1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. क्या कभी खाए है पालक पनीर के पराठे, प्रोटीन और आयरन से हैं भरपूर, जानिए बनाने का आसान तरीका

क्या कभी खाए है पालक पनीर के पराठे, प्रोटीन और आयरन से हैं भरपूर, जानिए बनाने का आसान तरीका

 Written By: Bharti Singh
 Published : Dec 02, 2024 08:35 am IST,  Updated : Dec 02, 2024 09:02 am IST

Palak Paneer Paratha Recipe: सर्दियों में सबकी पसंद होते हैं पराठे। नाश्ते में लोग तरह तरह के पराठे बनाकर खाते हैं। आज हम आपको पालक पनीर के पराठे बनाना बता रहे हैं। जो न सिर्फ दिखने में सुंदर लगते हैं बल्कि खाने में बहुत ही स्वादिष्ट और पौष्टिक होते हैं। जानिए कैसे बनाते हैं पालक और पनीर के पराठे।

पालक और पनीर के पराठे- India TV Hindi
पालक और पनीर के पराठे Image Source : SOCIAL

ठंड में गर्मागरम पराठे, मक्खन और चाय खाने को मिल जाए तो मजा आ जाता है। सुबह नाश्ते में पराठे खाने का मजा ही कुछ और है। मैदा वाली चीजें खाने से बेहतर है कि आप नाश्ते में सब्जियों और आटे से बने पराठे खाएं। आज हम आपको प्रोटीन और आयरन से भरपूर पालक पनीर के पराठे बनाना बता रहे हैं। अब आप सोच रहे होंगे कि पालक पनीर के पराठे कैसे बन सकते हैं। हरे रंग के पराठे के अंदर सफेद रंग की स्टफिंग और इन पराठों का स्वाद लाजवाब होता है। ये सुपर हेल्दी पराठे बच्चों को भी खूब पसंद आएंगे। आप बच्चों के टिफिन में ये पराठे बनाकर रख सकते हैं। जानिए कैसे बनाएं पालक और पनीर के पराठे?

पालक पनीर के पराठे की रेसिपी

पहला स्टेप- सबसे पहले पालक को साफ करके हल्का उबाल लें। अब पालक का पानी हटाकर मिक्सी में डालकर पीस लें। इस पालक को आटा लगाने वाले बर्तन में डालें और इसमें आटा डालकर मिक्स करते जाएं। आपको पराठे के लिए पालक वाला आटा तैयार करना है। पराठे के लिए आटे में हल्का नमक और पिसी हुई अजवाइन भी मिला सकते हैं। जिन्हें अजवाइन का स्वाद पसंद नहीं आता वो पिसा हुआ जीरा मिक्स कर लें। इससे पराठे ज्यादा टेस्टी और अच्छे बनते हैं।

दूसरा स्टेप- अब पनीर की स्टफिंग तैयार कर लें। पनीर को मैश कर लें। इसमें बारीक कटा हरा धनिया, हरी मिर्च मिलाएं। आप चाहें तो पनीर में 1 बारीक कटा प्याज भी मिक्स कर सकते हैं। अब नमक, धनिया पाउडर, गरम मसाला, लाल मिर्च पाउडर स्वादानुसार मिला लें। अब पालक वाले आटे से एक लोई तोड़ें और उसे बेलकर हल्का बड़ा कर लें। इसमें पनीर की स्टफिंग भरें और अपनी पसंद के हिसाब से गोल या चौकोर पराठे बेल लें। इसी तरह सारे पराठे बेलते जाएं और इन्हें ऑयल लगाकर सेंक लें।

तीसरा स्टेप- अगर आप सिर्फ बटर से पराठे खाना चाहते हैं तो बिना ऑयल के पराठे को तवे पर ही सेंक लें। अब पराठे के ऊपर सफेद वाला मक्खन लगाएं और गर्मागरम पराठे का मजा लें। ये पराठा बहुत ही हेल्दी और स्वादिष्ट बनेगा। आप इसे बच्चों को जरूर खिलाएं। पनीर की जगह इस पराठे में आप कोई भी दूसरी स्टफिंग भर सकते हैं। आप चाहें तो इसमें गोभी, मूली या फिर आलू भरकर पराठा बना सकते हैं। हरे आटे से बने ये पराठे बेहद पौष्टिक होते हैं। इनसे भरपूर विटामिन, मिनरल और प्रोटीन मिलता है।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल