1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. पंजाबी स्टाइल में मक्के की रोटी कैसे बनाएं, बिना बटर के ही होगी सॉफ्ट-सॉफ्ट, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

पंजाबी स्टाइल में मक्के की रोटी कैसे बनाएं, बिना बटर के ही होगी सॉफ्ट-सॉफ्ट, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Dec 26, 2025 12:38 pm IST,  Updated : Dec 26, 2025 12:38 pm IST

Makke Ki Roti In Punjabi Style: सर्दियों में 1-2 बार मक्के की रोटी और सरसों का साग खाने का मन सभी का करता है। आप इस रेसिपी से एकदम पंजाबी स्टाइल मक्के की रोटी बना सकते हैं।

मक्के की रोटी की रेसिपी- India TV Hindi
मक्के की रोटी की रेसिपी Image Source : INDIA TV

सर्दियों में सरसों का साग और मक्के की रोटी खाने में बहुत टेस्टी लगती है। हालांकि मक्के की रोटी बनाना आसान नहीं है। इसके लिए आटा लगाने से लेकर रोटी बेलने तक कुछ बातों का खास ख्याल रखना जरूरी है। जिन लोगों को बाजरा की रोटी बनाना आता है वो मक्के की रोटी भी बना सकते हैं। पंजाबी स्टाइल में मक्के की रोटी बनाना काफी आसान हो जाता है। गांव में आज भी महिलाएं चूल्हे पर मक्के की रोटी बनाकर खाती हैं। अगर आपको पंजाबी स्टाइल में मक्के की रोटी बनाना सीखना है तो इस ट्रिक को अपनाएं। इससे एकदम मुलायम और फूली-फूली मक्के की रोटियां बनेंगी।

पंजाबी स्टाइल मक्के की रोटी की रेसिपी

पहला तरीका- सबसे पहले आप परंपरागत तरीका जान लें, जिससे पंजाब, हरियाणा और यूपी के गांव देहात में मक्के की रोटी बनाई जाती हैं। इसके लिए मक्के का आटा लें और छान लें। अब थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए आटा नरम आटा गूंथ लें। मक्के की रोटी का आटा हथेली से मलते हुए गूंथना होता है। इसे बीच से तोड़-तोड़कर हथेली से मलते हुए सेट करना होता है। हाथ पर हल्का पानी लगाते हुए आपको आटा गूंथना है। आटे से लोई तोड़कर हाथ पर थोड़ा पानी लगाकर हथेली की मदद से रोटी बढ़ाते हुए बेल लें। अगर पानी नहीं लगाना तो घी लगाकर भी रोटी को बढ़ा सकते हैं। अगर किसी तरह से मक्के की रोटी नहीं बन पा रही है तो किसी पॉलिथिन या बटर पेपर पर लोई रखकर ऊपर से भी कवर करके रोटी बेल लें। तवे पर रोटी डालकर दोनों तरफ से सेंक लें और फिर गैस पर धीमी आंच पर मक्के की रोटी को सेंककर घी लगा दें। एकदम सॉफ्ट और टेस्टी मक्के की रोटी बनकर तैयार होगी।

दूसरा तरीका- दूसरा तरीका है कि मक्के का आटा छान लें और एक पैन में पानी गर्म करने के लिए रख दें। 2 कप मक्के का आटा गूंथ रहे हैं तो करीब 1 और आधा कप पानी गर्म होने रख दें। जब पानी में उबाल आ जाए तो गैस बंद कर दें। अब धीरे-धीरे मक्के का आटा मिलाते जाएं और आटे को मिक्स करते जाएं। करीब 10 मिनट के लिए आटे को ऐसे ही मिक्स करके कवर करके रख दें। अब आटे को किसी परात या प्लेट में निकालें और हाथ से मलते हुए मुलायम करने की कोशिश करें। आटे को थोड़ी देर तक मलते रहना है। बीच में 1-2 बार हाथ पर घी या तेल लगाकर आटे को मुलायम गूंथ लें। अगर आटा बहुत कड़ा लगे को हाथ पर गुनगुना पानी लगाते हुए नरम गूंथ लें। अब मक्के के आटे की लोई बनाकर हल्का सूखा आटा लगाकर चकले पर रोटियां बेल लें। इस तरह आसानी से रोटियां बेल सकते हैं। अब रोटी को तवे पर डालकर दोनों ओर से सेंक लें। तवे पर ही 1 चम्मच घी रोटी पर दोनों और लगाकर सेंक लें। इससे रोटी काफी नरम बनी रहेगी। तैयार हैं पंजाबी स्टाइल में बनी मक्के की रोटी। आप इन्हें सरसों के साग से खाएं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल