1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. क्या कभी चखी है तिल की चटपटी चटनी? फॉलो करें भारती सिंह की ये बेहद आसान रेसिपी

क्या कभी चखी है तिल की चटपटी चटनी? फॉलो करें भारती सिंह की ये बेहद आसान रेसिपी

 Written By: Vanshika Saxena
 Published : Feb 06, 2025 08:20 am IST,  Updated : Feb 06, 2025 09:13 am IST

क्या आप तिल की चटनी की रेसिपी के बारे में जानते हैं? आइए इस चटनी को बनाने के तरीके और इसे खाने से सेहत पर पड़ने वाले कुछ पॉजिटिव असर के बारे में जानकारी हासिल करते हैं।

तिल की चटनी- India TV Hindi
तिल की चटनी Image Source : SOCIAL

सफेद तिल को सेहत के लिए काफी ज्यादा फायदेमंद माना जाता है। लेकिन क्या आपने कभी तिल की चटनी बनाई है? कॉमेडियन भारती सिंह ने अपने यूट्यूब चैनल पर तिल की चटनी को बनाने के बेहद आसान तरीके के बारे में बताया है। यकीन मानिए इस चटनी का स्वाद आपके सारे टेस्ट बड्स को खोलकर रख देगा। इस चटनी को बनाने के लिए आपको सफेद तिल, लाल मिर्च, भुना हुआ टमाटर, इमली का गूदा, तीन से चार लहसुन, एक इंच अदरक का टुकड़ा, हरा धनिया, पुदीना, मेथी दाना और हरी मिर्च की जरूरत पड़ेगी।

पहला स्टेप- तिल की चटनी बनाने के लिए सबसे पहले 100 ग्राम सफेद तिल को पैन में डाल दीजिए। अब इसी पैन में सूखी लाल मिर्च डालकर दोनों चीजों को भून लीजिए।

दूसरा स्टेप- जब तिल भुनकर गोल्डन होने लगे, तब आप गैस बंद कर सकते हैं। इसके बाद गैस पर एक टमाटर को रखकर भून लीजिए और फिर इसका छिलका उतार दीजिए।

तीसरा स्टेप- अब आपको मिक्सर में भुना हुआ सफेद तिल और लाल मिर्च डालनी है। मिक्सर में लहसुन की कली, टमाटर और अदरक का टुकड़ा भी डाल दीजिए।

चौथा स्टेप- तिल की चटनी के स्वाद को बढ़ाने के लिए आप मिक्सर में हरा धनिया और पुदीना भी डाल दीजिए। इसके अलावा नमक और इमली का गूदे को भी मिक्सर में डाल दीजिए।

पांचवां स्टेप- आखिर में मिक्सर में थोड़ा सा पानी एड कर दीजिए। अब आपको इन सभी चीजों को अच्छी तरह से पीस लेना है।

छठा स्टेप- इस चटनी को एक कटोरे में निकाल लीजिए। इसके बाद एक पैन में तेल गर्म कर मेथी दाने और हरी मिर्च का तड़का लगाएं।

आप इस तड़के को तैयार की गई चटनी के साथ अच्छी तरह से मिला लीजिए। अब आप इस तिल की चटपटी चटनी को किसी भी चीज के साथ सर्व कर सकते हैं। अगर इस चटनी को सही मात्रा में कंज्यूम किया जाए, तो आप अपने इम्यून सिस्टम को काफी हद तक मजबूत बना सकते हैं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल