1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. मीठी सौंठ कैसे बनाएं, इमली की खट्टी मीठी चटनी खाते ही आ जाएगा मजा, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

मीठी सौंठ कैसे बनाएं, इमली की खट्टी मीठी चटनी खाते ही आ जाएगा मजा, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Mar 09, 2026 12:19 pm IST,  Updated : Mar 09, 2026 12:19 pm IST

Imli Ki Chutney Recipe: इमली की खट्टी मीठी चटनी को सौंठ भी कहते हैं। दही वड़ा से लेकर आलू टिक्की और पराठे के साथ इसका स्वाद बहुत लाजवाब लगता है। इस रेसिपी से घर में आसानी से बाजार से भी टेस्टी सौंठ बना सकते हैं।

इमली की चटनी रेसिपी- India TV Hindi
इमली की चटनी रेसिपी Image Source : FREEPIK

अगर आपको खाने के साथ चटनी पसंद है तो घर में सौंठ बनाकर रख लें। बाजार में मिलने वाली टोमेटो सॉस से कहीं ज्यादा फायदेमंद और स्वादिष्ट होती है इमली से बनी खट्टी मीठी चटनी। इसे दही वड़ा, कचौड़ी, समोसा, टिक्की चाट और पराठे के साथ लोग शौक से खाते हैं। इमली की खट्टी मीठी चटनी को उत्तर प्रदेश में सौंठ भी कहा जाता है। आप इसे बनाकर आराम से 15 दिनों तक खा सकते हैं। जब सब्जी खाने का मन न हो या पसंदीदा खाना न बना हो तो सौंठ आपके खाने के स्वाद को कई गुना बढ़ा देगी। फटाफट नोट कर लें इमली की खट्टी मीठी चटनी यानि सौंठ की रेसिपी।

इमली की खट्टी मीठी चटनी, सौंठ की रेसिपी

  1. इमली को भिगो दें- आपको इसके लिए करीब 200 ग्राम इमली लेनी है। इमली को नॉर्मल पानी से एक बार धोने के बाद 1 कप साफ गर्म पानी में भिगो दें। इमली को रातभर के लिए या 4-5 घंटे के लिए पानी में भिगो दें जिससे  इमली का पल्प निकालना आसान हो जाएगा। 
  2. इमली का गूदा निकालें- अब भीगी इमली को हाथों की मदद से अच्छी तरह से मैश करते जाएं और सारा पल्प निलाल लें। अब किसी छन्नी में डालकर पल्प को छान लें। बचे हुए इमली के गूदे को फिर से पानी डालकर मसल लें और छान लें। अब वेस्ट को फेंक दें या किसी सफाई के काम में इस्तेमाल कर लें।
  3. इमली की चटनी बनाएं- एक पैन लें उसमें इमली का पल्प डालें और मीडियम गैस पर पकाते रहें। एक उबाल आने के बाद इसमें गुड़ या चीनी स्वादानुसार डाल दें। इसमें काला और सफेद नमक, 1 चम्मच सौंठ यानि सूखी अदरक का पाउडर डालें। अब लाल मिर्च पाउडर, काली मिर्च पाउडर, भुना जारी पाउडर डालकर पकाएं।
  4. इमली की सौंठ तैयार- जब इसे चलाते हुए तब तक पकाएं जब तक कि सौंठ अच्छी गाढ़ी न हो जाए। आपको जितनी गाढ़ी चटनी पसंद है आप इसे उतनी देर के लिए पकाएं। गैस बंद कर दें और सौंठ को ठंडा होने दें।
  5. सौंठ में कौन से मेवा पड़ते हैं- इमली की सौंठ में चिरौंजी और खरबूज के बीज का स्वाद अच्छा लगता है। उबलते वक्त ही इसमें बारीक कटे छुहारे डाल दें। किशमिश मिला दें और काजू को टुकड़ों में तोड़कर डाल दें। इससे सौंठ का स्वाद एकदम बाजार जैसा आएगा। 

इमली की चटनी को कैसे स्टोर करें?

इमली की चटनी को स्टोर करने के लिए किसी कांच का जार का इस्तेमाल करें। आप एक बार में ज्यादा चटनी बनाना चाहते हैं तो इसे फ्रिज में स्टोर कर लें। 1 हफ्ते तक बिना फ्रिज में स्टोर किए इसे आसानी से खा सकते हैं।

इमली की चटनी और सौंठ किस चीज के साथ खाते हैं?

इमली की चटनी का इस्तेमाल आप दही वड़ा, चाट, आलू टिक्की, समोसा, चीला, ब्रेड पकोड़ा के साथ कर सकते हैं। इसका स्वाद रोटी, पराठे या चावल के साथ भी बहुत अच्छा लगता है। आप इसे बच्चों को फ्रेंच फ्राइज, नगेट्स और पराठे के साथ भी दे सकते हैं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल