1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. ऐसे बनाएं भरवां टमाटर की सब्जी, इतनी टेस्टी कि उंगलियां चाटते रह जाएंगे

ऐसे बनाएं भरवां टमाटर की सब्जी, इतनी टेस्टी कि उंगलियां चाटते रह जाएंगे

 Written By: Vanshika Saxena
 Published : May 29, 2025 08:08 am IST,  Updated : May 29, 2025 08:08 am IST

क्या आपने कभी भरवां टमाटर की सब्जी ट्राई की है? अगर नहीं, तो आपको बेहद टेस्टी और आसानी से बन जाने वाली इस रेसिपी को कम से कम एक बार जरूर ट्राई करके देखना चाहिए।

भरवां टमाटर की सब्जी- India TV Hindi
भरवां टमाटर की सब्जी Image Source : SOCIAL

भरवां टमाटर की सब्जी बनाने के लिए आपको 6 मीडियम साइज्ड गोल और थोड़े सख्त टमाटर, 100 ग्राम कद्दूकस किया हुआ पनीर, 2 मीडियम साइज्ड बॉइल्ड और मैश्ड आलू, एक बारीक कटा हुआ प्याज, दो बारीक कटी हुई हरी मिर्च, एक स्पून अदरक और लहसुन का पेस्ट, बारीक कटा हुआ फ्रेश धनिया, हाफ स्पून गरम मसाला, हाफ स्पून लाल मिर्च पाउडर, एक स्पून धनिया पाउडर, एक-चौथाई स्पून हल्दी पाउडर, हाफ स्पून अमचूर पाउडर, नमक और तेल की जरूरत पड़ेगी।

पहला स्टेप- भरवां टमाटर की सब्जी बनाने के लिए टमाटर को धोकर उनके ऊपर वाले हिस्से को काट लीजिए। इसके बाद सावधानी से एक छोटी स्पून से टमाटर के अंदर के गूदे को निकाल लीजिए।

दूसरा स्टेप- अब पैन में तेल को गर्म कर इसमें बारीक कटा हुआ प्याज डालकर इसे गोल्डन होने तक भून लीजिए। इसके बाद इसी पैन में अदरक और लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च एड कर कुछ सेकेंड के लिए भून लीजिए।

तीसरा स्टेप- अब आपको पैन में हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डालकर इस मिक्सचर को भून लेना है। इसके बाद मैश्ड आलू और कद्दूकस किए हुए पनीर को भी इस मिक्सचर में मिला लीजिए।

चौथा स्टेप- अब इस मिक्सचर में गरम मसाला, अमचूर पाउडर और नमक भी एड कर लीजिए। इस मिक्सचर को 2 मिनट तक कुक करने के बाद इसमें बारीक कटा हुआ हरा धनिया एड कर गैस बंद कर दीजिए।

पांचवां स्टेप- अब आपको बहुत ध्यान से इस स्टफिंग को टमाटर के अंदर भरना है। स्टफिंग बहुत ज्यादा नहीं होनी चाहिए वरना टमाटर फट भी सकता है।

छठा स्टेप- अब कड़ाही में तेल गर्म कर स्टफ्ड टमाटर को धीमी आंच पर गोल्डन होने तक भून लीजिए। अगर आप चाहें तो इन्हें ढककर भी कुक कर सकते हैं।

अगर आपको ग्रेवी वाली सब्जी खानी है, तो आप बचे हुए टमाटर के गूदे को अच्छी तरह से पीसकर प्यूरी बना सकते हैं। पैन में तेल गर्म कर प्याज-लहसुन के पेस्ट को भून लें और फिर टमाटर की प्यूरी और अपने पसंदीदा मसाले डालकर ग्रेवी तैयार कर लें। जब ग्रेवी गाढ़ी हो जाए, तब आप स्टफ्ड टमाटर को ग्रेवी में डालकर लगभग 5 मिनट तक धीमी आंच पर कुक कर सकते हैं। आप रोटी या फिर चावल के साथ भरवां टमाटर की सब्जी का लुत्फ उठा सकते हैं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल