएंगे। खास बात ये है कि अगर आप किसी को बताएंगे नहीं तो कोई सब्जी देखकर या स्वाद चखकर अंदाजा नहीं लगा पाएगा कि ये लौकी की सब्जी है। फटाफट नोट कर लें लौकी दही तड़का की रेसिपी।
लौकी दही तड़का रेसिपी
पहला स्टेप- लौकी दही तड़का तैयार करने के लिए आपको 1 बड़ा चम्मच सरसों का तेल, थोड़ा राई दाना, थोड़ा जीरा, सौंफ, करी पत्ता, 2 कटी हरी मिर्च, 3–4 कली लहसुन कुटा हुआ, 1 मीडियम प्याज बारीक कटा, आधा कप लौकी कद्दूकस की गई। सूखे मसालों में लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, नमक और आधा कप अच्छी तरह से फेंटा हुआ दही और हरा धनिया लें।
दूसरा स्टेप- अब एक पैन या कड़ाही में तेल गर्म करें। राई, जीरा और सौंफ डालकर चटकाएं। इसमें करी पत्ता, कटी हरी मिर्च और कुटा लहसुन डालकर भून लें। अब कटा प्याज डालकर हल्का पकाएं। इसके बाद कद्दूकस की गई लौकी डाल दें और इसे 4–5 मिनट तक पकाएं। लौकी को बहुत ज्यादा गलाना नहीं है।
तीसरा स्टेप- इसमें लाल मिर्च, हल्दी और नमक डाल दें और सारी चीजों को मिलाकर एक मिनट और पका लें। अब सबसे जरूरी स्टेप दही मिलाने का है। दही ऐसे मिलाना है कि फटे नहीं। इसके लिए गैस बंद कर दें और लौकी को हल्का ठंडा होने दें। अब दही डालकर लगातार चलाते हुए मिक्स करें।
चौथा स्टेप- ध्यान रखें लौकी वाला पैन भी ज्यादा गर्म नहीं होना चाहिए। आखिर में हरा धनिया डालकर लौकी दही तड़का को चावल, पराठे या रोटी के साथ सर्व करें। ये सब्जी बहुत ही मजेदार लगती है।