1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. मकर संक्रांति पर बनाएं 3 तरह की खिचड़ी, चटकारे लेकर खाएंगे घरवाले, बिना झंझट के तैयार होने वाली रेसिपी

मकर संक्रांति पर बनाएं 3 तरह की खिचड़ी, चटकारे लेकर खाएंगे घरवाले, बिना झंझट के तैयार होने वाली रेसिपी

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Jan 14, 2025 10:30 am IST,  Updated : Jan 14, 2025 10:32 am IST

Makar Sankranti Special Khichdi Recipe: मकर संक्रांति पर खिचड़ी बनाकर खाते हैं और खिचड़ी का दान भी किया जाता है। आज हम आपको 1-2 नहीं बल्कि 3 तरह की खिचड़ी बनाने की रेसिपी बता रहे हैं। अपनी पसंद की कोई भी खिचड़ी बनाकर आप खा सकते हैं।

मकर संक्रांति खिचड़ी रेसिपी- India TV Hindi
मकर संक्रांति खिचड़ी रेसिपी Image Source : SOCIAL

खिचड़ी के बिना मकर संक्रांति का त्योहार अधूरा माना जाता है। इस दिन लोग खिचड़ी बनाकर खाते हैं और खिचड़ी का दान भी किया जाता है। वैसे तो संक्रांति पर उड़द की दाल और चावल का महत्व होता है, लेकिन जिन लोगों को उड़द की दाल की खिचड़ी पसंद नहीं होती है वो अलग-अलग तरह की दालों से खिचड़ी बनाकर खा सकते हैं। आज हम आपको तीन तरह की स्वादिष्ट खिचड़ी बनाने का तरीका बता रहे हैं। आपको जो भी पसंद हो बनाकर खा सकते हैं।

उड़द की दाल की खिचड़ी रेसिपी

मकर संक्रांति पर ज्यादातर घरों में उड़द की दाल की खिचड़ी बनाई जाती है। इसके लिए 1 कप चावल और 1 कप उड़द की दाल को भिगो दें। अब कुकर में देसी घी डालें। इसमें हींग और जीरा डालकर चटकाएं। अब घी में कुटा हुआ अदरक और लहसुन मिला दें। इसके बाद साबुत खड़ी लाल मिर्च को तोड़कर डाल दें। अब सारी चीजों को मिला लें और इसमें नमक और 1 चुटकी हल्दी डाल दें। चावल के हिसाब से पानी डाल दें और आधा चम्मच गरम मसाला डाल दें। कुकर बंद करके 3-4 सीटी आने तक पकाएं। ऊपर से हरा धनिया और देसी घी डालकर खिचड़ी सर्व करें।

अरहर की दाल की खिचड़ी रेसिपी

अरहर की दाल की खिचड़ी लोगों को खूब पसंद आती है। इसके लिए अरहर की दाल और चावल को पानी में भिगो दें। गैस पर कुकर में दाल चावल डालकर चढ़ा दें। इसमें नमक और हल्दी डाल दें। दाल चावल में 3 सीटी आने तक पकाएं। तड़का के लिए 1 बड़ा प्याज, 1 बड़ा टमाटर, थोड़ा अदरक लहसुन कुटा हुआ, 1 हरी मिर्च और हरा धनिया काट लें। पैन में घी गर्म करें इसमें हींग और जीरा डाल दें। अब अदरक लहसुन, फिर हरी मिर्च और प्याज डालकर भूनें। अब इसमें टमाटर डालकर पकाएं। इस तड़के को खिचड़ी में में मिला दें। ऊपर से हरा धनिया डाल दें और घी डालकर सर्व करें।

बाजरा की खिचड़ी की रेसिपी

संक्रांति पर लोग बाजरा की खिचड़ी बनाकर भी खाते हैं। बाजरा की खिचड़ी शरीर को गर्म रखती है। इसके लिए बाजरा को 6-7 घंटे के लिए पानी में भिगो दें। पानी से निकालने के बाद मिक्सी में एक बार घुमा दें। कुकर में बाजरा, मूंग दाल, चावल और नमक हल्दी डालकर गैस पर चढ़ा दें। कुकर में 2 कप पानी डाल दें और 4 सीटी आने तक पकाएं। तड़का के लिए पैन में घी गर्म करें। इसमें हींग, जीरा डालें। इसमें कटी हरी मिर्च डालकर तड़का बनाएं और उसे खिचड़ी के ऊपर डालकर सर्व करें।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल